गणेश चतुर्थी के मौके पर सदर ब्लॉक के वाल्टरगंज में भक्तिमय माहौल है। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम शुरू किए। सोमवार शाम से ही पूजा पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार और आरती के साथ भगवान गणेश का आह्वान किया गया। इसके बाद से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। प्रतिदिन सुबह-शाम होने वाली आरती में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिलाएं और बच्चे शामिल होकर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। भक्ति भजनों और जय श्री गणेश के जयकारों से पूरा वाल्टरगंज भक्तिमय हो उठा है। आयोजन समिति के सदस्य संतोष कुमार वर्मा, ध्रुव गुप्ता, श्याम सोनी, अमन अग्रहरि, अमरजीत पटवा, अभिनाश अग्रहरि, आकाश अग्रहरि और वैभव ने बताया कि गणेश उत्सव को लेकर युवाओं और ग्रामीणों में काफी उत्साह है। पूजा पंडाल को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया है। उत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम को धार्मिक कार्यक्रम किए जा रहे हैं। उत्सव के समापन पर भगवान गणेश की प्रतिमा की शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली जाएगी। इसके बाद बक्सई घाट पर प्रतिमा विसर्जित की जाएगी।
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ वाल्टरगंज में गणेश प्रतिमा स्थापित:श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, बक्सई घाट पर होगा...




















