मुंडेरवा थाना क्षेत्र में जालसाजों ने एटीएम कार्ड बदलकर महिला के खाते से 23 हजार रुपए निकाल लिए। घटना रविवार को पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पर हुई। पीड़ित इंद्रावती ने सोमवार को मुंडेरवा पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है। रुधौली थाना क्षेत्र के छपिया शिवबरन निवासी राजकुमार की पत्नी इंद्रावती इन दिनों मुंडेरवा नगर पंचायत के जगदीशपुर गांव स्थित मायके आई थीं। रविवार को पैसों की जरूरत पड़ने पर उन्होंने अपनी बहन मीनाक्षी को एटीएम कार्ड देकर रुपए निकालने भेजा था। मीनाक्षी हेडिल के सामने स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पर पहुंचीं और वहां से 2 हजार रुपए निकाले। इसी दौरान एटीएम में दो युवक पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने मदद करने के बहाने मीनाक्षी का एटीएम कार्ड बदल लिया। मीनाक्षी बदला हुआ कार्ड लेकर घर लौट आईं। शाम करीब सवा छह बजे मोबाइल पर खाते से 23 हजार रुपए निकाले जाने का मैसेज आया। मैसेज देखते ही परिवार को एटीएम कार्ड बदलकर ठगी किए जाने का शक हुआ। इसके बाद सोमवार को मुंडेरवा थाने में शिकायत दी गई। मुंडेरवा थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय ने बताया कि सोमवार को शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। बैंक से सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



















