कोतवाली थाना क्षेत्र के जंगल फरजनदली (जंगल गुर्दी) चौराहे पर चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाया। ताला तोड़कर दुकान में घुसे चोर करीब 25 हजार रुपए नकद, इनवर्टर-बैटरी, सीसीटीवी कैमरा और किराना सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों में बताई जा रही है। दुकानदार चंद्रभान पुत्र राघव ने पुलिस को बताया कि वह जंगल फरजनदली के रहने वाले हैं और चौराहे पर किराना की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। रोज की तरह सोमवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। काउंटर में रखे करीब 25 हजार रुपए, इनवर्टर और बैटरी गायब थे। दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया गया था। इसके अलावा बिस्कुट, नमकीन, तेल, सर्फ समेत अन्य किराना सामान भी चोर उठा ले गए। घटना की सूचना डायल-112 पर पुलिस को दी गई। दुकानदार के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहा है। उसने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। इससे आशंका है कि चोरों ने वारदात से पहले दुकान की रेकी की थी। चंद्रभान ने पुलिस से मौके पर पहुंचकर जांच करने और एफआईआर दर्ज कर चोरों का पता लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि किराना दुकान ही परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है। चोरी के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कलेक्ट्रेट चौकी प्रभारी अजय कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित की लिखित शिकायत मिली है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।



















