Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ श्रावस्ती में भाकियू टिकैत का किसानों की समस्याओं पर प्रदर्शन:गाइड बांध, जर्जर...

श्रावस्ती में भाकियू टिकैत का किसानों की समस्याओं पर प्रदर्शन:गाइड बांध, जर्जर सड़क, बिजली, धान-गेहूं क्रय केंद्र की मांग, एसडीएम को ज्ञापन सौंपा

श्रावस्ती में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की मासिक बैठक मंगलवार को करीब 1 बजे तहसील जमुनहा में हुई। बैठक में क्षेत्र के किसानों की कई समस्याओं पर बात हुई। इसके बाद जिलाध्यक्ष अजय कुमार चौधरी के निर्देशन और तहसील अध्यक्ष जमुना प्रसाद विश्वकर्मा की अगुवाई में किसानों ने एसडीएम जमुनहा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने समस्याओं को जल्द हल करने की मांग की। ज्ञापन में किसानों ने राप्ती बैराज से लौकिहा, वीरपुर, शिकारी और मधवापुर घाट तक गाइड बांध बनाने की मांग खास तौर पर उठाई। किसानों का कहना है कि इससे राप्ती नदी से होने वाली दिक्कतों से बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा मल्हीपुर चौराहे से मधवापुर घाट तक खराब हो चुकी सड़क को जल्द बनाने की मांग भी की गई।
किसानों ने साधन सहकारी समिति शिकारी चौड़ा और मल्हीपुर में धान और गेहूं खरीद के लिए क्रय केंद्र तुरंत शुरू करने की मांग भी रखी। साथ ही, खराब सहकारी समिति भवन के लिए जमीन को खतौनी में दर्ज करने की मांग की गई। बिजली को लेकर भी किसानों ने अफसरों का ध्यान दिलाया। उन्होंने शिकारी चौड़ा में खराब ट्रांसफार्मर को ठीक कराने और कथरा माफी (हसनापुर) में चार महीने पहले बिजली के खंभे और तार लगने के बावजूद सप्लाई शुरू न होने की समस्या को तुरंत हल करने की मांग की। तहसील अध्यक्ष जमुना प्रसाद विश्वकर्मा ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर पहले भी ज्ञापन दिया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।अगर किसानों की समस्याओं का जल्द हल नहीं हुआ, तो भारतीय किसान यूनियन आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here