UP: सहारनपुर जिला महिला अस्पताल से आज नवजात शिशु चोरी हो गया। बच्चे को टीका लगवाने के लिए ऑपरेशन थियेटर के पास पहुंचे पिता से एक महिला ने बच्चा ले लिया। महिला ने टीका लगवाने की बात कहकर नवजात को अपनी गोद में लिया और पिता को टीके का कार्ड लेने के लिए भेज दिया। पिता जब कार्ड लेकर वापस लौटा तो महिला और उसका नवजात बेटा दोनों गायब थे। अस्पताल में तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जानिए क्या है पूरा मामला?
सीसीटीवी फुटेज में सफेद कपड़े पहने एक महिला नवजात को गोद में लेकर अस्पताल से बाहर जाती दिखाई दी है। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखपुरा कदीम निवासी नाजिम ने अपनी पत्नी शबाना को रविवार को प्रसव के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे शबाना ने बेटे को जन्म दिया। सोमवार दोपहर नाजिम नवजात को टीका लगवाने के लिए ऑपरेशन थियेटर के पास पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक महिला ने उससे बातचीत की। महिला ने बच्चे को टीका लगवाने की बात कहते हुए उसे अपनी गोद में ले लिया। इसके बाद उसने नाजिम को टीके का कार्ड लेने के लिए भेज दिया। नाजिम कार्ड लेकर वापस लौटा तो महिला नवजात को लेकर वहां से गायब हो चुकी थी। उसने अस्पताल परिसर में महिला और बच्चे की तलाश की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला।
इसके बाद अस्पताल प्रशासन को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही जनकपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सफेद कपड़े पहने एक महिला नवजात को गोद में लेकर अस्पताल से बाहर की ओर जाती दिखाई दी है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर महिला की पहचान और नवजात की तलाश में जुटी है।
The post UP: सहारनपुर महिला अस्पताल से नवजात चोरी, टीका लगवाने के बहाने महिला बच्चे को लेकर फरार, CCTV में कैद हुई तस्वीर appeared first on Breaking Tube.
















































