Home उत्तर प्रदेश संगठित व जागरूक हिन्दू समाज ही राष्ट्रीय चुनौतियों का कर सकता है...

संगठित व जागरूक हिन्दू समाज ही राष्ट्रीय चुनौतियों का कर सकता है सामना : गजेंद्र

0
2

कानपुर। संगठित और जागरूक हिन्दू समाज ही सामाजिक एवं राष्ट्रीय चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकता है। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) समाज के बीच सेवा, सामाजिक कार्य और जागरूकता के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है। हिन्दू जनसंख्या असंतुलन जैसे विषयों पर समाज को जागरूक करने के साथ संगठन को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। यह बातें रविवार को विहिप के लखनऊ क्षेत्र के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र ने कहीं। विहिप के श्री गंगा नगर, कानपुर उत्तर के एनआरआई खंड में संगठन का 62वां स्थापना दिवस समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नगर के दायित्वधारी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय हिन्दू समाज के लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र और विभागाध्यक्ष नरेश माहेश्वरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद आचार पद्धति संपन्न हुई। श्रीमती संगीता चौहान के नेतृत्व में सामूहिक वंदे मातरम् गायन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ उद्यमी एवं समाजसेवी प्रेम त्रिपाठी ने की। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी जरूरी है। मुख्य वक्ता गजेंद्र ने विश्व हिन्दू परिषद की स्थापना की पृष्ठभूमि, संगठन की कार्यपद्धति और विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे सेवा एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने संगठन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए हिन्दू जनसंख्या असंतुलन जैसे विषयों पर समाज को जागरूक किया और संगठित हिन्दू समाज की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य अतिथि डॉ. ईरा मिश्रा ने संगठन की आवश्यकता, समाज के प्रति दायित्व और राष्ट्र निर्माण में संगठित समाज की भूमिका पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के समापन पर प्रखंड अध्यक्ष मनीष माहेश्वरी ने अतिथियों, कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों का आभार जताया। इसके बाद पूर्णता मंत्र और जयघोष के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष नरेश माहेश्वरी, विभाग संगठन मंत्री मनीष, जिला अध्यक्ष एसके गुप्ता, जिला मंत्री युवराज द्विवेदी, जिला सह मंत्री अनुराग श्रीवास्तव, नगर संयोजक अंकित गौड़, प्रखंड अध्यक्ष मनीष माहेश्वरी, प्रखंड उपाध्यक्ष अटल, प्रखंड मंत्री संतोष कुमार टंडन, विवेक, सतीश सहित विभिन्न दायित्वधारी कार्यकर्ता और एनआरआई खंड के निवासी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here