
बलरामपुर पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को भगाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह गिरफ्तारी ललिया थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई की गई। ललिया थाना क्षेत्र की एक निवासी ने 13 अगस्त 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि हैदर अली पुत्र रज्जू अली निवासी ग्राम गाजीपुर, थाना इकौना, जनपद श्रावस्ती ने उनकी पुत्री को परेशान किया, मारपीट की और घर से निकाल दिया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि हैदर अली ने अपने साथी अनीश (पुत्र अज्ञात) के साथ मिलकर उनकी लगभग 16 वर्षीय दूसरी बेटी को भगा लिया था। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी ललिया देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक ललिया मृत्युन्जय सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने आरोपी हैदर अली को गिरफ्तार किया। इस मामले में थाना ललिया में मु0अ0सं0 101/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 5एल/6 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अपहृत नाबालिग लड़की को भी सकुशल बरामद कर लिया है। बरामद की गई नाबालिग लड़की को महिला पुलिस की सुपुर्दगी में देकर आगे की कानूनी प्रक्रिया और सहायता के लिए वन स्टॉप सेंटर, बलरामपुर भेजा गया है। आरोपी हैदर अली पुत्र रज्जू अली, ग्राम गाजीपुर, थाना इकौना, जनपद श्रावस्ती का निवासी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मूलचन्द, कांस्टेबल धीरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल आशीष कुमार, कांस्टेबल राजन सिंह और महिला कांस्टेबल ज्योति शामिल थीं।































