नगालैंड, त्रिपुरा और ओडिशा में खुले विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय; सरकार ने जारी की अधिसूचना

0
0

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र ने कोहिमा (नगालैंड), अगरतला (त्रिपुरा) और भुवनेश्वर (ओडिशा) में तीन नए विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) अधिसूचित किए हैं। इसके साथ ही देश में ऐसे कार्यालयों की कुल संख्या 20 हो गई है।

एफआरआरओ कार्यालय नेटवर्क के विस्तार का दोहरा उद्देश्य है- विदेशियों की भारत में वैध यात्रा व प्रवास को सुविधाजनक बनाना और आव्रजन कानूनों व सुरक्षा आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से लागू करना।

पर्यटन, चिकित्सा और शिक्षा के लिए भारत आने वाले विदेशियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अधिकारियों को हर राज्य की राजधानी में एक एफआरआरओ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। इसके बाद 2025 से जयपुर, चंडीगढ़, आइजल (मिजोरम), अमरावती (आंध्र प्रदेश) और गुवाहाटी में पांच नए एफआरआरओ काम करना शुरू कर चुके हैं।

सरकारी बयान के अनुसार, हाल ही में कोहिमा (नगालैंड), अगरतला (त्रिपुरा) और भुवनेश्वर (ओडिशा) में तीन नए एफआरआरओ कार्यालय अधिसूचित किए गए हैं। पहले कोहिमा व अगरतला, एफआरआरओ कोलकाता के अधिकार क्षेत्र में थे; जबकि भुवनेश्वर, एफआरआरओ हैदराबाद के अधिकार क्षेत्र में था।

सरकार बिहार, गोवा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और मेघालय सहित बाकी राज्यों में एफआरआरओ नेटवर्क के और विस्तार पर विचार कर रही है।

देश में एफआरआरओ कार्यालय अब अहमदाबाद, अमरावती, अमृतसर, आइजल, अगरतला, बेंगलुरु, भुवनेश्वर, कालीकट, चेन्नई, कोच्चि, चंडीगढ़, दिल्ली, गुवाहाटी, हैदराबाद, कोलकाता, कोहिमा, कोझिकोड, लखनऊ, मुंबई और तिरुअनंतपुरम में स्थित हैं।

यह भी पढ़ें: बिना अनुमति धर्म प्रचार पर ओसीआइ कार्ड रहेगा रद, मद्रास हाईकोर्ट ने बरकरार रखा आदेश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here