केरलम: इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर बुलाया था बाहर, अगले ही दिन बोरे में मिला 17 वर्षीय किशोर का शव

0
0

डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। केरलम के तिरुवनंतपुरम में रविवार दोपहर घर से निकले 17 वर्षीय अभिराम का शव अगले दिन एक सुनसान प्लॉट में बोरे में बंद मिला। अभिराम ने घर से निकलते समय परिवार को बताया था कि उसके किसी दोस्त का फोन आया है।

देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा और फोन बंद आने लगा, तो घरवालों ने श्रीकार्यम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद शव बरामद कर लिया है।

इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर बुलाया

पुलिस जांच में सामने आया है कि अभिराम को इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर पंगप्पारा इलाके में बुलाया गया था, जहां से बाद में उसका शव मिला। इस मामले में पुलिस ने 17 और 19 वर्ष के दो किशोरों को हिरासत में लिया है।

पुलिस उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में किसकी क्या भूमिका थी। क्या शव को छिपाने में किसी अन्य व्यक्ति ने भी मदद की थी।

गला घोंटकर की गई हत्या

पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, हत्या की वजह एक लड़की के साथ अभिराम की दोस्ती से जुड़ा विवाद हो सकता है। प्राथमिक जांच से पता चला है कि पहले उसका गला घोंटा गया और फिर पहचान छिपाने व सबूत मिटाने के लिए शव को एक बोरे में भरकर सुनसान जगह पर फेंक दिया गया।

मृतक के पिता के अनुसार, अभिराम 1 नवंबर की दोपहर करीब 3 बजे घर से निकला था। शाम को फोन करने पर उसने जल्द घर लौटने की बात कही थी, लेकिन कुछ घंटों बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here