
मोहनलालगंज, लखनऊ। निगोहां क्षेत्र के मदारी खेड़ा गांव में सैकड़ों वर्ष पुराना पुल जर्जर और संकरा होने से ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। यह पुल मदारी खेड़ा को रघुनाथ खेड़ा से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। पुल की हालत बेहद खराब होने से बारिश के दिनों में खतरा और बढ़ जाता है। स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। पूर्व प्रधान गुलाम गौस उर्फ लाडले समेत गांव के गुलजार, हज़रत, बउवा,सफात, गुलजार सहित दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि पुल की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए कई बार पीडब्ल्यूडी और ब्लॉक प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों ने पुराने जर्जर पुल को हटाकर चौड़े और मजबूत नए पुल का निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।


























