
बलरामपुर के ग्राम पंचायत कलवारी में सोमवार को ‘विकास आपके द्वार’ अभियान के तहत जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली और पात्र लाभार्थियों ने लाभ लेने के लिए आवेदन एवं पंजीकरण भी कराया। शिविर में आधार नामांकन एवं संशोधन, वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, नए राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन एवं पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। ग्राम पंचायत सचिव संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि ‘विकास आपके द्वार’ अभियान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रत्येक ग्राम पंचायत में जनकल्याण शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। अभियान के तहत ग्राम पंचायत के विभिन्न मजरों में प्रचार-प्रसार वाहन के माध्यम से ग्रामीणों को शिविर की जानकारी देकर जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं की सुविधाएं उपलब्ध होने पर संतोष व्यक्त किया। ग्राम प्रधान (प्रशासक) जुग्गा लाल ने शिविर से पूर्व गांव के विभिन्न मोहल्लों एवं मजरों का भ्रमण कर ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सचिव संजीव श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान (प्रशासक) जुग्गा लाल, पंचायत सहायक प्रमोद कुमार वर्मा, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह, ग्राम रोजगार सेवक महेंद्र कुमार, इजरायल, रामकुमार, कनपुरिया, रक्षाराम, बच्चा राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



























