
ललिया थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में सोमवार सुबह करीब पांच बजे एक तेंदुए ने मन्नू पासवान की बछिया पर हमला कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ बछिया को छोड़कर भाग गया, लेकिन बछिया गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और तेंदुए को पकड़ने की मांग की। प्रदर्शन में राजेश, मनोज, छोटकउ, ओमप्रकाश, सहजाराम, ननके, संतराम, राजू, अलखराम और छोटकू जैसे कई ग्रामीण शामिल थे। इससे पहले शनिवार को पश्चिमी कपौवा गांव में भी तेंदुआ देखा गया था। उदयराज पाल के खपरैल मकान पर बैठे तेंदुए को ग्रामीणों ने खदेड़ा, जिसके बाद वह गन्ने के खेत में चला गया। इसी दौरान तेंदुआ बच्चा राम पाल के बाड़े से एक भेड़ उठा ले गया, जिसके अवशेष बाद में झाड़ियों में मिले। पूर्व प्रधान राजेश यादव ने बताया कि पिछले करीब 10 दिनों से तेंदुए की गतिविधियां बढ़ी हैं। वह छितौनी, कपौवा, परसा, करमैती और रमनगरा सहित आसपास के कई गांवों में पालतू पशुओं को निशाना बना चुका है। इससे ग्रामीणों और पशुपालकों में दहशत का माहौल है। उन्होंने तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की। बनकटवा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी शत्रुहन लाल ने बताया कि तेंदुआ दिखाई देने की सूचना पर एक टीम को मौके पर भेजकर निगरानी कराई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




























