
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से शुरु करके 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्य करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षो के सार्वजनिक जीवन को समर्पित इस अभियान का उद्देश्य उनके सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्तराज्य मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में आयोजित कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी तथा अभियान के जिला संयोजक व सहसंयोजक उपस्थित रहे। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी विशेषता सत्ता नहीं, बल्कि सेवा, संकल्प और परिणाम की राजनीति रही है। जब संकल्प सेवा का होता है तो समय केवल कार्यकाल नहीं गिनता, बल्कि उसके परिणामों से इतिहास बनता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की विशेषता यह है कि दशकों से लंबित कार्यों को दृढ़ इच्छाशक्ति और स्पष्ट संकल्प के साथ पूरा किया गया। । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली केवल योजनाएं बनाने की नहीं, बल्कि उन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की है। देश में डिजिटल भुगतान और यूपीआई जैसी व्यवस्थाओं ने आम नागरिक के जीवन को सरल बनाया है। आज करोड़ों असंगठित श्रमिकों को सरकारी योजनाओं और व्यवस्थाओं से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य भी मोदी सरकार के नेतृत्व में हुआ है। कोविड काल में वैक्सीन जैसी उपलब्धियों ने यह सिद्ध किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा है। राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रति देश की कृतज्ञता और उनके नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को देश का कार्यकर्ता और नागरिक सबसे बड़ा उपहार अपना आशीर्वाद और विश्वास ही दे सकता है। उत्तर प्रदेश के लगभग 1.77 लाख बूथों पर पार्टी कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं और लाभार्थियों की व्यापक भागीदारी से यह कार्यक्रम जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर सकता है। उन्होंने बूथ समितियों और पन्ना प्रमुखों से इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री ईरानी ने कहा कि अभियान के अंतर्गत ‘सपनों का भारत’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें सरकारी एवं निजी विद्यालयों में विकसित भारत के संकल्प को लेकर विभिन्न गतिविधियां और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी । उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के मध्य योजनापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप, स्थानीय प्रचार माध्यमों, रचनात्मक सामग्री और इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से अभियान को व्यापक जनसंपर्क से जोड़ने का भी आह्वान किया। स्मृति ईरानी ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश में ‘सेवा से संकल्प अभियान’ केवल सफल ही नहीं होगा, बल्कि संगठनात्मक दृष्टि से एक नया इतिहास रचेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संदेश को हर बूथ और हर घर तक पहुंचाएं तथा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाएं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा यात्रा, सुशासन और परिवर्तन के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि आगामी दिनों में जिला स्तर पर भी कार्यशालायें आयोजित की जाएंगी। 17 सितम्बर से अभियान प्रारम्भ होगा। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए मंडल, शक्तिकेन्द्र तथा बूथ केन्द्रित कार्ययोजना तैयार करनी होगी। धर्मपाल सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पहला कार्यक्रम ‘‘आशीर्वाद का दिया‘‘ है, जिसके माध्यम से हमारा उद्देश्य है कि हम सभी लाभार्थियों तक पहुंचे। सभी लाभार्थियों के घर पर आशीर्वाद का दिया जले।
























