
लखनऊ। 69 हजार शिक्षक भर्ती मामले को लेकर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने सोमवार को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मंत्री ने आश्वासन दिया है कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा इस मामले में आठ सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। इसीलिए यह अभ्यार्थी इन दिनों किसी न किसी मंत्री एवं नेता के घर पर दस्तक दे रहे हैं। मुलाकात के बाद यशवंत कुमार ने बताया कि मंत्री ने तो आश्वासन दिया है कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा लेकिन अधिकारियों का रवैया ठीक नहीं है। अधिकारी कहते कुछ है और करते कुछ है। अधिकारी हम अभ्यर्थियों को ही नहीं बल्कि मंत्री को भी पढ़ा रहे हैं । आगामी तिथि पर होने वाली सुनवाई के दौरान सरकार के अधिवक्ता कोर्ट में समय से उपस्थित होकर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के हितों का ध्यान रखते हुए पक्ष रखे। जिससे हजारों वंचित आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके।
























