
अलवर। जिले के लक्ष्मणगढ कस्बे के बुटोली गाँव में सोमवार शाम को एक बच्चा हादसे का शिकार हो गया। बच्चा करीब तीन साै फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। वह लगभग 48 फीट की गहराई पर फंस गया। आठ साल के भानू गुर्जर को राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) टीम ने मौके पर ऑपरेशन चला कर देर रात करीब ग्यारह बजे सफल रेस्क्यू किया। बोरवेल के अंदर से जब बच्चे की आवाज आने लगी तो रेस्क्यू टीम ने कैमरा और रस्सा बोरवेल में डाला। इसके बाद रस्से की मदद से बच्चे को बाहर निकाल लिया। इससे पहले एसडीआरएफ ने एक एक्सपर्ट को बोरवेल में उल्टा लटकाकर नीचे भेजा था, लेकिन वो बच्चे तक नहीं पहुंच सका था।ग्रामीणों ने बताया कि शाम करीब छह बजे भानू कटी पतंग लूटने के लिए दौड़ रहा था, बोरवेल खुला होने के कारण उसमें गिर गया।हादसे की सूचना मिलने के बाद वन पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा लगातार मॉनिटिरिंग कर रहे थे। विधायक सुखवंत सिंह और जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से लगातार फीडबैक ले रहे थे।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गए। रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ की टीम के दस जवान जुटे। तीन जेसीबी से बोरवेल के समानांतर गड्ढा खोदा गया, लेकिन पाइप धंसने के खतरे के कारण खुदाई रोकनी पड़ी। बोरवेल में ऑक्सीजन पाइप डालकर बच्चे को सांस लेने की व्यवस्था की गई। बच्चा इस दौरान रेस्पांस करता नजर आया था। बोरवेल के अंदर से जब बच्चे की आवाज आने लगी तो रेस्क्यू टीम ने कैमरा और रस्सा बोरवेल में डाला। इसके बाद रस्से की मदद से बच्चे को बाहर निकाल लिया। करीब पांच घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। बच्चे को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
























