गोरखपुर नरकटियागंज रेलखंड पर सोमवार को सिसवा और खड्डा स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर एक 65 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। शव मिलने की सूचना पर कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और उसे ट्रैक से हटाकर किनारे कराया। मृतक की पहचान सबया टोला बरगदही निवासी मोती मुसहर पुत्र सुन्नर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6:58 बजे सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक को जननायक एक्सप्रेस (15212) के चालक ने सूचना दी। चालक ने बताया कि सिसवा बाजार और खड्डा के बीच रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ में मृतक की पहचान मोती मुसहर के रूप में हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह बहुत ज्यादा शराब पीने का आदी था। आशंका जताई गई है कि शराब के नशे में वह रेलवे ट्रैक पर जा रहा था, तभी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि पुलिस घटना के असली वजहों की भी जांच कर रही है। मौके पर कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं हुई।





















