Home लेटेस्ट न्यूज़ बहराइच में युवक टावर पर चढ़ा:भाई की मौत से आहत था, पुलिस...

बहराइच में युवक टावर पर चढ़ा:भाई की मौत से आहत था, पुलिस ने समझाकर उतारा

0
3


बहराइच के रिसिया में शनिवार दोपहर एक युवक टावर पर चढ़ गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर रिसिया थाने और चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। टावर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी पंकज सिंह (17) पुत्र ननकऊ सिंह के रूप में हुई है। पंकज ने बताया कि वह अपने भाई की मौत के मामले में पुलिस कार्रवाई न होने से आहत था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पंकज के अनुसार, दो साल पहले कस्बे का एक युवक उसके भाई को मुंबई में रोजगार के लिए ले गया था। कुछ समय बाद उसके भाई का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला था। परिजनों ने मुंबई जाकर पुलिस को तहरीर दी थी, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें सौंप दिया गया था। हालांकि, इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। घटनास्थल पर रिसिया थाना प्रभारी करूणाकर पाण्डेय, कस्बा चौकी प्रभारी सुधीर सिंह, एसआई किशन लाल, प्रभाकर राज सिंह और देवेंद्र सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। उन्होंने युवक से बातचीत कर उसे टावर से नीचे उतरने के लिए राजी किया। थाना प्रभारी करूणाकर पाण्डेय ने बताया कि युवक के भाई का शव दो साल पहले मुंबई में फंदे से लटका मिला था। उन्होंने युवक से बात कर उसे समझाया है और मुंबई पुलिस से भी संपर्क किया गया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए पत्राचार किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here