अमर श्रीवास्तव | बलरामपुर सदर(बलरामपुर), बलरामपुर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बलरामपुर के एम.एल.के. पीजी कॉलेज में बुधवार शाम उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) का शुभारंभ कार्यक्रम हुआ। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने UPCOS की शुरुआत की, जिसका लाइव प्रसारण बलरामपुर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आउटसोर्स कर्मियों ने देखा और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।
इस कार्यक्रम में बलरामपुर सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता मौजूद रहे। इनके साथ ही कई अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मी भी उपस्थित थे।
उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का मकसद आउटसोर्स कर्मियों की भर्ती और सेवा व्यवस्था को पारदर्शी, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाना है। डिजिटल सिस्टम से भर्ती, जॉइनिंग, हाजिरी, छुट्टी प्रबंधन और शिकायतों का निपटारा प्रभावी ढंग से किया जाएगा।

इसके अलावा, समय पर वेतन, ईपीएफ और ईएसआईसी जैसी तय सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।
तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि UPCOS से आउटसोर्स एजेंसियों की मनमानी पर रोक लगेगी। इससे कर्मियों को तय वेतन और सम्मानजनक सेवा व्यवस्था मिल पाएगी। सदर विधायक पल्टूराम ने इसे आउटसोर्स कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए मुख्यमंत्री की खास सौगात बताया।

कार्यक्रम के दौरान निर्माण कामगार मृत्यु व दिव्यांगता सहायता योजना के तहत चार लाभार्थियों को मदद दी गई। अर्जुन, श्याम कला, राधिका और मुख्तार को ₹2-₹2 लाख की सहायता एफडी के जरिए मिली। साथ ही, नगर पालिका के सफाई कर्मियों को काम के दौरान सुरक्षा के लिए सुरक्षा किट भी बांटी गई।
कार्यक्रम में मौजूद आउटसोर्स कर्मियों ने UPCOS को अपने हितों की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने प्रदेश सरकार का आभार भी जताया।

































