Home लेटेस्ट न्यूज़ बलरामपुर पुलिस ने CPU से मजबूत की 'अपनोंवाली पुलिसिंग':वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों से...

बलरामपुर पुलिस ने CPU से मजबूत की 'अपनोंवाली पुलिसिंग':वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों से सीधा संवाद, समस्याओं का त्वरित समाधान

0
3


बलरामपुर पुलिस ने आमजन और पुलिस के बीच विश्वास की कड़ी मजबूत करने के उद्देश्य से कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (CPU) के माध्यम से जनसंपर्क और जागरूकता अभियान चलाया है। दिनांक 29 अगस्त 2026 को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और आमजन से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में CPU टीमों ने वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा। इस दौरान उनकी व्यक्तिगत समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना गया। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए समस्याओं के प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। इस विशेष अभियान के तहत थाना क्षेत्रों में दिव्यांगजनों की पहचान कर उनकी आवश्यकताओं का विवरण भी एकत्र किया जा रहा है। आवश्यकतानुसार, संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। इस पूरी प्रक्रिया का विवरण एक दिव्यांग रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है ताकि नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा (मिशन शक्ति), सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए नागरिकों से अपील की कि वे अपना ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाता विवरण और अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। उन्हें सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारी से उपयोग करने की भी सलाह दी गई। CPU टीमें बेसहारा बच्चों और व्यक्तियों की सहायता कर रही हैं, साथ ही विद्यालयों, वृद्धाश्रमों और अनाथालयों का भ्रमण भी कर रही हैं। विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के माध्यम से ‘पुलिस आपके साथ’ का संदेश दिया जा रहा है। बलरामपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे पुलिस के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें और अपने क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी साझा कर एक सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here