Sunday, November 15, 2026
Home Uncategorized ब्रेक फेल होने के बावजूद 463 किलोमीटर तक चली वंदे भारत ट्रेन,...

ब्रेक फेल होने के बावजूद 463 किलोमीटर तक चली वंदे भारत ट्रेन, पायलट की चेतावनी भी नजरअंदाज

0
4

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पिछले महीने एक बड़ा रेल हादसा टल गया। दरअसल अक्टूबर में एक खाली वंदे भारत ट्रेन का ब्रेकिंग सिस्टम पूरी तरह फेल होने के बावजूद वह लगभग 463 किलोमीटर तक पटरी पर दौड़ती रही।

लोको पायलटों की बार-बार चेतावनी के बावजूद कोचों के ब्रेक काम नहीं कर रहे थे। 24 अक्टूबर को हुई इस घटना में झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के झांसी तक मालगाड़ी के इंजन की मदद से खाली ‘चेयर कार’ ट्रेन को ले जाया जा रहा था।

इस गंभीर सुरक्षा चूक के बाद दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) जोन ने सुरक्षा से जुड़ी कई खामियों की जांच के आदेश दे दिए हैं, जिनसे पूरे रेलवे परिचालन पर खतरा मंडरा सकता था।

वंदे भारत ट्रेन 463 किमी बिना ब्रेक के चली

पीटीआई के अनुसार, रेलवे कर्मचारी ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम को इंजन को साथ ठीक से नहीं जोड़ पाए और उन्होंने क्रू की चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया, जिसके बाद ट्रेन को अपनी यात्रा जारी रखने दी गई।

यह घटना 11 नवंबर को असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना से कुछ दिन पहले हुई थी, जिसने रेलवे परिचालन में कथित लापरवाही को लेकर चिंताएं बढ़ा दी थीं।

लोको पायलटों की चेतावनी भी नजरअंदाज

7 नवंबर के एक आदेश में, SER जोन ने रांची के डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM) को इस घटना की जांच करने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने का निर्देश दिया। आदेश के अनुसार, हटिया से रवाना होने के बाद लोको पायलट ने ‘ब्रेक पावर टेस्ट’ किया और पाया कि ब्रेकिंग सिस्टम बहुत ही खराब स्थिति में था।

रांची पहुंचने पर उन्होंने रेलवे अधिकारियों को एक लिखित शिकायत दी, लेकिन ट्रेन को आगे जाने दिया गया। मुरी स्टेशन से ट्रेन को आगे ले जा रहे एक दूसरे लोको पायलट ने भी संबंधित कंट्रोलरों को सूचित किया कि ब्रेक पाइप (BP) का प्रेशर कम करके ब्रेक नहीं लगाए जा पा रहे हैं।

दक्षिण पूर्व रेलवे ने दिए जांच के आदेश 

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में जब ट्रेन दीन दयाल उपाध्याय (DDU) स्टेशन पहुंची, तब अधिकारियों ने रेक की जांच की। उन्होंने पाया कि सभी कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम को अलग (आइसोलेट) कर दिया गया था, जिससे वे काम नहीं कर रहे थे।

शुरुआती जांच में कोच और वैगन मेंटेनेंस स्टाफ, सेक्शन और ट्रैक्शन कंट्रोलर्स और ट्रेन क्रू की लापरवाही सामने आई है। जांच में पता चला कि मेंटेनेंस स्टाफ ट्रेन रवाना होने से पहले ब्रेकों की भौतिक जांच करने में विफल रहा, जबकि क्रू का वंदे भारत के ब्रेकिंग सिस्टम से अनजान होना भी इस चूक का एक कारण बना।

About The Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here