डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस ने 26 नवंबर के दिन को प्रस्तावित ‘चलो दिल्ली’ कार्यक्रम फिलहाल टाल दिया है। संचार एजेंसी ANI के अनुसार पार्टी 26 नवंबर को सभी राज्यों की राजधानियों में ‘संविधान रक्षा मार्च’ आयोजित करेगी।
यह कदम तब उठाया गया है, जब INDIA गठबंधन ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली की थी। इस रैली का मकसद मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और चुनाव आयोग की ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) प्रक्रिया का विरोध करना था।
कौन-कौन से बड़े नेता मौजूद?
यह मार्च मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से शुरू होकर रामलीला मैदान की ओर बढ़ा था। यह SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ विपक्ष के देशव्यापी अभियान का हिस्सा था। इससे पहले, 31 अक्टूबर को राजधानी में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक सार्वजनिक ‘महाभियोग’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था।
इस रैली में विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल हुए, जिनमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, TMC नेता ममता बनर्जी, सांसद अभिषेक बनर्जी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, RJD नेता तेजस्वी यादव, JKNC अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, CPI नेता डी. राजा, PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव शामिल थे।
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए
सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन देश की आवाज है और इसका किसी खास राजनीतिक दल या नेता से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर लोगों की आवाज को दबाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया और कहा कि विपक्ष संविधान की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीकों से अपनी लड़ाई जारी रखेगा।
राहुल ने आगे कहा, ‘मेरी बात सुनिए। मैं जो कहता हूं, वह हमेशा सच साबित होता है, है ना? मैं भारत के हर नागरिक और हर युवा से कह रहा हूं: ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटा दिया जाएगा। ज्ञानेश कुमार जेल जाएंगे। ज्ञानेश कुमार के बिना, न तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन पाते और न ही अमित शाह गृह मंत्री बन पाते।’












