
बहराइच के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र में बीती रात एक युवक कुंवानों नदी में बने पुल से नीचे गिर गया। बेलभारिया गांव निवासी लगभग 20 वर्षीय नीरज कश्यप पुत्र रामलगन की तलाश में स्थानीय पुलिस, गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम जुटी हुई है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत तलाशी अभियान शुरू कराया। स्थानीय गोताखोरों के साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को भी बुलाया गया। एनडीआरएफ ने नदी में घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया। नदी छोटी होने के बावजूद युवक का पता लगाने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। थाना अध्यक्ष संदीप द्विवेदी ने बताया कि परिवार के सदस्यों के अनुसार, नीरज को मिर्गी की शिकायत थी। आशंका जताई जा रही है कि मिर्गी का दौरा पड़ने के कारण ही वह पुल से नदी में गिर गया होगा। हालांकि, पुलिस इस जानकारी की स्वतंत्र रूप से पुष्टि कर रही है। पुलिस मामले की जांच के साथ युवक की तलाश में लगातार जुटी हुई है।



























