Home देश PWD इंजीनियर के पास आय से 200 गुना ज्यादा संपत्ति का दावा,...

PWD इंजीनियर के पास आय से 200 गुना ज्यादा संपत्ति का दावा, EOW जांच में बड़ा खुलासा

0
0
News Desk

बालाघाट: लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन यंत्री (एग्जीक्यूटिव इंजीनियर) कमलकिशोर सिंगारे के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के गंभीर मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार तड़के करीब 6 बजे EOW जबलपुर की विशेष टीम ने अधिकारी के बालाघाट स्थित शासकीय आवास पर दबिश दी और अचानक छापेमारी कर तलाशी अभियान प्रारंभ किया।

EOW द्वारा जारी प्राथमिक विवरण के अनुसार, अब तक की जांच में लगभग 11 करोड़ रुपये से अधिक की अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ है, जो अधिकारी की ज्ञात वैध आय से करीब 200 गुना अधिक आंकी गई है। यह समन्वित कार्रवाई बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल स्थित उनके कई ठिकानों पर एक साथ संचालित की गई।

छिंदवाड़ा में करोड़ों की बेनामी अचल संपत्ति बरामद

बालाघाट में प्राथमिक जांच के उपरांत EOW की टीम कमलकिशोर सिंगारे को लेकर उनके छिंदवाड़ा स्थित निजी आवास पहुंची। वहां तलाशी के दौरान उनके तथा उनके परिजनों के नाम पर फैली विशाल संपत्ति के दस्तावेज बरामद हुए। EOW के अनुसार, छिंदवाड़ा स्थित परिसर से करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि व मकान, 7.50 लाख रुपये नकद, 1 करोड़ रुपये के विलासितापूर्ण घरेलू सामान, 52 लाख रुपये के स्वर्ण आभूषण और 1.20 लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण मिले हैं।

इसके अतिरिक्त, लगभग 49 लाख रुपये कीमत की दो चार पहिया गाड़ियां, 4 लाख रुपये मूल्य के तीन दुपहिया वाहन और करीब 1.50 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाला एक व्यावसायिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी जांच के दायरे में आया है। वहीं, बालाघाट स्थित सरकारी बंगले से ढाई लाख रुपये नकद और 25 लाख रुपये की एक लग्जरी गाड़ी जब्त की गई है।

भोपाल का बंगला, स्विमिंग पूल वाला फार्म हाउस और 12 बैंक खाते

भोपाल में स्थित उनके ठिकाने से करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य का मकान/जमीन और 3.50 लाख रुपये का सामान सूचीबद्ध किया गया है। जांच टीम को सिंगारे एवं उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर विभिन्न राष्ट्रीयकृत व निजी बैंकों में 12 सक्रिय बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिनमें जमा राशि का ब्योरा खंगाला जा रहा है।

छिंदवाड़ा स्थित उनका भव्य फार्म हाउस भी EOW की रडार पर है, जहां भूमि व आधुनिक निर्माण पर लगभग 2 करोड़ रुपये व्यय किए जाने का अनुमान है। इस फार्म हाउस की छत पर एक निजी स्विमिंग पूल भी निर्मित कराया गया है। फार्म हाउस परिसर से 8 लाख रुपये मूल्य का ट्रैक्टर, 1.50 लाख रुपये की ट्रॉली तथा 5 लाख रुपये के अन्य आधुनिक कृषि उपकरण पाए गए हैं। EOW मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here