निचलौल कोतवाली क्षेत्र के झनझनपुर-महराजगंज मुख्य मार्ग पर सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। एक युवक की हालत गंभीर है और एक अन्य का हाथ टूट गया। परसा राजा निवासी रामलखन गुप्ता का 25 वर्षीय बेटा मनी गुप्ता, गांव के अहमद (26) के साथ कंबाइन के लिए डीजल लेने बैजनाथपुर कला के पेट्रोल पंप जा रहा था। झनझनपुर स्थित सहकारी समिति से आगे उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना पर बागापार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मनी गुप्ता की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया। परिजनों ने उसे गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। अहमद का एक हाथ टूट गया है और उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। दूसरी बाइक पर सवार चौक थाना क्षेत्र के नक्सा-बक्सा निवासी 18 वर्षीय रिकेश का इलाज केएमसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उसकी हालत में सुधार बताया गया है। दूसरी बाइक के एक अन्य सवार को मामूली चोटें आई हैं। चौकी प्रभारी ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। एक बाइक पुलिस की निगरानी में है। अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
निचलौल में दो बाइकों की टक्कर में चार लोग घायल:एक की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर
BREAKING
NEWS
















