गुवाहाटी होटल गोलीकांड: जांच कर रही SIT के तीन बड़े पुलिस अधिकारियों का ट्रांसफर

0
1

डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी में 26 अक्टूबर को एक होटल में हुई गोलीबारी मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। इस घटना की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) के तीन प्रमुख पुलिस अधिकारियों का अचानक से ट्रांसफर कर दिया गया है। बता दें कि इन तीनों पुलिस अधिकारियों का ट्रांसफर असम पुलिस के सात अधिकारियों के फेरबदल का हिस्सा है। 

किन-किन अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर?

गृह और राजनीतिक विभाग द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, जिन तीन एसआईटी अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है, उनमें शामिल हैं:-

शंभवी मिश्रा (डीसीपी- सेंट्रल)– इन्हें कछार जिले के काठल स्थित छठी असम पुलिस बटालियन का कमांडेंट बनाया गया है।

विकू एल. अचूमी (अतिरिक्त डीसीपी)- इन्हें बारपेटा के हाउली स्थित 28वीं असम पुलिस बटालियन में सेकेंड-इन-कमांड नियुक्त किया गया है।

कुलेशज्योति भुइयां (इंस्पेक्टर व पलटन बाजार थाने के प्रभारी)- इन्हें असम पुलिस की बॉर्डर ब्रांच में भेज दिया गया है।

इनके अलावा चार अन्य अधिकारियों का भी तबादला किया गया है और गुवाहाटी सेंट्रल में इनकी जगह मृणाल डेका और पृथ्वीराज राजखोह को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हालांकि गृह विभाग के नोटिफिकेशन में इन तबादलों और होटल गोलीकांड की जांच के बीच सीधे तौर पर किसी संबंध का जिक्र नहीं किया गया है, लेकिन एसआईटी टीम के सदस्यों के अचानक ट्रांसफर से यह मामला चर्चा में आ गया है।

क्या था गुवाहाटी होटल गोलीकांड?

बता दें कि यह पूरी घटना 26 अक्टूबर की है, जो गुवाहाटी के जीएस रोड पर स्थित ‘होटल बिलास्सा इन’ में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात होटल की लीज और उसके प्रबंधन को लेकर हुए विवाद के बाद भड़की थी।

समझिए क्या था विवाद?

आरोपी घानाकांत गोगोई को सितंबर 2025 में 5 साल के समझौते के तहत करीब 1.8 लाख रुपये प्रति महीने के किराए पर यह होटल दिया गया था। रेनोवेशन के बाद होटल के इस्तेमाल और सुविधाओं को लेकर विवाद खड़ा हो गया था।

गौरतलब है कि इस विवाद को सुलझाने के लिए 26 अक्टूबर को एक बैठक बुलाई गई थी। बातचीत के दौरान अचानक बहस इतनी बढ़ गई कि वहां ताबड़तोड़ गोलियां चल गईं। इस दर्दनाक फायरिंग में 5 लोगों की मौत हो गई और एक ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार और आगे की जांच

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने होटल के लीजधारक और मुख्य आरोपी घानाकांत गोगोई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक लाइसेंसी .32-बोर की पिस्तौल भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल फायरिंग में किए जाने का संदेह है। अदालत ने आरोपी को पुलिस कस्टडी में भेजा था।

दूसरी ओर, पीड़ितों के परिवारों ने इस हमले को सुनियोजित बताते हुए आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस इस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here