Home उत्तर प्रदेश सिसवा में सड़क किनारे लावारिस मिला नवजात शिशु:सभासद ने गोद में उठाकर...

सिसवा में सड़क किनारे लावारिस मिला नवजात शिशु:सभासद ने गोद में उठाकर बचाई जान, अस्पताल में चल रहा इलाज

0
13


सिसवा नगरपालिका के गांधी नगर वार्ड के नारी टोला में शनिवार देर रात सड़क किनारे एक नवजात शिशु लावारिस मिला। यह बच्चा गोपाल पांडेय के घर के सामने कुत्तों के बीच मिट्टी और कीचड़ में सना पड़ा था। रात करीब दस बजे लोगों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी थी। नवजात को इस हालत में देखकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। खबर मिलने पर वार्ड सभासद शिबू मल्ल तुरंत वहां पहुंचे। उन्होंने तुरंत नवजात को अपनी गोद में उठाया और कोठीभार पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद बच्चे को तुरंत सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अधीक्षक डॉ. ईश्वरचंद्र विद्यासागर ने नवजात का इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे की हालत गंभीर थी। हालांकि, समय पर अस्पताल पहुंचने से उसकी जान बच पाई। इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने नवजात को सुरक्षित अपनी निगरानी में ले लिया है। अब उसे चाइल्ड लाइन को सौंपने की तैयारी शुरू कर दी गई है। देर रात सड़क किनारे मिले इस नवजात को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि नवजात को आबादी वाले इलाके में सड़क किनारे किसने छोड़ा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here