डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को भाजपा नेता योगेश गौड़ा की हत्या के मामले में कांग्रेस के पूर्व विधायक विनय कुलकर्णी की दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा निलंबित करने के कर्नाटक हाई कोर्ट के आदेश को रद कर दिया।
शीर्ष अदालत ने कुलकर्णी और अन्य दोषियों को दो हफ्ते के भीतर निचली अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है।जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने अपील लंबित रहने तक कई अन्य दोषियों की सजा निलंबित करने के हाई कोर्ट के आदेशों में भी हस्तक्षेप किया।
इनमें कुलकर्णी के मामा चंद्रशेखर इंदी उर्फ चंदू मामा, दिनेश एम. और जांच अधिकारी चन्नाकेशव बी. तिंगरीकर शामिल हैं।तिंगरीकर को जांच से जुड़े अपराधों के लिए अलग से दोषी ठहराया गया था।
कर्नाटक हाई कोर्ट ने निचली अदालत के उम्रकैद की सजा सुनाने के फैसले के विरुद्ध अपील पर 31 जुलाई को कुलकर्णी की दोषसिद्धि निलंबित करके अंतरिम जमानत प्रदान कर दी थी।
हाई कोर्ट ने मामले के अन्य दोषियों की सजाएं भी निलंबित कर दी थीं, जिससे वे अपनी अपीलों पर सुनवाई लंबित रहने के दौरान जेल से बाहर रह सके।
धारवाड़ ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले कुलकर्णी को बेंगलुरु की विशेष अदालत ने 15 अप्रैल, 2026 को भाजपा के जिला पंचायत सदस्य योगेश गौड़ा की हत्या के मामले में 16 अन्य लोगों के साथ दोषी ठहराया था।
इसके बाद उन्हें दोषी ठहराए जाने की तिथि से कर्नाटक विधानसभा की सदस्यता के अयोग्य घोषित कर दिया गया था। 15 जून, 2016 को धारवाड़ के एक जिम में हमलावरों के एक समूह ने गौड़ा की धारदार हथियारों से हत्या कर दी थी।मामले की जांच पहले स्थानीय पुलिस ने की थी, जिसके बाद इसे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) को सौंप दिया गया था।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

















