डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कर्नाटक के कलबुर्गी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला।
राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता और हिंसा फैलाकर सत्ता परिवर्तन करने की कोशिश कर रही है। अपने संबोधन के दौरान रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत का लोकतंत्र इतना कमजोर नहीं है कि सड़कों पर हंगामा करके सरकार बदली जा सके।
पड़ोसी देशों का दिया हवाला
राजनाथ सिंह ने दावा किया कि जब कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की सभी रणनीतियां विफल हो गईं, तो वे कहने लगे हैं कि मोदी ऐसे जाने वाले नहीं हैं, अब यहां सत्ता परिवर्तन करना होगा। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस तरह कई पड़ोसी देशों में अराजकता और खून-खराबा फैलाकर सत्ता बदली गई, क्या कांग्रेस भारत में भी वैसा ही माहौल बनाकर सरकार बनाना चाहती है?
राहुल गांधी को दी सीधी चेतावनी
इसके साथ ही राहुल गांधी का नाम लेते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस वोट के जरिए नहीं, बल्कि हिंसा और अराजकता के रास्ते सत्ता बदलना चाहती है। मैं राहुल गांधी को साफ तौर पर बता देना चाहता हूं कि भारतीय लोकतंत्र इतना कमजोर नहीं है कि सड़कों पर अराजकता फैलाकर सत्ता बदली जा सके।
‘सत्ता परिवर्तन केवल वोट से ही संभव’
राजनाथ सिंह ने कहा कि सड़कों पर अराजकता फैलाकर सत्ता बदलने का जो सपना कांग्रेस देख रही है, उसे वह भूल जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि हिंदुस्तान में सत्ता कभी भी अराजकता से नहीं बदली जा सकती; यदि कभी सत्ता में बदलाव होगा, तो वह केवल और केवल वोट के जरिए ही होगा।
अपने संबोधन के अंत में रक्षा मंत्री ने कहा कि राजनीति का मकसद केवल सत्ता हथियाना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण होना चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी इस सच्चाई को पचा नहीं पा रहे हैं कि देश भर में जनता कांग्रेस को नकार रही है।

















