![]()
श्रावस्ती के सिरसिया में भिनगा-लक्ष्मणपुर मार्ग से बन्ठिहवा गांव को जोड़ने वाली सड़क पहली बारिश में ही खराब हो गई है। करीब छह महीने पहले इसकी मरम्मत हुई थी, लेकिन अब यह कई जगह टूटकर बड़े गड्ढों में बदल गई है। बारिश होते ही इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पानी भरने से गड्ढों की गहराई का पता नहीं चलता। कई लोग गिरकर चोटिल भी हो गए हैं। इस सड़क से रोजाना करीब दस हजार लोग आते-जाते हैं, जिनमें स्कूली बच्चे, किसान और व्यापारी शामिल हैं। सड़क खराब होने से सभी को दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने छह महीने पहले बनी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। राजू, मसीहुद्दीन, कलीम, जावेद और अहमद समेत ग्रामीणों ने विभाग से सड़क की जांच कर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
और पढ़ें
संबंधित खबरें







































