बस्ती – कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पिकौरा सानी के पास एनएच-27 पर बुधवार सुबह करीब 8 बजे एक हादसा हो गया। गोरखपुर से अयोध्या जा रहे बाइक सवार दो युवक सड़क पर आए एक दिव्यांग व्यक्ति को बचाने के प्रयास में संतुलन बिगड़ने से गिर गए। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को सड़क पर देखकर हाईवे देवदूत प्रमोद ओझा ने अपनी निजी कार से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया। डॉक्टरों ने फर्स्ट एड के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया।
घायल की पहचान गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के महाराजी कुसमी निवासी अमरेश उपाध्याय (28) पुत्र रामगोपाल के रूप में हुई है। उसके साथ बाइक पर हरिओम यादव पुत्र गोरख यादव भी सवार था।
कप्तानगंज पुलिस को सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंचे और घायल के परिजनों को घटना की जानकारी दी। प्रमोद ओझा की जल्दी मदद से घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।









































