Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश छत्तीसगढ़: ग्राम सड़क योजना में 19 करोड़ से ज्यादा की धांधली, अब...

छत्तीसगढ़: ग्राम सड़क योजना में 19 करोड़ से ज्यादा की धांधली, अब ठेकेदारों से होगी वसूली; FIR दर्ज

0
2

जेएनएन, रायपुर। जांच में पता चला कि छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की 24 सड़कों के लिए 19.17 करोड़ का अतिरिक्त भुगतान किया गया है। विभागीय रिकार्ड में सड़कें पूरी बताई गई थीं, जबकि मौके पर निर्माण अधूरा मिला है।

कांग्रेस शासनकाल के दौरान हुई इस गड़बड़ी की जांच रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार ने तीन कार्यपालन अभियंता, छह सहायक अभियंता और चार उप अभियंताओं को निलंबित कर दिया है।

यानी ग्राम सड़क योजना में 19 करोड़ से ज्यादा की धांधली में कुल 13 अधिकारियों को निलंबित किया गया है। वहीं, 15 ठेकेदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से पांच ठेकेदारों से करीब 5.50 करोड़ रुपये की वसूली की जाएगी।

जवाब नहीं देने या राशि जमा नहीं करने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि विभागीय ऑनलाइन रिकार्ड में 218 किमी मिट्टी कार्य दर्ज था, जबकि मौके पर जांच में मात्र 116 किमी में ही काम मिला।

सरकार ने अधूरी सड़कों को पूरा कराने के लिए बीजापुर की 45 और सुकमा की 23 सड़कों का दोबारा टेंडर करने का निर्णय लिया है। इनके निर्माण का लक्ष्य मार्च 2027 रखा गया है।

बस्तर संभाग की कुल 148 अधूरी सड़कों को भी 31 मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। निगरानी के लिए पांच अधीक्षण अभियंताओं की ड्यूटी लगाई गई है।