Home Blog Page 133

होर्मुज और फारस की खाड़ी में दो जहाजों को बनाया गया निशाना, हमले में एक भारतीय घायल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में वाणिज्यिक जहाजों पर हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। होर्मुज स्ट्रेट और फारस की खाड़ी में दो जहाजों को निशाना बनाया गया है। केंद्रीय पत्तन, पोत, परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बुधवार को बताया कि सऊदी अरब और लाइबेरिया के ध्वज वाले जहाजों पर हमला किया गया, जिन पर नौ भारतीय सवार रहे। इनमें से एक घायल हुआ है।

सऊदी अरब का ध्वज लगे तेल टैंकर को उस समय निशाना बनाया गया, जब वह होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहा था। इस पर तीन भारतीय सवार थे। जबकि फारस की खाड़ी से गुजरते समय लाइबेरिया के ध्वज वाले वीएलसीसी (कच्चा तेल ले जाने वाले विशाल पोत) ‘एमटी फुजैराह एनर्जी’ पर एक प्रक्षेपास्त्र से हमला किया गया। इसके चालक दल में छह भारतीय शामिल हैं।

सोनोवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ’11 नवंबर को तीन भारतीय नाविकों को लेकर जा रहा सऊदी अरब के ध्वज वाला तेल टैंकर ‘एनसीसी फज्र’ होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते समय संभावित हमले का शिकार हुआ।’ उन्होंने बताया कि तीनों भारतीय समेत जहाज का पूरा चालक दल सुरक्षित है।

इससे पहले सोनोवाल ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि ‘एमटी फुजैराह एनर्जी’ पर दस नवंबर को उस समय हमला किया गया, जब यह अल रुवैस से दुबई जा रहा था। हमले में चालक दल के चार सदस्य घायल हुए, जिनमें एक भारतीय नागरिक शामिल है। भारतीय नागरिक को मामूली चोटें आई हैं। पांच अन्य भारतीयों समेत चालक दल के शेष 18 सदस्य सुरक्षित हैं। स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

पवन कुमार त्रिपाठी ने भंडारे का शुभारंभ किया:गणेश-लक्ष्मी पूजा के मौके पर फीता काटा

श्रावस्ती के सिरसिया ब्लॉक के एकघरवा ग्राम सभा के गोपालपुरवा मजरे में गणेश-लक्ष्मी पूजा के मौके पर भंडारा आयोजित किया गया। ग्राम एकघरवा के भावी प्रधान पद प्रत्याशी पवन कुमार त्रिपाठी ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। समिति के उप ऑडिटर अनिल कुमार तिवारी उर्फ अक्कू ने पवन कुमार त्रिपाठी को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया। उन्होंने प्रसाद ग्रहण किया और पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में गणेश-लक्ष्मी पूजा समिति के अध्यक्ष रंजीत मिश्रा, कोषाध्यक्ष सरोज कुमार मिश्रा और समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा।

शेख हसीना क्यों कर रहीं वापसी की तैयारी, भारत-बांग्लादेश संबंधों में बड़ी रुकावटें बन रहे ये तीन कारण

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दो साल से भी अधिक समय पहले बांग्लादेश में सरकारी नौकरियों में कोटा प्रणालियों के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन राष्ट्रव्यापी आंदोलन में बदल गया। इस आंदोलन के कारण तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार गिर गई और उन्हें भारत भागने पर मजबूर होना पड़ा।

इस राजनीतिक उथल-पुथल ने भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों में काफी तनाव पैदा कर दिया और तब से नई दिल्ली-ढाका के रिश्तों में काफी गिरावट आई है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि फरवरी में पदभार संभालने वाले बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अब तक नई दिल्ली का दौरा नहीं किया है, जबकि वे इस क्षेत्र के अन्य देशों की यात्रा कर चुके हैं।

TOI की रिपोर्ट के अनुसार, यह तनाव गंगा जल बंटवारा संधि के भविष्य और द्विपक्षीय व्यापार को लेकर होने वाली बातचीत पर भी असर डाल रहा है। राजनीतिक अविश्वास के कारण जल बंटवारे पर सहमति बनाना मुश्किल हो गया है, जबकि दोनों देशों द्वारा एक-दूसरे पर लगाए गए व्यापार प्रतिबंधों ने आर्थिक तनाव को और बढ़ा दिया है।

ये मुद्दे दोनों देशों के संबंधों में बड़ी रुकावटें बन गए हैं। इसलिए, नई दिल्ली और ढाका के सामने चुनौती सिर्फ मतभेदों को सुलझाने की ही नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करने की भी है कि राजनीतिक मतभेद द्विपक्षीय सहयोग के व्यापक ढांचे को नुकसान न पहुंचाएं।

शेख हसीना का मुद्दा: राजनयिक तनाव की जड़

अगस्त 2024 में शेख हसीना का बांग्लादेश से जाना दोनों देशों के संबंधों में एक अहम मोड़ साबित हुआ। इसके बाद उनका भारत में रहना नई दिल्ली और ढाका के बीच असहमति का एक बड़ा कारण बन गया।

अपने कार्यकाल के दौरान, शेख हसीना ने दिल्ली की विभिन्न सरकारों के साथ करीबी रिश्ते बनाए रखे थे। उन्होंने आतंकवाद विरोधी अभियानों, कनेक्टिविटी, ट्रांजिट और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सहयोग किया। वहीं, भारत उन्हें अपने पूर्वी पड़ोस में स्थिरता बनाए रखने के लिए एक महत्वपूर्ण साझेदार के रूप में देखता था।

हालांकि, इससे बांग्लादेश की जनता के एक बड़े हिस्से के बीच यह धारणा बन गई कि भारत ने उनके देश के व्यापक लोकतांत्रिक और राजनीतिक मुद्दों के बजाय अपने खुद के रणनीतिक हितों को ज्यादा अहमियत दी है। इस धारणा ने भारत-विरोधी भावनाओं को बढ़ावा दिया और उन राजनीतिक घटनाक्रमों में भूमिका निभाई, जिसके चलते अंततः शेख हसीना को सत्ता से हटना पड़ा।

तब से, शेख हसीना के बाद सत्ता में आई मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार और फरवरी में चुनी गई बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की सरकार, दोनों ने ही पूर्व प्रधानमंत्री के प्रत्यर्पण की बार-बार मांग की है। वे चाहती हैं कि पूर्व प्रधानमंत्री ‘जुलाई विद्रोह’ से जुड़े ‘मानवता के खिलाफ अपराधों’ के लिए कानून का सामना करें। वहीं, भारत का कहना है कि इस अनुरोध की जांच तय कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है।

साझा नदियां, अलग-अलग हित

प्रत्यर्पण को लेकर बना गतिरोध एक हालिया राजनीतिक चुनौती है, लेकिन नदियों के पानी के बंटवारे को लेकर असहमति भारत-बांग्लादेश संबंधों का लंबे समय से हिस्सा रही है। चूंकि दोनों देशों के बीच 54 नदियां बहती हैं, इसलिए पानी के उचित बंटवारे को लेकर मतभेद होना स्वाभाविक है।

हालांकि, पानी के बंटवारे को लेकर केवल एक औपचारिक समझौता है, जो भारत में गंगा और बांग्लादेश में पद्मा नदी के लिए है। 12 दिसंबर 1996 को हुआ यह 30 साल का समझौता इस साल 12 दिसंबर को खत्म होने वाला है। समझौते के नवीनीकरण की समय-सीमा नजदीक आ रही है, ऐसे में ढाका ने एक नए या संशोधित, लंबी अवधि के समझौते की मांग की है।

गंगा/पद्मा के अलावा, भारत और बांग्लादेश के बीच तीस्ता नदी के पानी के बंटवारे को लेकर भी लंबे समय से मतभेद रहे हैं। 2011 में एक समझौता लगभग तय हो गया था, लेकिन पश्चिम बंगाल की तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने राज्य की जरूरतों का हवाला देते हुए इसे रोक दिया था।

ढाका, तीस्ता नदी के पानी में अपना उचित हिस्सा पाने के लिए एक औपचारिक संधि की मांग करता रहा है, खासकर सूखे के मौसम में, जब पानी का बहाव कम होने से सिंचाई और कृषि कार्यों पर बुरा असर पड़ता है। चूंकि 2014 से भारत में सत्ता में रही भाजपा अब पश्चिम बंगाल में भी सत्ता में है, इसलिए उम्मीदें हैं कि लंबे समय से लंबित तीस्ता समझौता आखिरकार हो सकता है।

व्यापार में रुकावट

तनावपूर्ण संबंधों के बावजूद, भारत बांग्लादेश का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बना हुआ है। फरवरी में भारत कुछ समय के लिए अमेरिका से आगे निकल गया था, लेकिन बाद में अमेरिका ने फिर से दूसरा स्थान हासिल कर लिया। वहीं, चीन काफी बड़े अंतर के साथ सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बना हुआ है।

हालांकि, दोनों पक्षों द्वारा व्यापार पर प्रतिबंध लगाने के कारण आर्थिक संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं, जिससे पहले से ही तनावपूर्ण रिश्तों में कड़वाहट और बढ़ गई है।

भारत-बांग्लादेश संबंधों की आगे की राह

भारत-बांग्लादेश संबंध कई अनसुलझे मुद्दों के कारण तनावपूर्ण बने हुए हैं। इनमें शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर गतिरोध के अलावा, नदी के पानी के बंटवारे और व्यापार से जुड़े विवाद भी शामिल हैं।

इसके अलावा, भारत द्वारा संदिग्ध बिना दस्तावेजों वाले बांग्लादेशी प्रवासियों को कथित तौर पर जबरन वापस भेजने, भारत-बांग्लादेश सीमा पर BSF द्वारा बांग्लादेशी नागरिकों की कथित हत्याओं, और अंतरिम प्रशासन के दौरान ढाका के पाकिस्तान-समर्थक झुकाव जैसे मुद्दे भी शामिल हैं।

फिर भी, दोनों पक्षों के लिए ये संबंध रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हैं, भारत की सुरक्षा के लिहाज से बांग्लादेश बहुत अहम है, जबकि ढाका कई प्रमुख क्षेत्रों में नई दिल्ली पर निर्भर है।

यह भी पढ़ें- शेख हसीना की वापसी पर गर्माया सियासी माहौल, ‘सिर्फ मौत की सजा भुगतने का ही विकल्प’

 

महराजगंज में ट्रक चालक वीडियो कॉल के बाद लापता:पत्नी को रोते हुए थाने के पास का दृश्य दिखाया था, ट्रक कुशीनगर में मिला

एटा जिले के मलावन थाना क्षेत्र के सकतपुर निवासी ट्रक चालक सुनील कुमार छह नवंबर को पत्नी को वीडियो कॉल करने के बाद से लापता हैं। कॉल के दौरान उन्होंने महराजगंज जिले के किसी थाने के पास का दृश्य दिखाया था। वे खुद को परेशानी में बताकर रो रहे थे। वीडियो में पीछे पुलिसकर्मी भी दिख रहे थे। बुधवार को सुनील का 15 वर्षीय बेटा शिवम, भाई अनिल कुमार (26) और गांव के चार अन्य लोग परतावल चौकी पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और 112 टीम को जानकारी देकर सुनील का पता लगाने की गुहार लगाई। शिवम ने बताया कि वीडियो कॉल में पिता काफी परेशान थे और रो रहे थे। परिजनों के मुताबिक, सुनील हरियाणा से ट्रक लेकर एटा पहुंचे थे। वहां से सामान लादकर बिहार गए। लौटते समय उन्होंने कुशीनगर के कप्तानगंज और श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र से भूसा लादकर आगे जाने की जानकारी दी थी। एक मुंशी ने भी घरवालों को ट्रक में भूसा लदा होने की बात बताई थी, लेकिन ट्रक खाली मिला। ट्रक मालिक ने जीपीएस लोकेशन के आधार पर परिजनों को बताया कि ट्रक कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के इंद्रपुर में खड़ा है। ट्रक मिलने के बाद भी सुनील का पता नहीं चला है। परिजनों ने कप्तानगंज थाने में शिकायत की है। वे कुशीनगर से महराजगंज तक के थानों में संपर्क कर सुनील को तलाश रहे हैं। फिलहाल उनके बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। कुशीनगर पुलिस ने एक्स पर जवाब देते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

बहादुरपुर में मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं का विसर्जन:नगर बाजार, पोखरनी, देवापार और बहादुरपुर की प्रतिमाएं मनोरमा नदी में विसर्जित

बस्ती के बहादुरपुर ब्लॉक में लक्ष्मी पूजा के बाद बुधवार को मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। श्रद्धालु प्रतिमाओं को लेकर एकड़ा कैंबचा घाट पहुंचे और मनोरमा नदी में विसर्जन किया।
नगर बाजार, पोखरनी, देवापार और बहादुरपुर समेत कई जगहों पर मां लक्ष्मी की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। पूजा-अर्चना में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।
विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। वे मां लक्ष्मी के जयकारे लगाते हुए घाट तक पहुंचे और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ प्रतिमाओं को विदाई दी।
पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं ने मां लक्ष्मी की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। विसर्जन के साथ ही क्षेत्र में कई दिनों से चल रहे धार्मिक आयोजन पूरे हुए। पूरे आयोजन में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।

म्यांमार सीमा पर ड्रग्स तस्करी का नायाब तरीका: पेट्रोल-डीजल, आटा और कपड़े के बदले आता है हेरोइन-ब्राउन सुगर

नीलू रंजन, नई दिल्ली। म्यांमार से होने वाली ड्रग्स तस्करी की जांच में ईडी को चौंकाने वाले तथ्य मिले हैं। जांच से पता चला है कि म्यांमार से आने वाले ड्रग्स के बदले पैसे नहीं दिये जाते हैं, बल्कि भारत से डीजल, पेट्रोल, कपड़े, आटा, खाद्य तेल भेजे जाते हैं।

यानी इस धंधे में सीमा के आर-पार पैसे के लेन-देन के बजाय वस्तुओं का लेन-देन होता है। ईडी म्यांमार से होने ड्रग्स तस्करी के तीन मामलों की मनी लांड्रिंग रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत जांच कर रही है। म्यांमार, थाईलैंड, लाओस को दुनिया में सबसे अधिक ड्रग्स के उत्पादन के लिए गोल्डेन

सरकार ने अब डेथ ट्रैंगल का नाम दिया

ट्राइंगल के नाम से जाना जाता है, जिसे भारत सरकार ने अब डेथ ट्रैंगल का नाम दिया है। ईडी एक वरिष्ठ अधिकारी ने तस्करी के तरीके की जानकारी देते हुए कहा कि म्यांमार से हेरोइन और ब्राउन सुगर तस्करी कर मणिपुर और मिरोजम के चुंड़ाचांदपुर, चंपई जैसे कई शहरों में नकद में बेचा जाता है। नकद मिले इस पैसे को कैश हैंडलर्स को दिया जाता है, जो इसे मिनी एटीएम और म्यूल अकाउंट के माध्यम से बैंकिंग सिस्टम में लाया जाता है।

ईडी ने किया खुलासा

बैंकिंग सिस्टम में आए इस पैसे से असम, पश्चिम बंगाल और दिल्ली में वस्तुओं की खरीद होती है। इस खरीद के लिए बाकायदा आरटीजीएस, एनईएफटी, आईएमपीएस के जरिये भुगतान किया जाता है। ईडी के अनुसार, आटा और मैदा की खरीद मुख्यतौर पर पश्चिम बंगाल से की जाती है। जबकि खाद्य तेल व रिफाइंड आयल असम से खरीदा जाता है।

कैसे चलता है खेल?

मिजोरम के पेट्रोल पंपों से डीजल और पेट्रोल की खरीद होती है, जबकि कपड़ों की खरीद दिल्ली से की जाती है। इन सामानों के बेचने वाला आइजोल समेत मिरोजम के सीमावर्ती शहरों जैसे चंफई, जोरिपुई और सैहा में रहने वाले खरीददारों के नाम से जीएसटी और ई-वे बिल के साथ सामान की सप्लाई कर देता है। यहीं सबसे खेल होता है। असल में जो व्यक्ति इन सामानों के पैसे देता है, वह इसे रिसीव नहीं करता है। यानी पैसे कोई और देता है और सामान किसी और के पास पहुंचता है।

बैंकिंग सिस्टम का उपयोग

ईडी के अधिकारी के अनुसार सीमावर्ती से शहरों से इन सामानों को म्यांमार में भेज दिया जाता है, जहां इन्हें म्यांमार की मुद्रा क्यात में बेच दिया जाता है। फिर इन क्यात से ड्रग्स की असली सप्लाई करने वालों को भुगतान किया जाता है। इस तरह से ड्रग्स की तस्करी में सिर्फ भारत के भीतर ही बैंकिंग सिस्टम का उपयोग किया जाता है। भारत के भीतर जीएसटी और ई-वे बिल के साथ यह सामान्य व्यापार दिखता है। लेकिन पैसे के लेन-देन के सबूत छोड़ बिना यह म्यांमार में ड्रग्स तस्करों के भुगतान का माध्यम बन जाता है।

श्रावस्ती में नवजात की मौत, चार अरेस्ट:निजी अस्पताल के स्टाफ पर लापरवाही का आरोप, हॉस्पिटल सील

श्रावस्ती में एक निजी अस्पताल में गर्भवती महिला के इलाज में लापरवाही के बाद नवजात की मौत के मामले में पुलिस ने आशा बहू, जीएनएम और अस्पताल से जुड़े लोगों समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार शाम करीब 6 बजे पुलिस ने गिरफ्तारी की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग अस्पताल को पहले ही सील कर चुका है। सीएचसी से निजी अस्पताल ले जाने का आरोप मामला 7 नवंबर का है। बंठिहवा निवासी इरफान खान अपनी करीब नौ माह की गर्भवती पत्नी आसमीन को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी भिनगा ले गए थे। परिजनों का आरोप है कि आशा कार्यकर्ता सुग्गा देवी अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट दिखाने के बहाने आसमीन को लखनऊ प्राइवेट हॉस्पिटल भिनगा ले गईं। वहां करीब 2 घंटे तक इलाज के बाद ऑपरेशन कराने की बात कही गई, लेकिन समय पर प्रसव नहीं कराया गया। जिला अस्पताल में हुआ प्रसव, नहीं बची नवजात की जान इसके बाद परिजन आसमीन को जिला अस्पताल ले गए। वहां कुछ ही मिनटों में सामान्य प्रसव हुआ, लेकिन नवजात की जान नहीं बच सकी। परिजनों का दावा है कि अल्ट्रासाउंड के समय गर्भस्थ शिशु जीवित था और निजी अस्पताल के स्टाफ की लापरवाही के कारण उसकी मौत हुई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया। नवजात के शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया। परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुआ केस इरफान खान ने 10 नवंबर को कोतवाली भिनगा में शिकायत देकर आशा बहू सुग्गा देवी, जीएनएम लक्ष्मी, देवनारायण सिंह उर्फ दिग्विजय सिंह और अस्पताल संचालक पर पैसे के लालच में समय पर प्रसव नहीं कराने का आरोप लगाया। पुलिस के मुताबिक, जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ाई गईं। गोंडा स्थित घर से एक आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें जिलेदार शुक्ला की पत्नी, अमित कुमार वर्मा की पत्नी, रविशंकर दूबे और देवनारायण सिंह उर्फ दिग्विजय सिंह शामिल हैं। देवनारायण सिंह को गोंडा के सिविल लाइंस स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया। सीओ भिनगा के मुताबिक, जांच में यह बात भी सामने आई है कि देवनारायण सिंह के पास चिकित्सकीय डिग्री नहीं है। स्वास्थ्य विभाग अस्पताल को पहले ही सील कर चुका है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

‘6 दिसंबर 1992 को कैसे देखा लाइव टेलीकास्ट’, बाबरी ढांचा गिरने पर सोनिया गांधी के आंसू वाले दावे पर बीजेपी का सवाल

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। बाबरी ढांचे को गिरते हुए देखकर आंखों में आंसू आने के सोनिया गांधी के दावे पर भाजपा ने सवाल उठाया है। भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि जब छह दिसंबर 1992 को अयोध्या से लाइव टेलीकास्ट की व्यवस्था ही नहीं थी, तो सोनिया गांधी ने इसे कैसे देख लिए, जिससे उनके आंखों में आंसू आ गए।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दीवाली को खुशियों वाली ईद, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के दीवाली को प्रदूषण से जोड़ते हुए मानव जनित रोग बताने और सोनिया गांधी को बयान तीनों को एक सुव्यवस्थित भारत विरोधी और हिंदू विरोधी सोच का प्रमाण बताया। वहीं अखिलेश यादव के अयोध्या जाने को उन्होंने भारतीय समाज की एकता के सामने विवश होना बताया।

सोनिया गांधी के दावों पर बीजेपी का सवाल

सुधांशु त्रिवेदी के अनुसार सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण “बीलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव” के आने के पहले एक इंटरव्यू में बाबरी ढांचे के गिरते हुए देखकर आंखों में आंसू आने का दावा किया था। उन्होंने कहा कि इस अयोध्या में अपलिंकिंग की कोई सुविधा ही नहीं थी, फिर लाइव टेलीकास्ट कैसे हो गया और सोनिया गांधी ने इसे कैसे देख लिया।

सोनिया गांधी, खरगे और मसूद के बयान को उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि कट्टरपंथी वोट हासिल करने की चाहत और छटपटाहट में कांग्रेस किसी भी सीमा तक जाकर हिंदू धर्म का अपमान करने के लिए तैयार है।

सुधांशु त्रिवेदी ने सपा नेता सनातन पांडे के कारसेवकों पर गोली चलाने को सही ठहराने और अखिलेश यादव के अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने के परस्पर विरोधी बयानों को विधानसभा चुनाव के पहले जनता को बरगलाने कोशिश बताया। त्रिवेदी कहा कि लेकिन जनता उनकी असली मंशा भलीभांति समझ रही है।

अयोध्या में सपा के शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि दरअसल हमारी विचारधारा और भारतीय समाज की एकता ने अखिलेश यादव को वहां जाने के लिए विवश कर दिया है। उन्होंने कहा कि तीन दशक पहले “मिले मुलायम-काशीराम, हवा में उड़ गए जय श्री राम” का नारा लगा था, लेकिन अब हालात पूरी तरह से बदल गए हैं, सभी “जय श्री राम” का नारा लगाने को विवश हो रहे हैं।

 

महराजगंज में लक्ष्मी प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन:त्रिमुहानी घाट पर श्रद्धालुओं ने पूजा के बाद प्रतिमाएं विसर्जित कीं, सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात

महराजगंज के त्रिमुहानी घाट पर बुधवार को दीपावली के लिए स्थापित मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं को विसर्जित किया।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिमाओं के साथ घाट पहुंचे। विसर्जन के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह के साथ कलेक्ट्रेट चौकी इंचार्ज अजय कुमार वर्मा, नगर चौकी इंचार्ज विजय गोंड और कोतवाली पुलिस के जवान तैनात रहे। किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पीएसी के जवानों की भी ड्यूटी लगाई गई थी।
पुलिसकर्मी घाट पर निगरानी करते रहे और श्रद्धालुओं को प्रतिमा विसर्जन में सहयोग दिया। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से पूरा हुआ।

बस्ती में मां लक्ष्मी की मूर्तियों का विसर्जन:असनहरा ,नरखोरिया ,दुबौली, सहित कई गांवों में निकली शोभायात्रा

बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र में बुधवार को मां लक्ष्मी, गणेश और कार्तिकेय की मूर्तियों का विसर्जन किया गया। असनहरा, नरखोरिया, दुबौली, भानपुर समेत कई चौराहों पर मूर्तियां स्थापित की गई थीं। लोग डीजे की धुन पर नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए मूर्तियों को नहर, नदी और पोखरों तक ले गए। वहां पूजा-अर्चना और आरती के बाद मूर्तियों का विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान लोग अबीर-गुलाल उड़ाते रहे। लोगों को हलवा-पूड़ी प्रसाद के रूप में बांटा गया। भक्तों ने मां से अगली बार जल्दी आने की विनती की। विसर्जन स्थलों पर मेले भी लगे। सुरक्षा के लिए उप जिलाधिकारी भानपुर हिमांशु कुमार, सोनहा थाना प्रभारी महेश सिंह और असनहरा चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार क्षेत्र में घूमते रहे। क्षेत्र के हल्का लेखपाल भी मौजूद रहे। विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे।