Home Blog Page 23

पनियरा में अर्नब तूफान से धान की फसल गिरी:तेज हवाओं और बारिश से गेहूं की बुवाई में देरी, किसान परेशान

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से पनियरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह से ही लगातार तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर हो रही बारिश ने अन्नदाताओं की रातों की नींद उड़ा दी है। मौसम के इस अचानक बिगड़े मिजाज ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेरना शुरू कर दिया है। खेतों में धान की पकी हुई फसलें लहलहा रही हैं, लेकिन कटाई के मुहाने पर आई इस विपदा ने किसानों के चेहरों पर शिकस्त दे दी है। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि वर्तमान में धान की कटाई का मुख्य समय चल रहा है, लेकिन अभी बमुश्किल 2% फसल ही खेतों से कटकर घर या खलिहान तक पहुंच पाई है। अधिकांश इलाकों में धान की फसलें अभी खेतों में ही खड़ी हैं। लगातार चल रही ठंडी और तेज हवाओं के कारण खेतों में भारी भरकम बालियों से लदे धान के पौधे जमीन पर बिछने लगे हैं, जिससे उत्पादन पर भारी असर पड़ने की पूरी आशंका है। क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों—गणेश प्रजापति, प्रदीप यादव, सुरेंद्र यादव, राजेंद्र चौरसिया, सुनील चौधरी और अखिलेश जायसवाल ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि यदि यह बारिश और हवाएं कुछ दिन और थमने का नाम नहीं लेंगी, तो किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ेगी। हवा और पानी के मेल से धान के दाने काले पड़ने लगे हैं और खेतों में जलभराव होने से बालियां सड़ने का खतरा भी पैदा हो गया है। इस बेमौसम बारिश और चक्रवाती तूफान ने केवल धान को ही नहीं, बल्कि आगामी रबी की फसल को भी संकट में डाल दिया है। धान की कटाई लेट होने के कारण किसानों को खेतों की समय पर जुताई और गेहूं की बुवाई पिछड़ने का भी डर सता रहा है। यदि खेत समय पर खाली नहीं हुए, तो रबी की फसलों का चक्र भी पूरी तरह प्रभावित हो जाएगा।

हत्या के आरोपी को आजीवन कारावास की सजा:बस्ती कोर्ट ने 18 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया; परसरामपुर थाने में 2025 में दर्ज हुआ था केस

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पैरवी सेल और परसरामपुर पुलिस की पैरवी के बाद बस्ती जिला एवं सत्र न्यायालय ने हत्या के आरोपी गोपी शर्मा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। कोर्ट ने उस पर 18 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। फैसला 30 अक्टूबर 2026 को सुनाया गया।
गोपी शर्मा, पित्तरदीन का बेटा है और बस्ती जिले के परसरामपुर थाना क्षेत्र के निपनिया गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ 25 अप्रैल 2025 को परसरामपुर थाने में केस दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, केस वादी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 351(2) के तहत दर्ज हुआ था। जांच पूरी होने के बाद विवेचक ने कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया।
पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देशन में पैरवी सेल और परसरामपुर पुलिस ने मामले की पैरवी की।

भोपाल: मामूली विवाद में कार चालक ने बाइक सवार पर तानी पिस्टल, वीडियो वायरल

0

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल के टीटी नगर इलाके में कार और बाइक की मामूली टक्कर के बाद हुए विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया।

आरोप है कि बाइक सवार द्वारा कार पर हाथ मारने से नाराज कार चालक ने पिस्टल निकालकर उसे धमकाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, टीटी नगर क्षेत्र में कार और बाइक के बीच हल्की टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।

बाइक सवार ने गुस्से में कार पर हाथ मारा, जिसके जवाब में कार चालक ने पिस्टल निकालकर उसे निशाना बनाते हुए धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना को अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर फैल चुका है।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार चालक पिस्टल ताने हुए बाइक सवार को धमका रहा है। आसपास के लोगों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में आई।

बाइक सवार ने शुरू में पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का इरादा जताया था, लेकिन बाद में उसने अपनी शिकायत वापस ले ली। इसके बावजूद पुलिस ने वीडियो और घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वतः संज्ञान लिया है। टीटी नगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी कार चालक की पहचान कर ली गई है और उससे पूछताछ की जा रही है। पिस्टल के लाइसेंस की जांच भी की जा रही है। यदि पिस्टल अवैध पाई गई तो आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बारिश से जमुनहा बाजार में ग्राहकी घटी:दोपहर से हो रही बारिश के बाद दुकानों की बिक्री पर असर, कई रास्तों पर पानी भरा

श्रावस्ती जिले के जमुनहा कस्बे में दोपहर से हो रही बारिश के कारण बाजार में ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई। दुकानदारों की बिक्री पर भी असर पड़ा। बारिश के बाद जमुनहा बस स्टैंड, भारत मिलाप चौराहा, बासदेव चौराहा, गांधी चौक और बरगदहा चौराहा मार्ग पर पानी भर गया। मुख्य सड़कों पर पानी होने से ग्राहकों का आना-जाना कम रहा। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि बारिश के कारण पूरे दिन बाजार में कम ग्राहक आए। इससे उनकी रोज की कमाई पर असर पड़ा। कपड़ा, किराना और सब्जी विक्रेताओं के मुताबिक, त्योहारी सीजन के बाद बिक्री पहले ही कम थी। बारिश के कारण ग्राहक नहीं आए और कई दुकानदार दिनभर दुकान पर उनका इंतजार करते रहे। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक-दो दिन हल्की बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: शहडोल में तेज रफ्तार काली बोलेरो ने दो बाइक सवारों को कुचला, दोनों की मौके पर ही मौत

0

जेएनएन, शहडोल। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के झीकबिजुरी रोड गाड़ाघाट में शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार काली बोलेरो ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान गोहपारू थाना क्षेत्र के बेलिया निवासी बद्री प्रसाद रविदास और सुरेंद्र प्रसाद जायसवाल के रूप में हुई है। दोनों रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे, तभी गाड़ाघाट के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बोलेरो चालक वाहन समेत फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

सीओ सदर ने पीईटीके परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण:अंकुर गौतम ने सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और पुलिस ड्यूटी का लिया जायजा

महराजगंज में शुक्रवार को सीओ सदर अंकुर गौतम ने पीईटी-2026 के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी भी देखी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी और सतर्कता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
अंकुर गौतम ने परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ न जुटने देने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान अव्यवस्था न हो और अभ्यर्थियों को परेशानी न आए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को सतर्कता से अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।

महादेवा फीडर की बिजली 12 घंटे से बंद:तीन दर्जन से ज्यादा गांवों में अंधेरा, हजारों परिवारों के इनवर्टर और मोबाइल की बैटरी खत्म

विद्युत केंद्र देईसाड से जुड़े महादेवा फीडर की बिजली करीब 12 घंटे से बंद है। इससे तीन दर्जन से ज्यादा गांवों में अंधेरा है और हजारों परिवारों को परेशानी हो रही है। घरों के इनवर्टर डिस्चार्ज हो गए हैं और मोबाइल फोन की बैटरी भी खत्म हो गई है। बिजली न होने से लोगों को रोजमर्रा के काम करने में दिक्कत हो रही है। कुछ लोग मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए जनरेटर का इस्तेमाल कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फीडर से जुड़े गांवों में लंबे समय से बिजली बंद है, लेकिन अब तक सप्लाई शुरू नहीं हुई। बिजली विभाग ने बिजली बंद होने का कारण भी नहीं बताया है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द बिजली शुरू कराने की मांग की है।

वंदे भारत में पेश की ईमानदारी की मिसाल, सोने की अंगूठी लौटाने वाले यात्री को पूर्व रेलवे के पीसीसीएम ने सराहा

0

जागरण संवाददाता, कोलकाता। कामाख्या- हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान मिली सोने की अंगूठी रेलवे के माध्यम से उसके वास्तविक मालिक को लौटाकर यात्री मनोज कुमार शर्मा ने ईमानदारी और नैतिकता की मिसाल पेश की है।

उनकी इस सराहनीय पहल के लिए पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक (पीसीसीएम) डा. उदय शंकर झा ने गुरुवार को कोलकाता स्थित अपने कार्यालय में बुलाकर उन्हें सम्मानित किया।

रेलवे प्रशासन ने अंगूठी के वास्तविक मालिक की पहचान कर उसे सुरक्षित वापस सौंपने की व्यवस्था की। घटना 26 अक्टूबर की है। ट्रेन संख्या 27576 कामाख्या-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस की यात्रा समाप्त होने के बाद मनोज कुमार शर्मा हावड़ा स्टेशन पर अपना सामान लेकर ट्रेन से उतरने की तैयारी कर रहे थे।

इसी दौरान उन्हें अपनी सीट के पास सोने की एक अंगूठी गिरी हुई मिली। उन्होंने और उनके परिवार के सदस्यों ने हावड़ा स्टेशन पर अंगूठी जमा कराने का प्रयास किया, लेकिन संबंधित अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने पूर्व रेलवे के विधि अधिकारी लाल साहेब सिंह को इसकी जानकारी दी।

पीसीसीएम ने बताया कि तत्पश्चात लाल साहेब सिंह की सूचना पर भारतीय रेलवे आरक्षण प्रणाली के माध्यम से संबंधित यात्री का नाम और मोबाइल नंबर प्राप्त किया गया। अंगूठी के वास्तविक मालिक की पहचान काजल चंद्र मोदक के रूप में हुई।

इसके बाद 29 अक्टूबर को काजल चंद्र मोदक को पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक के कार्यालय में बुलाया गया। वहां मनोज कुमार शर्मा की उपस्थिति में सोने की अंगूठी उन्हें सौंप दी गई।

इस अवसर पर पीसीसीएम डॉ. उदय शंकर झा ने मनोज कुमार शर्मा को सम्मानित किया। पीसीसीएम ने उनके इस कार्य की सराहना करते हुए इसे रेल यात्रा के दौरान ईमानदारी, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों का प्रेरक उदाहरण बताया गया।

33 केवी लाइन में फॉल्ट से जमुनहा की बिजली गुल:बारिश के बाद बाजार की दुकानें बंद, मुख्य मार्ग और चौराहे पर छाया अंधेरा

श्रावस्ती के जमुनहा में गुरुवार से मौसम बदला। शुक्रवार सुबह शुरू हुई हल्की बारिश दिनभर तेज बारिश में बदल गई। इसके बाद कस्बे में बिजली गुल हो गई और बाजार की दुकानें बंद रहीं। लगातार बारिश के चलते जमुनहा पावर हाउस की 33 केवी सप्लाई लाइन में फॉल्ट आ गया। इससे पूरे इलाके की बिजली बंद हो गई। बिजली न होने से कई दुकानदारों को दुकानें बंद करनी पड़ीं। शाम तक मुख्य मार्ग, चौराहे और पूरे कस्बे में अंधेरा छा गया। बाजार में कुछ जगह सोलर पैनल की रोशनी से उजाला था। स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश से ठंड बढ़ गई है और बिजली न होने से परेशानी हो रही है। दुकानदारों के मुताबिक, बिजली बंद होने से उनका कारोबार ठप हो गया। खबर लिखे जाने तक बिजली विभाग की टीम 33 केवी लाइन का फॉल्ट ठीक करने में जुटी थी

करमहा के पास नहर किनारे युवक का शव मिला:मौत का कारण साफ नहीं, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा

महराजगंज के सदर कोतवाली क्षेत्र में करमहा गांव के पास नहर किनारे एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर जुट गए। सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जरूरी कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान उसकी मां ने की। राजकुमार, राममिलन का बेटा था और करमहा खास गांव का रहने वाला था। युवक की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार के लोग शोक में हैं। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत का कारण साफ नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इसका पता चलेगा।