Home Blog Page 301

अपर पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड की सलामी ली

 

 

श्रावस्ती। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह द्वारा आज रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली गई।

इस अवसर पर पुलिस कर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप से सुदृढ़ रहने हेतु प्रेरित करते हुए सामूहिक दौड़ लगवाई गई। साथ ही, अनुशासन, एकरूपता, और कार्यक्षमता को बढ़ावा देने के लिए टोलीवार ड्रिल का अभ्यास कराया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान *क्वार्टर गार्द, शस्त्रागार पहुंच कर शस्त्रों की साफ सफाई व उनके बेहतर रखरखाव हेतु संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया, स्टोर में रजिस्टरो व सामान का निरीक्षण कर साफ सफाई हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।आदेश कक्ष में रजिस्टरों की जांच की गई और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यपरायणता, और नागरिकों की सुरक्षा व सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही कर्मियों को समयबद्धता और कार्यकुशलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी गई।

इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक श्री अखिलेश कुमार व अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

श्रावस्ती में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चला:धनतेरस-दीपावली के लिए बाजारों से अवैध ठेले, दुकानें और वाहन हटाए गए, चेतावनी भी दी गई।

पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर श्रावस्ती में अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। यह अभियान धनतेरस और दीपावली जैसे त्योहारों को देखते हुए लोगों को आसान ट्रैफिक सुविधा देने के मकसद से 27 अक्टूबर 2026 को शुरू हुआ। इसके तहत, अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने नवीन मॉडर्न श्रावस्ती के कटरा बाजार और इकौना थाना क्षेत्र के इकौना कस्बे में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। उन्होंने सड़क किनारे और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जे हटाए। अभियान के दौरान, अतिक्रमण करने वालों को आगे से सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा न करने की सख्त चेतावनी दी गई। दुकानदारों और आम लोगों से अपील की गई कि वे ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में मदद करें और सड़क व सार्वजनिक जगहों को कब्जे से मुक्त रखें। यह कार्रवाई लोगों की सुविधा के लिए की गई, ताकि उन्हें आने-जाने में परेशानी न हो और ट्रैफिक व्यवस्था ठीक से चल सके।

श्रावस्ती में अज्ञात-वाहन ने बाइक-सवार बहनोई समेत दो को रौंदा:हादसे के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिनगा रेफर किया गया

श्रावस्ती के हरदत्त नगर गिरंट इलाके में बदला-नानपारा मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चला रहे हरबहादुर और उनके बहनोई मंसाराम घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर पहुंचाया। मल्हीपुर में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया। हरबहादुर अपने बहनोई मंसाराम के साथ हरदत्त नगर गिरंट क्षेत्र में रिश्तेदारी से लौट रहे थे, तभी जय पत्तरपुरवा के पास यह हादसा हुआ। एंबुलेंस यूपी 32 बीजी 8816 के ईएमटी अरविंद कुमार पांडेय और पायलट सुरजीत कुमार तिवारी ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

श्रावस्ती में मल्हीपुर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर:तीन लोग घायल हुए, एक को जिला अस्पताल भेजा गया

श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना इलाके में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, दयाराम पुरवा के रहने वाले बड़के (35) पुत्र रामदेव अपनी बाइक से वीरगंज से घर लौट रहे थे। शिकारी पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही एक बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर उत्तमापुर निवासी चंद्र (34) पुत्र राम फेरन और राम (32) पुत्र ननकऊ सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के चालक और सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को सीएचसी मल्हीपुर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि बड़के की हालत बिगड़ने पर उन्हें भिनगा के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बाकी दो घायलों का इलाज सीएचसी मल्हीपुर में चल रहा है।

त्योहारों से पहले बाजारों से अवैध अतिक्रमण हटाया:सड़क किनारे लगे ठेले, रेहड़ी और दुकानें हटाई गईं, पुलिस ने दी चेतावनी

पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर श्रावस्ती जिले में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह अभियान धनतेरस और दीपावली जैसे त्योहारों को देखते हुए शुरू किया गया है। इसका मकसद लोगों को सुरक्षित और आसान यातायात सुविधा देना है।
अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने पुलिस बल के साथ कटरा बाजार और इकौना कस्बे में पैदल गश्त की। इस दौरान सड़क किनारे पटरियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया।
अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा न करने की सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस ने दुकानदारों और आम लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की।
यह कार्रवाई लोगों की सुविधा के लिए की गई है। इससे आवागमन में होने वाली परेशानी दूर होगी और यातायात व्यवस्था ठीक से चल पाएगी।

मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत श्रावस्ती पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन एवं सशक्तीकरण हेतु जनपदव्यापी जागरूकता अभियान जारी।

 

 

 

शक्ति मोबाइल टीम द्वारा थाना मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर, उत्तमपुर व राजकीय विद्यालय में महिलाओं एवं बालिकाओं को किया गया जागरूक।

 

श्रावस्ती। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती राहुल भाटी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकेश सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद श्रावस्ती के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन तथा सशक्तीकरण के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शक्ति मोबाइल टीम द्वारा थाना मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर,उत्तमपुर व राजकीय विद्यालय में महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन एवं महिला सशक्तीकरण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला संबंधी अपराधों, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, साइबर अपराध एवं सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचाव के संबंध में जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा गांवों, कस्बों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा स्कूल-कॉलेजों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है। एंटी रोमियो टीमों द्वारा सार्वजनिक स्थानों एवं शिक्षण संस्थानों के आसपास भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा एवं सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों 1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) एवं 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन) के बारे में जानकारी दी जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।श्रावस्ती पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन सुनिश्चित करने तथा उन्हें सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत जनपद के समस्त थानों की टीमों द्वारा जनजागरूकता अभियान निरंतर जारी है।श्रावस्ती पुलिस — सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण के लिए सदैव प्रतिबद्ध।

पत्नी को कमरे में बंद कर पति ने तीन दोस्तों से कराया यौन शोषण, म्यांमार के नागरिक की तलाश में जुटी हैदराबाद पुलिस

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। हैदराबाद में किराये के एक मकान में म्यांमार की 18 वर्षीय युवती को उसके पति द्वारा कथित तौर पर बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है।

यहां एक पति ने अपनी 18 साल की पत्नी को एक किराए के कमरे में जबरन बंद करके रखा साथ ही उसने पिछले कुछ महीनों में अपने तीन दोस्तों से कई बार उसका यौन शोषण करवाया। मंगलवार को पुलिस ने इस बात की जानकारी दी।

पति ने 18 वर्षीय पत्नी को कमरे में बंधक बनाया

महिला का पति और उसके तीनों दोस्त म्यांमार के नागरिक हैं और शहर के एक शरणार्थी शिविर (रिफ्यूजी कैंप) में रह रहे हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसके पति ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और अपने तीन दोस्तों को अंदर भेज दिया, जिन्होंने उसका कई बार यौन शोषण किया।

23 अक्टूबर को जब मकान मालिक किराया लेने के लिए वहां पहुंचा, तो उसने महिला को एक कमरे में बंद पाया और दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। इसके बाद महिला ने शरणार्थी शिविर में रह रहे अपने रिश्तेदारों से संपर्क किया और कंचनबाग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की 

अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर, पुलिस ने बीएनएस (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत बलात्कार, गलत तरीके से कैद रखने और आपराधिक धमकी देने का मामला दर्ज किया है।

मुख्य आरोपी इस साल मई में महिला को बांग्लादेश से हैदराबाद लाया था, उससे शादी की और उसे एक किराए के मकान के कमरे में बंद करके रखा। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।

हाइवे पर 120 की स्पीड से भरिए रफ्तार, नहीं होगा ओवरस्पीड का चालान; जानिए नए नियम

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। देशभर में एक्सप्रेसवे का नेटवर्क बड़ा होता जा रहा है। यह समस्या है कि तेज गति के कारण वाहन दुर्घटनाओं का जोखिम अधिक रहता है, लेकिन ऐसी शिकायतें भी मिल रही हैं कि कई एक्सप्रेसवे पर निर्धारित गति सीमा के भीतर भी वाहन चालकों के पास चालान पहुंच रहे हैं।

अब केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने स्पष्ट कर दिया है कि 120 किलोमीटर की गति या उससे 20 प्रतिशत भी अधिक गति से चलने वाले वाहनों का चालान नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया है कि इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दे दिया गया है।

हालांकि, वाहन चालकों द्वारा लेन बदलने को अधिक जोखिम भरा मानते हुए उन्होंने बताया कि लेन अनुशासन का पालन कराने के लिए नेशनल हाईवे को एआई आधारित आटोमैटिक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से लैस करने की शुरुआत की जा रही है।

हाइवे पर 120 किमी/घंटा तक गति पर चालान नहीं होगा

सीआईआई के कार्यक्रम में मंगलवार को केंद्रीय मंत्री गडकरी ने बताया कि अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 120 किलोमीटर प्रतिघंटा या उससे 20 प्रतिशत से भी अधिक की गति सीमा कोई पार करे तो चालान भेजा जाए। उल्लेखनीय है कि उन्होंने स्वयं माना कि कई लोगों को ओवरस्पीडिंग के चालान भेजे जा रहे हैं।

वहीं, एटीएमएस को लेकर उन्होंने बताया कि इसे लेकर गति दिवस ही उनके सामने अधिकारियों द्वारा प्रेजेंटेशन दिया गया है। इसके तहत पहले चरण में दस हजार किलोमीटर के एनएचए नेटवर्क पर एटीएमएस लगाया जाना है। ध्यान रहे कि अभी कुछ प्रमुख एक्सप्रेसवे पर ही यातायात प्रबंधन की इस उन्नत तकनीक की शुरुआत की जा सकी है।

बिहार की सभी नदियों की ड्रेजिंग कराएगा सड़क परिवहन मंत्रालय

बिहार में बाढ़ की समस्या विकराल है। इस वर्ष भी वहां बाढ़ के कारण त्राहि-त्राहि मची रही। नितिन गडकरी ने बताया कि उनका मंत्रालय बिहार सरकार के साथ जल्द ही एक एमओयू करने जा रहा है, जिसके लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आने वाले हैं। उन्होंने बताया कि एमओयू के तहत सड़क परिवहन मंत्रालय बिहार की सभी नदियों की ड्रेजिंग कराएगा।

उससे निकलने वाले स्लज का उपयोग हाईवे निर्माण में किया जाएगा। बिहार सरकार का एक पैसा भी खर्च नहीं होगा और इससे बिहार बाढ़ मुक्त हो सकता है। मंत्री ने दावा किया कि इसी तरह वह अब तक 1600 तालाब खुदवा चुके हैं और उसकी मिट्टी का उपयोग हाईवे परियोजनाओं में किया गया है।

ई-20 को लेकर चलाया गया ‘पेड प्रोपेगेंडा’

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने देश पर 22 लाख करोड़ रुपये के पेट्रो पदार्थों के आयात के भार का दावा करते हुए बायो फ्यूल, बायो बिटुमिन आदि के उपयोग पर जोर दिया। साथ ही कहा कि कई कंपनियां अब फ्लेक्स फ्यूल की गाड़ियां बना रही हैं।

2022 से चार करोड़ कारें और 20 करोड़ दोपहिया वाहन ई-20 पर चल रहे हैं, लेकिन तीन माह पहले काफी हंगामा किया गया। गडकरी ने आरोप लगाया कि यह ई-20 को लेकर पेड प्रोपेगेंडा था, लेकिन अब सब कुछ शांत हो गया। उन्होंने चुनौती दी कि देश में कोई एक भी व्यक्ति हो तो सामने आए, जिसकी गाड़ी ई-20 के कारण खराब हुई हो।

चक्रवात अर्नब का कहर: विजयवाड़ा एयरपोर्ट पर कई उड़ानें रद, बुधवार को इंडिगो की सभी सेवाएं सस्पेंड

डिजिटल डेस्क, विजयवाड़ा। आंध्र प्रदेश के तट की ओर चक्रवात अर्नब के बढ़ने के कारण उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है। बुधवार, 28 अक्टूबर को विजयवाड़ा एयरपोर्ट से इंडिगो की सभी उड़ानें रद कर दी गई हैं।

इलके अलावा, फ्लाई91 की हैदराबाद सेवाएं और दिल्ली-विजयवाड़ा के बीच चलने वाली वाली एयर इंडिया की एक उड़ान भी आज के लिए रद कर दी गई है।

चक्रवात के असर के कारण, मंगलवार 27 अक्टूबर को चेन्नई और बेंगलुरु को विजयवाड़ा से जोड़ने वाली इंडिगो की दो सेवाएं भी रद कर दी गई थीं।

गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा ‘अर्नब’

भारतीय मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि चक्रवात अर्नब और अधिक शक्तिशाली होकर एक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा। 28 अक्टूबर की सुबह तक यह बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार करेगा।

115-125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

इस तूफान के दौरान 115-125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लगातार हवाएं चलने की संभावना है, जबकि हवा के झोंके 140 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं। तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

28 अक्टूबर को विजयवाड़ा से इंडिगो की सभी उड़ाने रद

मिली जानकारी का अनुसार, बुधवार 28 अक्टूबर को विजयवाड़ा हवाई अड्डे से संचालित होने वाली इंडिगो की सभी उड़ाने रद कर दी गई हैं। फ्लाई91 ने भी बुधवार के लिए अपनी हैदराबाद की सेवाएं रद कर दी हैं।

यात्रियों के लिए सलाह

विजयवाड़ा हवाई अड्डे से यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले संबंधित एयरलाइंस से अपनी उड़ान की स्थिति जांच लें, क्योंकि चक्रवात के कारण यात्रा योजनाओं में रुकावट आ सकती है।

यह भी पढ़ें- चक्रवात ‘अर्णव’ का पुरी में दिखने लगा असर: मूसलाधार बारिश से जगन्नाथ मंदिर मार्ग पर पानी भरा

INDI गठबंधन में होगी जगन मोहन रेड्डी की एंट्री? 2029 लोकसभा चुनाव के लिए क्या है YSRCP की रणनीति

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। क्या वाईएसआरसीपी प्रमुख जगन मोहन रेड्डी अब कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDI गठबंधन की ओर रुख कर रहे हैं? या फिर वे भाजपा के प्रति ‘नरम’ मानी जाने वाली अपनी छवि को तोड़ने की कोशिश में हैं? आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने सत्ता में रहते हुए संसद में भाजपा नीत एनडीए सरकार के कई महत्वपूर्ण कानूनों को मुद्दा-आधारित समर्थन दिया था।

लेकिन अब तक वे किसी भी गठबंधन से दूर ही रहे। हाल ही में जगन रेड्डी ने 2023 में लाए गए मुख्य चुनाव आयुक्त चयन संबंधी एनडीए कानून का समर्थन करने को अपनी ‘गलती’ बताया और इस पर पछतावा जताया। इस बयान ने उनके भविष्य के राजनीतिक रुख को लेकर नई अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है।

जगन मोहन रेड्डी का पछतावा 

YSRCP प्रमुख ने हाल ही में कहा, ‘हमें उस प्रक्रिया का समर्थन करने पर पछतावा है जिसके तहत सत्ताधारी पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को चुना। न तो CEC और न ही SEC (राज्य चुनाव आयुक्त) की नियुक्ति सत्ताधारी पार्टी द्वारा की जानी चाहिए।

चयन समिति में प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) शामिल होने चाहिए और इन तीनों को ही मतदान का अधिकार होना चाहिए।’

उन्होंने मौजूदा चयन प्रणाली को ‘दोषपूर्ण’ करार दिया। जगन की इन टिप्पणियों का समय और संदर्भ काफी मायने रखता है। ऐसा इसलिए क्योंकि क्या वह अपनी ‘अकेले’ चलने वाली राजनीति पर फिर से विचार कर रहे हैं?

अगर ऐसा है, तो क्या कांग्रेस आंध्र प्रदेश में उनके साथ हाथ मिलाने को तैयार होगी? आखिरकार, अलग-अलग राज्यों में क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन करना कांग्रेस के लिए हमेशा से एक बड़ी कमजोरी साबित हुआ है।

NDA के अहम बिलों पर जगन का समर्थन

2019 से 2024 के बीच लोकसभा और राज्यसभा दोनों में, जगन मोहन रेड्डी के सांसदों ने कई महत्वपूर्ण कानूनों पर मोदी सरकार का समर्थन किया। हालांकि, जब 2024 के चुनावों के लिए गठबंधन बनाने की बात आई तो BJP ने जगन की मदद को नजरअंदाज कर दिया और उनके कट्टर प्रतिद्वंद्वी चंद्रबाबू नायडू के साथ हाथ मिला लिया।

आंध्र प्रदेश में TDP और BJP ने मिलकर चुनाव में शानदार जीत हासिल की; उन्होंने विधानसभा की 175 में से 164 सीटें और लोकसभा की 25 में से 21 सीटें जीतीं। वहीं, YSRCP विधानसभा में 11 और लोकसभा में 4 सीटों पर सिमट गई।

BJP द्वारा ठुकराए जाने और अपनी पार्टी की करारी हार के बावजूद, जगन मोहन रेड्डी को BJP के साथ अपने संबंधों को लेकर भरोसा था। आखिरकार, उनके पास अभी भी 15 सांसद (लोकसभा में 4 और राज्यसभा में 11) थे, जो केंद्र में BJP की अल्पमत सरकार को बहुत जरूरी समर्थन दे सकते थे।

जगन ने यह भी घोषणा की कि उनके सांसद राष्ट्रीय और राज्य हित के मुद्दों पर NDA सरकार को समर्थन देंगे। लेकिन, केंद्र में अपनी सरकार को बचाए रखने के लिए BJP पूरी तरह से चंद्रबाबू नायडू के समर्थन पर निर्भर थी, इसलिए BJP के पास जगन रेड्डी को साथ लेने की कोई गुंजाइश नहीं थी।

लगभग ढाई साल बीत जाने के बाद, ऐसा लगता है कि रेड्डी ने इस कड़वी सच्चाई को स्वीकार कर लिया है और शायद 2029 की अगली राजनीतिक चुनौती के लिए एक नया रास्ता खोजने की तैयारी कर रहे हैं।

जगन रेड्डी बनाम कांग्रेस

हालांकि, INDI गठबंधन के साथ किसी भी सफल गठबंधन के लिए, YSRCP और कांग्रेस का एक ही राय पर होना जरूरी होगा और शायद जगन मोहन रेड्डी के लिए यही सबसे बड़ी चुनौती होगी।

2010 में, अपने पिता YS राजशेखर रेड्डी के निधन के एक साल बाद, जगन मोहन रेड्डी कांग्रेस से काफी कड़वाहट के साथ अलग हो गए थे। 2 सितंबर 2009 को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में वाईएसआर रेड्डी की मौत हो गई, उस समय वे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अपना दूसरा कार्यकाल पूरा कर रहे थे।

जगन के समर्थकों ने, जिनकी संख्या काफी अधिक थी, इस शीर्ष पद के लिए कांग्रेस आलाकमान पर काफी दबाव डाला, लेकिन सोनिया गांधी अपनी बात पर अडिग रहीं और के. रोसैया को मुख्यमंत्री बना दिया।

कांग्रेस नेतृत्व को जगन की ‘ओदारपु यात्रा’ पसंद नहीं आई। यह यात्रा उनके उस घोषित कार्यक्रम का हिस्सा थी, जिसके तहत उन्हें उन कई लोगों के परिवारों से मिलना था, जिन्होंने उनके पिता की मौत के बाद अपनी जान दे दी थी।

इसी घटनाक्रम के चलते अंततः उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी। उन्होंने 29 नवंबर 2010 को सोनिया गांधी को एक खुला पत्र लिखकर कांग्रेस छोड़ने की घोषणा की। इस पत्र को बहुत सोच-समझकर लिखा गया था, ताकि उनके राजनीतिक करियर के दूसरे चरण के लिए जनता की सहानुभूति उन्हें मिल सके।

YSRCP की शानदार शुरुआत 

2014 के विधानसभा चुनावों में, YSRCP ने शानदार शुरुआत की और 44.46% वोट शेयर के साथ 175 में से 67 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को केवल 2.8% वोट शेयर ही मिल पाया। राज्य को बांटकर तेलंगाना बनाने के कांग्रेस के फैसले ने राज्य में पार्टी की गिरती राजनीतिक स्थिति में बड़ी भूमिका निभाई।

6 नवंबर 2017 को, जगन ने ‘प्रजा संकल्प यात्रा’ शुरू की और 341 दिनों में 3648 किमी की दूरी तय करते हुए 134 विधानसभा क्षेत्रों को पार किया।

इडुपुलापाया के YSR घाट से शुरू होकर इच्छापुरम के उत्तर-पूर्वी छोर तक गई इस यात्रा ने जगन मोहन रेड्डी को 2019 के चुनावों में 175 सदस्यीय विधानसभा में 151 सीटों का ऐतिहासिक जनादेश दिलाया।

कांग्रेस का वोट शेयर घटकर 1% से भी कम रह गया। तब से, कांग्रेस राज्य में अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस पाने की कोशिश कर रही है। पार्टी को पुनर्जीवित करने की योजना के तहत, उन्होंने जगन रेड्डी की बहन Y S शर्मिला को अपने साथ जोड़ा।

शर्मिला, जिन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत अपने भाई जगन मोहन रेड्डी के साथ की थी, बाद में कांग्रेस की ओर चली गईं और जनवरी 2024 में उन्हें आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। हालांकि, 2024 के चुनावों में जगन मोहन रेड्डी और उनकी बहन Y S शर्मिला, दोनों ही कोई खास प्रभाव नहीं डाल पाए।

2024 के चुनावों में जगन की चुनावी किस्मत बुरी तरह लड़खड़ा गई और उनकी पार्टी सिमटकर केवल 11 सीटों पर रह गई। कांग्रेस एक बार फिर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में नाकाम रही।

2029 लोकसभा चुनाव की चुनौती

अब बात आती है 2029 के चुनावों की, जो जगन मोहन रेड्डी और कांग्रेस, दोनों के लिए ‘करो या मरो’ की चुनौती है। CEC नियुक्ति बिल का समर्थन करने पर जगन की टिप्पणी, BJP का साथ देने को लेकर उनका पहला खुला ‘पछतावा’ है। लेकिन क्या इस ‘खुले पछतावे’ का मतलब कांग्रेस की ओर दोस्ती का हाथ बढ़ाना है?

अगर दोनों का विलय हो जाता है, तो सच कहूं तो उन्हें बहुत बड़ा फायदा होगा, क्योंकि तब केंद्रीय कांग्रेस और जगनमोहन की कांग्रेस एक ही दिशा में काम कर सकेंगी।’

हालांकि, वे यह भी मानते हैं कि दोनों पार्टियों का विलय एक मुश्किल प्रक्रिया हो सकती है, जबकि गठबंधन करना शायद आसान हो। संजय झा आगे कहते हैं, ‘एक बार जब कोई राजनीतिक पार्टी स्वतंत्र हो जाती है और उसके पास सत्ता आ जाती है, तो वह जल्दी से उसे छोड़ना नहीं चाहती। टीएमसी (TMC) या एनसीपी (NCP) इसके अच्छे उदाहरण हैं।

ऐसे में, उनके बीच गठबंधन ही एक विकल्प हो सकता है।’ संजय झा के अनुसार, तीसरा विकल्प यह है कि कांग्रेस आंध्र प्रदेश में खुद को फिर से मजबूती से खड़ा करे इसके लिए उसे चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ मौजूद असंतोष के वोटों को हासिल करना होगा और कांग्रेस के उन वफादार समर्थकों को वापस लाना होगा, जो जगनमोहन रेड्डी के साथ चले गए थे।

कहना आसान और करना मुश्किल

जिन राज्यों में कांग्रेस सत्ता गंवा चुकी है, वहां उसे वापस पाने के मामले में उसका रिकॉर्ड काफी खराब रहा है। देश के कई राज्यों में हमने देखा है कि कांग्रेस ने न केवल अपनी सरकार खोई, बल्कि अपना जनाधार भी गंवा दिया और उसे वापस पाने के लिए पार्टी ने कोई खास कोशिश नहीं की।

आंध्र प्रदेश में, चंद्रबाबू नायडू और बीजेपी अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं। हाल ही में एक सम्मेलन में नायडू ने दक्षिणी राज्यों के बीच बेहतर सहयोग और तालमेल की जो बात कही, वह शायद अपनी अहमियत और प्रासंगिकता बनाए रखने की एक कोशिश है। पिछले विधानसभा चुनावों में विजय की TVK से सत्ता गंवाने से पहले, DMK के एम.के. स्टालिन ने भी कुछ ऐसे ही कदम उठाए थे।

2029 में जगन मोहन रेड्डी और कांग्रेस के सामने चुनावी लड़ाई काफी कठिन होने वाली है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वे चंद्रबाबू नायडू और बीजेपी का मुकाबला करने के लिए आपस में गठबंधन कर पाते हैं या नहीं।

यह भी पढ़ें- चुनाव आयोग विवाद के बीच परिसीमन पर सियासी हलचल, जगन रेड्डी के ‘पश्चाताप’ से विपक्ष को दिखी नई उम्मीद

यह भी पढ़ें- ‘क्या नारा लोकेश लेंगे नैतिक जिम्मेदारी?’, प्रधान के इस्तीफे के बाद जगन रेड्डी ने मांगा आंध्र प्रदेश के शिक्षा मंत्री का इस्तीफा