हिन्दू कल्याण मंच द्वारा आयोजित रामलीला मंचन के तीसरे दिन बुधवार की रात प्रभु श्रीराम की भक्ति, श्रद्धा और आदर्शों की अनुपम छटा बिखरी। बाल कलाकारों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। वनगमन, केवट संवाद, सूर्पनखा नासिका भेदन और सीता हरण की लीलाओं का मनोहारी मंचन देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरा वातावरण जय श्रीराम के जयघोष और भक्तिमय उल्लास से गूंजता रहा। रामलीला के दौरान वनगमन प्रसंग ने दर्शकों को त्याग, कर्तव्य और मर्यादा का संदेश दिया। राजमहल के सुखों को त्यागकर पिता के वचन की मर्यादा निभाने के लिए वन की ओर प्रस्थान करने वाले भगवान श्रीराम के चरित्र ने उपस्थित लोगों को धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। माता सीता और भ्राता लक्ष्मण के साथ उनका वनगमन श्रद्धालुओं के लिए विशेष भावुक क्षण बना। केवट संवाद के मंचन में प्रभु श्रीराम और निषादराज केवट के बीच प्रेम, समर्पण तथा निष्काम भक्ति का सुंदर चित्रण हुआ। इस प्रसंग ने संदेश दिया कि ईश्वर के दरबार में धन, वैभव और ऊंच-नीच का कोई महत्व नहीं, बल्कि सच्ची श्रद्धा और निर्मल भाव ही सर्वोपरि हैं। कलाकारों की प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया। इसके बाद सूर्पनखा नासिका भेदन और सीता हरण की लीला का मंचन हुआ। इन प्रसंगों ने रामायण की कथा को नया मोड़ देते हुए धर्म और अधर्म के संघर्ष को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। बाल कलाकारों के अभिनय, संवाद और भावाभिव्यक्ति ने दर्शकों को कथा से जोड़े रखा। कार्यक्रम का संचालन उमेश उमंग ने किया। इस अवसर पर नितेश श्रीवास्तव, प्रमोद मद्धेशिया, विकास जायसवाल, रवि यादव, रविराज जायसवाल, आशीष अग्रवाल, दीपक जायसवाल, आशीष जायसवाल, मनोज लोहिया, विवेक जायसवाल, सुनील रौनियार, मोहन रौनियार, जयहिंद गुप्ता, अंकित लाठ और शुभम केडिया सहित मंच के अनेक पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
ट्रैक्टर को धक्का देते समय पहिए के नीचे आया:बस्ती में युवक की मौत, पुलिस ने जांच शुरू की
बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र के वीरपुर खरहरा गांव में बुधवार शाम करीब 7 बजे ट्रैक्टर को धक्का देते समय 40 वर्षीय युवक पहिए के नीचे आ गया। उसे सीएचसी विक्रमजोत ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान खुशी राम चौहान (40), पुत्र गरीब दास, निवासी वीरपुर खरहरा के रूप में हुई है। बताया गया कि वह ट्रैक्टर को धक्का दे रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ा और वह ट्रैक्टर के नीचे आ गए।
परिजन उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी विक्रमजोत ले गए। सूचना मिलने पर छावनी थाना प्रभारी राणा डीपी सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
राजोआना के मृत्युदंड को उम्रकैद में बदलने की याचिका का केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में किया विरोध
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में बलवंत सिंह राजोआना की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदलने संबंधी याचिका का पुरजोर विरोध किया है। 1995 में बेअंत सिंह की हत्या के मामले में दोषी राजोआना की याचिका पर अदालत अगली सुनवाई 18 नवंबर को करेगी।
राजोआना 29 साल से अधिक समय से जेल में बंद है। इनमें 15 साल से अधिक समय वह मृत्युदंड पाए कैदी के रूप में जेल में रहा है। उसने दया याचिका पर फैसला लेने में देरी के आधार पर मृत्युदंड को उम्रकैद में बदलने की मांग की है।
केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के एम. नटराज ने जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस संदीप मेहता और अपरेश कुमार सिंह की पीठ से कहा कि हम इस मामले में दलीलें देंगे। मुझे नहीं लगता कि ऐसी प्रार्थना स्वीकार की जा सकती है। राजोआना की ओर से पेश अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने अदालत को बताया कि याचिकाकर्ता की दया याचिका लंबित है।
कटरा की रामलीला में श्रीराम ने शिव धनुष तोड़ा:पांचवें दिन धनुष यज्ञ, रावण-बाणासुर और लक्ष्मण-परशुराम संवाद का मंचन
श्रावस्ती के कटरा कस्बे में चल रही रामलीला के पांचवें दिन धनुष यज्ञ और रावण-बाणासुर संवाद का मंचन हुआ। भगवान श्रीराम ने शिव धनुष तोड़ा और सीता ने उन्हें वरमाला पहनाई। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की आरती से हुई। जनकपुर के राजदरबार में सीता स्वयंवर का दृश्य दिखाया गया। राजा जनक के बुलावे पर कई राजा स्वयंवर में पहुंचे और शिव धनुष तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। आमंत्रण न मिलने से नाराज रावण भी स्वयंवर में पहुंचा। वहां रावण और बाणासुर के बीच संवाद हुआ। सभी राजाओं के असफल होने पर राजा जनक दुखी हुए। लक्ष्मण ने कहा कि सभा में सूर्यवंशी प्रभु श्रीराम भी मौजूद हैं। गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से श्रीराम ने शिव धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाई और उसे तोड़ दिया। धनुष टूटने पर देवताओं ने पुष्पवर्षा की। सीता ने श्रीराम के गले में वरमाला पहनाई। पंडाल में जय श्रीराम और सीताराम के जयकारे गूंजे। धनुष टूटने की खबर मिलने पर परशुराम जनक दरबार पहुंचे और धनुष तोड़ने वाले के बारे में पूछा। लक्ष्मण और परशुराम के बीच संवाद हुआ। श्रीराम ने विनम्रता से परशुराम का क्रोध शांत करने की कोशिश की। अंत में परशुराम ने श्रीराम को पहचान लिया और अपना धनुष उन्हें सौंपकर हिमालय की ओर चले गए। मंचन के दौरान दर्शक कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे।
कूनो में चीते के शावक की मौत पर केंद्र सख्त, जांच के लिए भेजी उच्चस्तरीय टीम
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छर्रों से लगी चोट के कारण चीते के शावक की मौत की जांच के लिए केंद्र सरकार ने उच्चस्तरीय टीम भेजी है।
केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि जांच दल में वन महानिरीक्षक (राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण), वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के अतिरिक्त निदेशक और क्षेत्रीय उपनिदेशक शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि शिकारियों ने मादा चीता निर्वा के 19 माह के शावक को गोली मारकर घायल कर दिया था। मंगलवार को उसकी मौत हो गई थी। उसके शरीर में पांच छर्रे मिले थे। चीता पुनर्वास परियोजना शुरू होने के बाद चार वर्षों में इस तरह की यह पहली घटना है।
21 सितंबर से अब तक तीन चीतों को मिलाकर एक वर्ष के भीतर 14 चीतों की मौत हुई है। जांच दल को शावक की मौत की परिस्थितियों की गहन पड़ताल करने, उपलब्ध सभी साक्ष्यों की जांच करने और मध्य प्रदेश वन विभाग के साथ निकट समन्वय कर सख्त एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। राज्य सरकार ने घटना की जांच के लिए विशेष कार्यबल का गठन पहले ही कर दिया है।
करवा चौथ की खरीदारी के लिए आनंद नगर में भीड़:महिलाएं गुरुवार को पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखेंगी
फरेंदा नगर पंचायत आनंद नगर के बाजारों में करवा चौथ को लेकर भीड़ बढ़ गई है। बुधवार को महिलाओं ने पूजा सामग्री, करवा, छलनी, पूजा की थाली, मिठाइयां और श्रृंगार का सामान खरीदा।
गुरुवार को सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखेंगी। मान्यता के अनुसार, वे शाम को करवा चौथ की कथा सुनेंगी और पूजा करेंगी। इसके बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर पति के हाथों जल ग्रहण करेंगी और व्रत खोलेंगी।
आनंद नगर के बाजारों में महिलाएं पूजा सामग्री के साथ साड़ी, चूड़ियां, बिंदी, मेहंदी और अन्य श्रृंगार का सामान खरीद रही हैं। दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। बाजारों में खरीदारी के चलते रौनक दिखाई दे रही है।
शंकरपुर में पशुपालकों के लिए प्रशिक्षण कैंप:पशु चिकित्सालय विक्रमजोत ने मौसमी रोग, टीकाकरण और पशु बीमा की जानकारी दी
विक्रमजोत ब्लॉक की ग्राम पंचायत शंकरपुर में बुधवार को पशु चिकित्सालय विक्रमजोत ने पशुपालक प्रशिक्षण कैंप लगाया। यह कैंप 29 अक्टूबर 2026 को ग्राम प्रधान निर्मला यादव के घर पर हुआ।
कैंप का नेतृत्व पशु चिकित्सा अधिकारी राम मूर्ति वर्मा ने किया। उनके साथ वार्ड ब्वाय और विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
डॉ. वर्मा ने पशुपालकों को मौसमी रोगों, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, संतुलित पशु आहार और पशु बीमा योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर टीका लगाने और साफ-सफाई रखने से पशुओं को कई बीमारियों से बचाया जा सकता है।
इस मौके पर प्रधान प्रतिनिधि शिव पूजन यादव, आशीष कुमार यादव, सुकई मौर्या, धर्मेन्द्र मौर्य, जगदेव यादव और हनुमान प्रसाद समेत गांव के पशुपालक और ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने कैंप की सराहना की। उन्होंने कहा कि गांव में कैंप लगने से उन्हें लाभ मिला।
‘सौरव दास का मेंटर नहीं था, बस एक-दो बार ही मुलाकात हुई’, जस्टिस कौल ने साफ किया रुख
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन से जुड़े विवाद के बीच, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस संजय किशन कौल ने एक इंटरव्यू में कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर अपने विचार रखे हैं।
पार्टी के नेता सौरव दास से अपने संबंधों को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे उनका ‘मेंटर’ नहीं थे। एक साल पहले दिवाली के मौके पर ली गई एक तस्वीर को गलत ढंग से पेश किया गया। उन्होंने बताया कि सौरव पूर्व में एक पत्रकार थे, जिनसे बस एक-दो बार ही मुलाकात हुई थी। उस दौरान उन्होंने सौरव को अपनी भाषा में थोड़ी नरमी लाने की सलाह दी थी, क्योंकि अलग-अलग पीढ़ियों की भाषा में अक्सर फर्क होता है।
जस्टिस कौल ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) की नियुक्ति में एक तटस्थ तीसरे पक्ष की भूमिका और स्वतंत्र सदस्य की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इस पर विचार किया जाना चाहिए। अनुच्छेद 370 के फैसले के बाबत उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत कश्मीरी हिंदू पृष्ठभूमि के बावजूद उन्होंने हमेशा एक ‘संवैधानिक जज’ के रूप में अपनी निष्पक्ष भूमिका निभाई।
इसके अलावा, पूर्व सीजेआइ डीवाई चंद्रचूड़ के साथ अपने संबंधों और कई न्यायिक नियुक्तियों के दौरान कार्यपालिका के दबाव से निपटने के अपने अलग तरीकों का भी उन्होंने जिक्र किया।
उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे सिस्टम में अब “मुकदमे की लंबी प्रक्रिया ही अपने आप में सजा बन जाती है”, हालांकि कुछ कठोर कानून जमानत पर रोक लगाते हैं।
जस्टिस यशवंत वर्मा के मामले की जांच को ‘अनुचित’ बताते हुए उन्होंने कहा कि कमरे में आग लगने के कारणों और मिले पैसों की सच्चाई सामने आनी चाहिए थी। साथ ही, उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अदालतों को विपक्ष का हथियार या राजनीतिक मंच नहीं बनना चाहिए। पीएमएलए मामले में किसी भी दबाव से इन्कार करते हुए उन्होंने अधिवक्ता सौरभ कृपाल के रोके गए कालेजियम प्रस्ताव पर भी अपनी बात रखी।
श्रावस्ती में बाइक खाई में पलटी:सामान खरीदने जा रहे अधेड़ गंभीर रूप से घायल, सीएचसी में प्राथमिक उपचार जारी
श्रावस्ती के इकौना इलाके में बाइक सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में रामकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
रामकुमार समगड़ा पासी पुरवा के रहने वाले हैं। वह बाइक से सामान खरीदने समगड़ा चौराहे की ओर जा रहे थे, तभी बाइक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई।
स्थानीय लोगों ने रामकुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया। वहां उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
बताया जा रहा है कि बाइक अनियंत्रित होने से हादसा हुआ। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।














