Home Blog Page 328

‘सिर्फ भावुक सर्कुलर से नहीं रुकेगी एसिड की बिक्री’, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को लगाई फटकार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में एसिड अटैक की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को फटकार लगाई है। प्रधान न्यायाधीश (सीजेआइ) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जोयमल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि केवल भावुक भाषा में सर्कुलर जारी करने से एसिड बिक्री पर रोक का उद्देश्य पूरा नहीं होगा।

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि केंद्र यह मानकर संतुष्ट नहीं हो सकता कि उसने दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं और सारी जिम्मेदारी राज्यों पर छोड़ दी है।

पीठ ने मौखिक रूप से टिप्पणी की कि यदि दिशानिर्देशों के बावजूद ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हो रही हैं, तो इसका साफ अर्थ है कि नीति पूरी तरह विफल हो चुकी है और इसमें खामियां हैं।

कोर्ट ने केंद्र से सवाल किया कि उसने किसी राज्य से यह पूछने के लिए कोई सर्कुलर क्यों नहीं जारी किया कि दिशानिर्देशों के बावजूद वहां घटनाएं क्यों हुईं? इसके साथ ही, प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया गया।

केंद्र की ओर से पेश अडिशनल सालिसिटर जनरल अर्चना पाठक दवे ने स्वीकार किया कि हालांकि एसिड की खुदरा बिक्री पर प्रतिबंध के विस्तृत दिशानिर्देश राज्यों को भेजे गए थे और उन्होंने नियम भी बनाए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इनका क्रियान्वयन बेहद कमजोर है।

कोर्ट ने ‘एसिड अटैक की बढ़ती और बर्बर घटनाओं’ पर चिंता जताते हुए केंद्र को निर्देश दिया कि वह बाजार में आसानी से मिलने वाले एसिड के दुरुपयोग को रोकने के लिए उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों की सूची देते हुए एक हलफनामा दाखिल करे।

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट की यह पीठ एसिड अटैक पीड़िता शाहीन मलिक की उस जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही है, जिसमें पीड़ितों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए उन्हें दिव्यांग श्रेणी में शामिल किए जाने की मांग की गई है। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

पति-पत्नी के विवाद के बाद महिला की मौत:बस्ती के गौरा गांव की घटना, जहरीला पदार्थ खाने के बाद अस्पताल में चल रहा था इलाज

बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव में मंगलवार को पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद 31 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान मोहम्मद रफीक की पत्नी गुलिस्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को गुलिस्ता और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले गए। वहां से गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में परिजन उसे कैली अस्पताल ले गए, जहां देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर होगी।इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

फसल काटने को लेकर दो पक्षों में मारपीट:श्रावस्ती में FIR दर्ज, पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई

श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र में कैलाश पुरवा से सीताद्वार जाने वाले मार्ग पर खेत की फसल काटने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और क्षेत्राधिकारी इकौना मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 अक्टूबर 2026 को हुई थी। विवाद के बाद मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर इकौना थाने में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने नामजद आरोपी को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। क्षेत्राधिकारी भरत पासवान ने बताया कि घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।

Cyclonic Arnab LIVE: बुधवार रात 2 से 4 बजे के बीच आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा तूफान अर्णब, ओडिशा-बंगाल से यूपी तक दिखेगा असर

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अर्णब विकराल रूप धारण कर चुका है। इसकी ताकत के साथ-साथ दायरा भी बढ़ता जा रहा है। बुधवार को जब यह आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा, तब हवा की रफ्तार लगभग डेढ़ सौ किलोमीटर प्रतिघंटे और झोंकों की रफ्तार 170 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इसके प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के बड़े हिस्से में बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। उत्तर भारत के कई राज्यों में भी बेमौसम बारिश के आसार हैं। इससे खेती से लेकर रेल परिचालन और जनजीवन तक प्रभावित हो सकता है। सबसे ज्यादा खतरा आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में है।

चक्रवात अर्णब बुधवार को आंध्र प्रदेश तट से टकराएगा

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार अति प्रचंड चक्रवाती तूफान अभी बंगाल की खाड़ी में विशाखापत्तनम के पास तक पहुंच गया है। बुधवार दोपहर बापटला एवं विशाखापत्तनम के बीच तट पार करने की संभावना है।

तूफान के प्रभाव को देखते हुए तटीय राज्यों में बचाव और राहत की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। एनडीआरएफ की 31 टीमें तैनात की गई हैं। असमय बारिश के चलते खरीफ फसलों की कटाई, मड़ाई एवं भंडारण प्रभावित हो सकता है।

आंध्र प्रदेश में तटीय जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। श्रीकाकुलम, विशाखापत्तनम एवं काकीनाडा सहित कई क्षेत्रों में तेज हवा के साथ भारी बारिश का खतरा है। ऊंची लहरें उठने की आशंका के बीच लोगों को समुद्र तट से दूर रहने और प्रशासन के निर्देश पर सुरक्षित आश्रय स्थलों में जाने की सलाह दी गई है।

ओडिशा में गजपति और नबरंगपुर जिलों से बड़े पैमाने पर लोगों को हटाया जा रहा है। आठ जिलों में मंगलवार और बुधवार को स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश की आशंका है। झारखंड में अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रह सकता है। रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वी, मध्य, उत्तरी भारत में भारी बारिश की आशंका

अर्णब का प्रभाव उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है, जहां 29 से लेकर 30 अक्टूबर तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। दिल्ली, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी 29-30 अक्टूबर को कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।

गरज-चमक और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है। हालांकि, बारिश का असर हर जिले में एक जैसा नहीं होगा। विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम रेल मंडलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। करीब 600 किलोमीटर रेलमार्ग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मारी:महाराजगंज के कोल्हुई में चौकी से 200 मीटर दूर हादसा; राहगीर महिला की सूचना पर अस्पताल में भर्ती

महाराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एकसड़वा पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर दूर एक हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से एक मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना रात करीब 9 बजे की है। वहां से गुजर रही एक महिला राहगीर ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। जोगियाबारी चौकी इंचार्ज पंकज सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तुरंत लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। युवक नौतनवा थाना क्षेत्र के बनवाटरी गांव के पास पड़रहवा का रहने वाला है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

FASTag के नए नियम: 1500 में बनेगा सालभर का पास, बार-बार नहीं देने पड़ेंगे टोल टैक्स; किसे मिलेगा लाभ?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नेशनल हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग एक नवंबर से सालाना रियायती लोकल पास ले सकेंगे। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, नगरपालिका या स्थानीय कस्बे की सीमा से बाहर स्थित टोल प्लाजा के लिए पास का सालाना शुल्क 1,500 रुपये और सीमा के भीतर स्थित प्लाजा के लिए 3,000 रुपये होगा।

वैध और चालू फास्टैग वाले पात्र गैर-व्यावसायिक वाहन मालिक किसी खास शुल्क प्लाजा से आने-जाने के लिए मौजूदा मासिक पास या रियायती लोकल पास में से चुन सकते हैं।

यह पास केवल उसी प्लाजा के लिए मान्य होगा और दूसरे प्लाजा पर इस्तेमाल के लिए हस्तांतरित नहीं किया जा सकेगा। फिलहाल पात्र लोग 360 रुपये का मासिक पास लेते हैं, जिसकी सालाना लागत 4,320 रुपये है।

मंत्रालय ने आगे कहा कि ऐसे किसी भी राष्ट्रीय राजमार्ग या एक्सप्रेसवे पर आने-जाने के लिए कोई रियायती स्थानीय पास जारी नहीं किया जाएगा, जहां ‘क्लोज्ड यूजर फीस कलेक्शन सिस्टम’ के आधार पर शुल्क लिया जाता है। यात्रियों के लिए सर्विस रोड या वैकल्पिक सड़क उपलब्ध होने पर भी पास नहीं मिलेगा।

मंत्रालय के अनुसार, देश में 13 करोड़ से अधिक फास्टैग जारी किए जा चुके हैं। नए प्रविधान का उद्देश्य टोल प्लाजा के पास रहने वाले पात्र लोगों के लिए यात्रा को किफायती बनाना और आवागमन आसान करना है। (समाचार एजेंसी PTI के इनपुट के साथ)

 

 

 

गौर में युवक पर लाठी-डंडों से हमला:जान से मारने की धमकी देने के आरोप में दो नामजद, पुलिस ने केस दर्ज किया

बस्ती के गौर थाना क्षेत्र में एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौर गांव के महेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि शाम करीब चार बजे पिपरा सुनीली के राहुल और मनोज ने उन पर लाठी-डंडों से हमला किया। इस हमले में उनके सिर पर चोटें आईं।
महेंद्र ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने अपने बेटे हेमंत के साथ भी मारपीट का आरोप लगाया है।
महेंद्र कुमार की शिकायत पर गौर थाने में एफआईआर (मु0अ0सं0 183/2026) दर्ज की गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 351(3) और 352 लगाई गई हैं। उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह मामले की जांच कर रहे हैं।

रामलीला के चौथे दिन अहिल्या उद्धार का मंचन:श्रीराम-लक्ष्मण ने सुबाहु-ताड़का का वध किया, पुष्प वाटिका लीला देख दर्शक मंत्रमुग्ध

श्रावस्ती के कटरा स्थित श्रीराम जानकी मंदिर बड़की कुट्टी में चल रही रामलीला के चौथे दिन अहिल्या उद्धार का मंचन हुआ। कलाकारों ने विश्वामित्र के साथ वन गए श्रीराम-लक्ष्मण द्वारा यज्ञ में बाधा डालने वाले सुबाहु, ताड़का व मरीचि असुरों के वध को दर्शाया। मंचन में गौतम ऋषि के शाप से शिला बनी अहिल्या के उद्धार को दिखाया गया। विश्वामित्र के साथ आश्रम से गुजरते समय श्रीराम के चरणों के स्पर्श से शिला स्त्री में बदल गई और अहिल्या शापमुक्त हुईं। इसके बाद भगवान राम और लक्ष्मण के पुष्प वाटिका जाने की लीला का मंचन हुआ। सीता स्वयंवर में गुरु विश्वामित्र के साथ राम-लक्ष्मण पहुंचे थे। सीताजी पूजा के लिए फूल तोड़ने वाटिका गईं, जहां राम-लक्ष्मण भी फूल तोड़ने पहुंचे। राम के वाटिका में प्रवेश पर माली ने उन्हें रोका। माली ने बताया कि अंदर कई भंवरे हैं जो कमल जैसी आंखों और मुख पर मंडराते हैं। उसने राम से सीताजी की जय बोलकर जाने को कहा।

साइबर सुरक्षा के लिए 13 लाख प्रोफेशनल्स की जरूरत, डीपीडीपी कानून अगले से होगा लागू

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। इलेक्टॉनिक्स व आईटी मंत्रालय के संयुक्त सचिव के के सिंह ने कहा कि अभी देश में साइबर हमले से बचने के लिए पांच लाख प्रोफेशनल्स काम कर रहे हैं जबकि इस जोखिम से मुकाबले के लिए 13 लाख प्रोफेशनल्स की जरूरत है।

मंगलवार को ट्रेड प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया (टीपीसीआई) की तरफ से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की उपयोगिता और साइबर सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर आयोजित एक कार्यक्रम में सिंह ने कहा कि अभी हमारे देश में साइबर सुरक्षा को लेकर अलग से कोई कानून नहीं है, लेकिन जरूरत पड़ी तो अलग से कानून भी बनाया जा सकता है।

वर्तमान में आईटी नियम के आधार पर साइबर हमलों से निपटा जाता है। कई साइबर हमलों की तो जानकारी सामने नहीं आती है।

सिंह ने बताया कि उनके मंत्रालय ने डिजिटल प्रोटेक्शन डाटा प्रोटेक्शन (डीपीडीपी) कानून को अधिसूचित कर दिया है और अगले साल मध्य से यह कानून अमल में आ सकता है। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत इस कानून के मुताबिक अपनी तैयारी शुरू कर दिए होंगे और इस नियम के मुताबिक काम करने के लिए उद्योग जगत ऐसे सोल्यूशन लेकर आएंगे जो सस्ते होंगे।

इस मौके पर टीपीसीआई के चेयरमैन मोहित सिंगला ने कहा कि 47 प्रतिशत संस्थाएं एआई जेनरेटिव का इस्तेमाल कर रहे हैं और 93 प्रतिशत संगठन अगले 12 से 18 महीनों में एआई का इस्तेमाल शुरू करने जा रहे हैं। एआई का इस्तेमाल डीपफेक और साइबर हमले में भी किया जा रहा है।

वर्ष 2024 में साइबर फ्राड के कारण भारत में 22,845 करोड़ का नुकसान हुआ। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि डीपफेक के इस्तेमाल से कितना बड़ा फ्रॉड हो रहा है। डीपफेक के आधार पर अब सामूहिक नुकसान पहुंचाने का काम शुरू हो चुका है।

कॉस्मेटिक की दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर-राख:महराजगंज के इटहिया धाम में हादसा; ग्रामीणों ने दीये से आग लगने की जताई आशंका, कारण स्पष्ट नहीं

महराजगंज के निचलौल क्षेत्र स्थित इटहिया धाम में एक कॉस्मेटिक की दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग से दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए। आग पर काबू पा लिया गया, हालांकि दुकान में रखे सामान को काफी नुकसान पहुंचा। इटहिया धाम में स्थित कॉस्मेटिक की दुकान में आग लगने की घटना हुई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा कॉस्मेटिक और अन्य सामान जल गया। ग्रामीणों के मुताबिक, दुकान में जल रहे दीये से आग लगने की आशंका है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस बोली- आग पर पाया काबू इस संबंध में थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। नुकसान का सही आकलन भी नहीं हो पाया है।