Home Blog Page 327

लालपुर में दो बाइकों की टक्कर,:ससुराल आया युवक गंभीर घायल,टक्कर के बाद बाइक चालक फरार, पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, तलाश जारी

मंगलवार शाम 7 बजे कोल्हुई थाना क्षेत्र के लालपुर में दो बाइकों की टक्कर हो गई। इस हादसे में ससुराल आया एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रद्युम्न पासवान अपने साले के साथ बड़ीहरी से बहादुरी जा रहा था। वह बाइक पर पीछे बैठा था। तभी कोल्हुई की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उनकी गाड़ी में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों बाइक सवार जमीन पर गिर गए और प्रद्युम्न पासवान घायल हो गया। आसपास के लोगों को जमा होते देख दूसरा बाइक चालक अपनी मोटरसाइकिल लेकर भाग गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी और घायल प्रद्युम्न को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। थानाध्यक्ष अभय नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस फरार बाइक चालक की तलाश कर रही है।

‘पूर्व अनुमति जरूरी हुई तो बंद हो जाएंगे न्यूजरूम’, डाटा संरक्षण कानून को सुप्रीम कोर्ट में दी गई चुनौती; केंद्र को मिला नोटिस

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन (डीएनपीए) ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट से कहा कि डिजिटल पर्सनल डाटा प्रोटेक्शन (डीपीडीपी) एक्ट और डीपीडीपी नियमों के तहत अगर पत्रकारों को सूचना प्रकाशित करने से पहले अनुमति लेने के लिए बाध्य किया गया तो न्यूज रूम बंद हो जाएंगे।

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने डीएनपीए की दलीलों और याचिका पर संज्ञान लिया। डीएनपीए में 21 डिजिटल समाचार प्रकाशक शामिल हैं, जिनमें अंबानी व अदाणी समूह की कंपनियां भी हैं। पीठ ने केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय और इलेक्ट्रानिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को नोटिस जारी किए।

मामले पर अगली सुनवाई 17 नवंबर को होगी। सुनवाई की शुरुआत में डीएनपीए की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता माधवी दीवान ने पीठ से स्थगन की अर्जी पर विचार करने का भी आग्रह किया। लेकिन पीठ ने सरकार को सुने बिना कानून पर अंतरिम रोक लगाने से इन्कार कर दिया। प्रधान न्यायाधीश ने कहा, ‘दूसरे पक्ष को सुने बिना रोक नहीं लगाई जा सकती। हालांकि, रोक लगाने की अर्जी पर नोटिस जारी किया गया है।’

माधवी दीवान ने कहा कि पत्रकारिता गतिविधियों को छूट नहीं मिलने से समाचारों की कवरेज और रिपोर्ट करने के तरीके में बुनियादी बदलाव आ सकता है। दीवान ने कहा, ‘यह शायद उस मीडिया की पहली व्यापक याचिका है जिसे हम पारंपरिक मीडिया कहते हैं।

सिटीजन जर्नलिस्ट को लेकर कुछ बहस हुई है। हम पारंपरिक और मुख्यधारा का मीडिया हैं।’ वरिष्ठ अधिवक्ता ने कहा कि पत्रकारों को किसी व्यक्ति के बारे में सूचना प्रकाशित करने से पहले उससे अनुमति लेने की बाध्यता न्यूज रूम के कामकाज को कमजोर कर सकती है।

उन्होंने सूचना का अधिकार (आरटीआइ) अधिनियम की धारा 8(1)(जे) में संशोधन पर भी चिंता जताई। यह धारा सरकारी अधिकारियों के पास मौजूद व्यक्तिगत जानकारी उजागर करने से संबंधित है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को छूट न देना प्रेस की पूर्व-सेंसरशिप के समान है और इससे समाचार कवरेज पर गंभीर असर पड़ सकता है।

दीवान ने कहा कि पहले के कानूनों में पत्रकारिता को छूट दी गई थी और सवाल किया कि यह छूट बरकरार क्यों नहीं रखी गई। याचिका में डाटा संरक्षण कानून और उससे जुड़े नियमों के कई प्रविधानों को असंवैधानिक घोषित कर रद करने की मांग की गई है। इसमें कहा गया है कि पत्रकारिता को छूट नहीं मिलने से खोजी पत्रकारिता कमजोर पड़ सकती है और सूत्रों की गोपनीयता से समझौता हो सकता है। (समाचार एजेंसी PTI के इनपुट के साथ)

 

एकसड़ा चौराहे के पास टेंपो-बाइक में भिड़ंत:आधा दर्जन लोग घायल, अनियंत्रित होकर पलटा टेंपो

बस्ती के एकसड़ा चौराहे के पास मंगलवार को एक टेंपो और मोटरसाइकिल में टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में टेंपो में सवार करीब छह लोगों को चोटें लगीं। हालांकि, किसी को भी गंभीर चोट लगने की जानकारी नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, टेंपो कलवारी से बस्ती की ओर जा रहा था। एकसड़ा चौराहे के पास अचानक उसकी मोटरसाइकिल से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो सड़क पर ही पलट गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को टेंपो से बाहर निकाला गया। कुछ घायलों को शुरुआती इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल, दुर्घटना के कारणों और घायलों की पहचान के बारे में अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।

गिलौला में महर्षि वाल्मीकि जयंती पर विशाल भंडारा:श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद, शोभायात्रा और रामायण पाठ भी हुआ

श्रावस्ती के गिलौला बाजार में महर्षि वाल्मीकि मंदिर पर जयंती के मौके पर धार्मिक कार्यक्रम हुए। मंगलवार को मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें आसपास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद लिया। सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर मंदिर से गिलौला बाजार में शोभायात्रा निकाली गई। इसमें भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान, महर्षि वाल्मीकि और लव-कुश की झांकियां शामिल थीं। बाजार के लोगों ने झांकियों के दर्शन कर आरती की। मंदिर परिसर में सोमवार से रामायण पाठ भी शुरू हुआ था। मंगलवार को पाठ खत्म होने के बाद भंडारा हुआ। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर महर्षि वाल्मीकि को नमन किया।

‘खरगे की टिप्पणी से प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंची’, सर्वे में 68 प्रतिशत लोगों ने कहा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर एक सर्वेक्षण में दावा किया गया है कि 68 प्रतिशत लोगों का मानना है कि इससे प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंची है। वहीं, 54 प्रतिशत लोगों ने इसे कांग्रेस की हताशा और वैचारिक कमजोरी का संकेत बताया।

मैट्रिज न्यूज कम्युनिकेशंस नामक एजेंसी द्वारा किए गए इस सर्वेक्षण में कुल 5,000 लोगों को शामिल किया गया। एजेंसी के अनुसार, 72 प्रतिशत लोगों ने माना कि खरगे की टिप्पणी सनातन संस्कृति और भारतीय मूल्यों के प्रति सम्मान की कमी दर्शाती है। सर्वेक्षण 25 से 27 अक्टूबर के बीच कंप्यूटर आधारित टेलीफोन साक्षात्कार (सीएटीआइ) के माध्यम से किया गया। हालांकि, सर्वेक्षण के इन निष्कर्षों को एजेंसी के दावों के रूप में देखा जाना चाहिए।

दरअसल, खरगे ने रविवार को पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विवादित टिप्पणी की थी। यह कार्यक्रम बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में एक व्यक्ति ने कहा था कि प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाने वाले हैं। इसके जवाब में खरगे ने प्रधानमंत्री के पिता का उल्लेख करते हुए टिप्पणी की, जिस पर विवाद खड़ा हो गया।

सर्वेक्षण जारी करने वाली एजेंसी ने कहा कि अधिकांश लोगों ने टिप्पणी को प्रधानमंत्री पद की गरिमा के विरुद्ध बताया और इसे कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति से जोड़कर देखा। खरगे की टिप्पणी को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने के बीच सर्वेक्षण के आंकड़े सार्वजनिक किए गए हैं।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट कर साथ)

सीओ ने रावण दहन मेले में सुरक्षा परखी:बारी गांव में पुलिस की मुस्तैदी का जायजा लिया, दिए जरूरी निर्देश

घुघली विकास खंड के पिपरा ब्राह्मण उर्फ बारी गांव में रावण दहन मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में सदर सीओ अंकुर गौतम ने मेला परिसर का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों की जांच की।
सीओ गौतम ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का जायजा लिया और जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ को व्यवस्थित रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारियां निभाने और किसी भी गड़बड़ी से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा। साथ ही मेला परिसर में लगातार निगरानी रखने और लोगों की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखने के निर्देश दिए।

खरगे के बयान पर मचा घमासान: भाजपा बोली- ‘मोदी कहीं नहीं जाएंगे’, कांग्रेस ने मीम्स से दिया जवाब

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरुद्ध मल्लिकार्जुन खरगे की विवादित ‘बाप’ वाली टिप्पणी को लेकर मंगलवार को इंटरनेट मीडिया पर भाजपा और कांग्रेस भिड़ गए। दोनों दलों ने एक-दूसरे के विरुद्ध वीडियो, ग्राफिक्स और एआई से तैयार सामग्री साझा की।

भाजपा ने एक्स और इंस्टाग्राम पर कहा, ‘भाई, मोदी कहीं नहीं जाएंगे।’ कांग्रेस की कुछ प्रदेश इकाइयों ने खरगे की टिप्पणी का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने ‘बाप’ किसे कहा था, इसका अंदाजा कोई भी लगा सकता है।

खरगे की ‘बाप’ टिप्पणी पर भाजपा-कांग्रेस में टकराव

भाजपा ने कई पोस्ट में कहा, ‘गालियां देने वाले थक जाएंगे, लेकिन जनता का भरोसा नहीं डिगेगा! मोदी कहीं नहीं जाएंगे।’ इसी हैशटैग से पार्टी ने एक पोस्ट में कहा, ‘राष्ट्रविरोधी तत्वों को इसकी तपिश महसूस होना तय है! उन्होंने लोगों के दिलों में जगह बनाई है और वह कहीं नहीं जा रहे।’

भाजपा ने कांग्रेस, राहुल गांधी और खरगे को संबोधित ‘मोदी कहीं नहीं जाएंगे, भाई’ शीर्षक से दो हिस्सों वाला ग्राफिक भी पोस्ट किया। इसमें कहा गया, ‘मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री चुने गए हैं और उन्हें हमारे वोट मिले हैं।

तुम्हारे आका को यह कभी नहीं मिलेगा।’ एक अन्य संदेश में भाजपा ने कहा, ‘विपक्ष की गालियां, प्रधानमंत्री मोदी का विकास… विकसित भारत का कमल लगातार खिल रहा है!’

भाजपा ने ‘मोदी कहीं नहीं जाएंगे’ हैशटैग चलाया

भाजपा ने खरगे की टिप्पणी के विरुद्ध देशभर में हुए प्रदर्शनों के वीडियो भी साझा किए। साथ ही चुनावी हार के बाद चुनावी संस्थाओं पर आरोप लगाने को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस को निशाना बनाते हुए एक रील भी पोस्ट की।

वीडियो में कांग्रेस पर आरोप लगाया कि चुनाव जीतने पर वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को स्वीकार करती है, लेकिन हारने पर ईवीएम, चुनाव आयोग और एसआइआर को दोष देती है। जब एसआईआर विवाद का विषय नहीं था, तब भी कांग्रेस चुनाव हारती रही।

पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ हैशटैग के साथ पोस्ट में कहा, ‘संस्थाओं को दोष देने और बहाने बदलने से सच्चाई नहीं बदलेगी।’

साथ ही खरगे की टिप्पणी वाले वीडियो के साथ संसद में मोदी के उस भाषण की क्लिप साझा की, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल चुनाव जीते बिना सत्ता हथियाना चाहते हैं।

कांग्रेस ने एआई सामग्री से भाजपा पर साधा निशाना

कांग्रेस ने भी ग्राफिक्स और एआइ से निर्मित सामग्री के जरिये भाजपा पर निशाना साधा। महाराष्ट्र कांग्रेस ने एक्स पर एक कार्टून पोस्ट किया। इसमें उद्योगपति गौतम अदाणी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ खरगे की तस्वीर थी।

उस पर मराठी में लिखा था, ‘खरगे किसकी बात कर रहे थे? कमेंट में जरूर बताइए।’ एक पोस्ट में पार्टी ने मोदी का कार्टून साझा किया, जिसमें वह नाचते दिख रहे हैं और ट्रंप व इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ताली बजा रहे हैं। तस्वीर पर लिखा था, ‘मोदी इजरायल क्यों जाएंगे?’ तस्वीर पर ‘एआइ निर्मित’ का लेबल लगा था।

कांग्रेस ने अपने हैंडल पर राहुल गांधी का एक वीडियो भी साझा किया। इसमें उन्होंने मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर ‘वोट चोरी’ में शामिल होने का आरोप लगाया।

राहुल ने कहा कि पार्टी ने सबके सामने सुबूत रख दिए हैं और वे कहीं भाग नहीं सकते। एक अन्य पोस्ट में कांग्रेस ने खरगे की क्लिप साझा की, जिसमें उन्होंने बंगाल, हरियाणा, बिहार और महाराष्ट्र की सरकारों पर चोरी का आरोप लगाया। खरगे ने कहा कि पार्टी जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराएगी, उन्हें बेनकाब करेगी और जेल भेजेगी।

यह भी पढ़ें- ‘खरगे की टिप्पणी से प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंची’, सर्वे में 68 प्रतिशत लोगों ने कहा

यह भी पढ़ें- खरगे के बयान पर कांग्रेस में फूट, पृथ्वीराज चव्हाण ने बताया भूल; एकनाथ शिंदे बोले- पार्टी से निकालो

हाईवे देवदूत ने सड़क-हादसे में घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया:बस्ती के हर्रैया में अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा, थानाध्यक्ष ने की सराहना

बस्ती जिले में ‘हाईवे देवदूत’ के नाम से मशहूर प्रमोद ओझा सड़क हादसों में घायलों की मदद कर रहे हैं। वे घायलों को अस्पताल पहुंचाते हैं, इलाज की व्यवस्था कराते हैं और परिजनों को सूचना देते हैं। मंगलवार शाम 6 बजे हर्रैया थाना क्षेत्र के बिजरा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 22 साल के दीपक निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रमोद ओझा ने तुरंत घायल दीपक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया। गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दीपक के परिवार को भी हादसे की जानकारी दे दी गई। हर्रैया थानाध्यक्ष संजय कुमार ने प्रमोद ओझा के काम की सराहना की। प्रमोद का मकसद है कि सड़क दुर्घटना में घायल किसी भी व्यक्ति को समय पर मदद मिले, ताकि उसकी जान बचाई जा सके।

श्रावस्ती में जंगली जानवर से टकराकर दो बाइक-सवार गंभीर घायल:नानपारा से लौटते समय हुआ हादसा, मल्हीपुर से भिनगा जिला अस्पताल रेफर

श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसा हुआ। नानपारा में मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे हरबहादुर (19) और बालसूराम (41) की बाइक जंगली जानवर से टकरा गई। यह घटना हरदत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र के बदला गिरंट मार्ग पर सुजानडीह जंगल के पास हुई। अचानक जंगली जानवर सामने आने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें संयुक्त जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया।

ग्लोबल आर्म्स मार्केट में भारत का ‘पावर पंच’, यूक्रेन युद्ध के बाद यूरोप को बेचे 850 मिलियन डॉलर के हथियार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यूरोप में गोला-बारूद की बढ़ती मांग का लाभ उठाते हुए भारत के रक्षा उद्योग ने निर्यात में जबरदस्त उछाल दर्ज किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद के चार वर्षों में भारत ने यूरोपीय देशों को 87.2 करोड़ डॉलर (लगभग 872 मिलियन डॉलर) मूल्य के गोला-बारूद और संबंधित उत्पादों का निर्यात किया है। जबकि इससे पहले के चार वर्षों में यह आंकड़ा सिर्फ 4.92 करोड़ डॉलर था।

ब्लूमबर्ग के मुताबिक, यूरोपीय देशों को भारत के गोला-बारूद निर्यात में 1600 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने भारत को यूरोप का तीसरा सबसे बड़ा हथियार निर्यातक बताया है, जो यूरोपीय रक्षा बाजार में भारत की बढ़ती उपस्थिति को दर्शाता है।

फरवरी 2022 में रूस के पूर्ण पैमाने पर आक्रमण के बाद यूरोपीय देशों पर सैन्य तैयारियां मजबूत करने का दबाव बढ़ा है। संघर्ष ने आर्टिलरी शेल और अन्य गोला-बारूद की मांग बढ़ा दी है। यूरोपीय सरकारें अपने भंडार को फिर से भरने के साथ-साथ कीव को सैन्य सहायता जारी रख रही हैं।

आंकड़ों के अनुसार, भारत मध्य और पूर्वी यूरोप के 13 देशों को गोला-बारूद और संबंधित उत्पादों का दूसरा सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता बन गया है। इस सूची में दक्षिण कोरिया पहले स्थान पर है।

इन निर्यातों का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा पूर्वी और मध्य यूरोप के इन देशों को गया है। इनमें मुख्य रूप से आर्टिलरी शेल, मोर्टार शेल, प्रोपेलेंट और विस्फोटक शामिल हैं। लड़ाकू जेट या मिसाइलें नहीं बेची गईं।

भारत के समग्र रक्षा निर्यात में भी मजबूती आई है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में देश का रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 38,424 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष के 23,622 करोड़ रुपये से काफी अधिक है।

यह वृद्धि आत्मानिर्भर भारत अभियान के तहत भारतीय रक्षा उद्योग की वैश्विक बाजार में बढ़ती भूमिका को रेखांकित करती है।