Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home क्राइम दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 45...

दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 45 मेट्रो स्टेशन बंद

0
0

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के हजारों जवानों की तैनाती की गई है।

दिल्ली के कुछ इलाकों को छावनी में तब्दील किया गया है। राजधानी में लगभग 45 मेट्रो स्टेशन बंद हैं। दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा, जंतर-मंतर के आसपास के 4 किलोमीटर में इंटरनेट सेवाओं को भी बंद रखा गया है।नई दिल्ली में मंडी हाउस से जंतर-मंतर की तरफ जाने वाले रास्ते पर सुरक्षा का तगड़ा पहरा है। दिल्ली पुलिस वाहनों को चेकिंग करने के बाद ही आगे जाने दे रही है। दिल्ली पुलिस ने मंडी हाउस की ओर जाने वाली फिरोज शाह रोड पर भी बैरिकेड्स लगा दिए हैं। वहीं, जनपथ गोल चक्कर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के दिल्ली स्थित आवास के बाहर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। यहां शनिवार होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए सीआईएसएफ के और जवान तैनात किए गए हैं। आवास के बाहर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस भी अलर्ट पर है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने करीब 30 रास्तों को चिह्नित किया है, जहां आवागमन प्रभावित रह सकता है। दिल्ली पुलिस ने ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि शनिवार को सुबह 6 बजे से तत्कालीन स्थिति के अनुसार यातायात परिवर्तन लागू किए जाएंगे। दिल्ली पुलिस ने लोगों से यह भी अपील की है कि वे नई दिल्ली और मध्य दिल्ली से होकर रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस अड्डों (आईएसबीटी) या हवाई अड्डे की ओर जा रहे हैं, तो यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।

उधर, दिल्ली पुलिस ने राजधानी से सटे दूसरे राज्यों की सीमाओं पर भी सुरक्षा बढ़ाई है। अहम जगहों पर पुलिसकर्मी और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान तैनात किए गए हैं।दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस के साथ अतिरिक्त बल को लगाया गया है। साथ ही, बॉर्डर पर बैरिकेड लगाए गए हैं और गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। इसी तरह, दिल्ली और गाजियाबाद के बीच लोनी गोल चक्कर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है।

हालांकि, टिकरी बॉर्डर पर फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है। बॉर्डर से वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी है और किसी तरह का ट्रैफिक जाम देखने को नहीं मिल रहा है। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी लगातार मौके पर पहुंच रहे हैं। संवेदनशील स्थिति को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और आने-जाने वाले वाहनों पर नजर रखी जा रही है।

 

 

 

संबंधित खबरें
Follow @mntnewsbharat