युवक को कार में अगवा कर पीटने का आरोप:बस्ती में रेलवे ट्रैक के पास बांधकर छोड़ा; पीड़ित ने कोर्ट से मुकदमा दर्ज कराने की मांग की

0
2

नगर थाना क्षेत्र में रिठिया पुल के आगे एक युवक को अगवा कर पीटने और गोण्डा जिले के छपिया थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास बांधकर छोड़ने का आरोप है। पीड़ित ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बस्ती की अदालत में अर्जी देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
अर्जी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पैगापुर निवासी वंश बहादुर वर्मा 25 मई 2026 को पिछड़ा वर्ग भारत मुक्ति मोर्चा के कार्यक्रम में शामिल होने बस्ती जिलाधिकारी कार्यालय गए थे। वहां से बैटरी रिक्शा में अपनी बहन के घर लौटते समय दोपहर करीब 2:30 बजे रिठिया पुल के आगे सफेद बोलेरो में सवार लोगों ने कथित तौर पर उनकी कनपटी पर तमंचा लगाया और उन्हें गाड़ी में बैठा लिया।
वंश बहादुर का आरोप है कि उन्हें एक अज्ञात मकान में ले जाकर हाथ-पैर बांधे गए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। इसके बाद चाकू, लोहे की रॉड और डंडे से पीटा गया। फिर उन्हें गोण्डा जिले के छपिया थाना क्षेत्र में माड़ा के पास रेलवे ट्रैक पर रस्सी से बांधकर छोड़ दिया गया।
उनके मुताबिक, होश आने पर उन्होंने दांत से रस्सी काटने की कोशिश की। रात करीब 12:30 बजे उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क करने की कोशिश की। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें खोलकर एंबुलेंस से सीएचसी छपिया ले गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें राजा ऋषि मेडिकल कॉलेज, अयोध्या रेफर किया गया।
वंश बहादुर ने जमीन के विवाद और पुरानी रंजिश को घटना की वजह बताया है। उन्होंने अपनी भाभी और उनके मायके पक्ष के लोगों समेत कई व्यक्तियों पर साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि स्थानीय थाने और पुलिस अधीक्षक, बस्ती को शिकायत देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अदालत में अर्जी दी।
धारा 173(4) बीएनएसएस के तहत दाखिल अर्जी में थाना नगर पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच करने का निर्देश देने की मांग की गई है।
थाना प्रभारी रामप्रसाद यादव ने बताया मामले में मुकदमा पंजीकृत कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here