पीटीआई, बेंगलुरु। कर्नाटक में भाजपा ने विधान परिषद में विपक्ष के नेता चालवाड़ी नारायणस्वामी के आवास पर चाकू और खंजर भेजने की कथित कोशिश को लेकर कांग्रेस से जुड़े छात्र संगठन एनएसयूआइ पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
भाजपा नेताओं का दावा है कि संगठन के 8-10 कार्यकर्ताओं ने क्विक-कामर्स प्लेटफार्म के जरिये चाकू, खंजर और अन्य घातक वस्तुएं मंगाईं और फिर नारायणस्वामी के घर के बाहर पहुंचकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।
पार्टी ने शनिवार को बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह से मिलकर इस मामले में शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र, विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक, नारायणस्वामी और पार्टी के कुछ विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त को शिकायत सौंपी।
इसमें आरोप लगाया गया है कि एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने कई मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर घातक सामान मंगाया। इसके बाद वे नारायणस्वामी के आवास के पास पहुंचे और घर के मुख्य द्वार को घेर लिया। भाजपा का कहना है कि इस घटनाक्रम से वहां भय और धमकी का माहौल पैदा हुआ।
कांग्रेस नेताओं पर भी लगाए आरोप
भाजपा नेताओं ने इस कथित घटना को ‘गुंडा संस्कृति’ करार देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर इसे बढ़ावा देने का आरोप लगाया। शिकायत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद, मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और गृह मंत्री प्रियांक खरगे का भी उल्लेख किया गया है।
इसके अलावा कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति के सचिव मनोहर और उनके सहयोगियों पर नारायणस्वामी के आवास के बाहर बार-बार प्रदर्शन करने का आरोप लगाया गया है।
