श्रावस्ती। छठ पूजा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने छठ पूजा स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विकास खंड गिलौला के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुरबेनी एवं नगर पालिका भिंगा में सर्वा माई मंदिर पर बने घाट का निरीक्षण किया तथा आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। घाटों पर साफ-सफाई एवं पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक प्रबंध किए जाएं।जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा पूजा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका भिंगा डा0 अनीता शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।