Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश कर्नाटक सरकार का बड़ा फैसला: स्कूलों में मुफ्त मिलेंगे सैनिटरी नैपकिन, आदेश...

कर्नाटक सरकार का बड़ा फैसला: स्कूलों में मुफ्त मिलेंगे सैनिटरी नैपकिन, आदेश ना मानने पर होगी कार्रवाई

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरू। कर्नाटक सरकार ने छात्राओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर एक ऐतिहासिक और सख्त कदम उठाया।

राज्य में अब 6 से 12 तक की छात्राओं को सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों तथा प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेजों में मुफ्त बायोडिग्रेडेबल सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराना अनिवार्य कर दिया गया है।

स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सर्कुलर जारी करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि आदेश का पालन न करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

वेंडिंग मशीन या नियुक्त कर्मचारी के जरिए होगा वितरण

सर्कुलर के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में सभी शिक्षण संस्थानों को इसे तत्काल और बिना किसी चूक के लागू करना होगा।

स्कूलों को इन उत्पादों को आसानी से उपलब्ध कराना होगा, जिसके लिए छात्राओं के शौचालयों में वेंडिंग मशीन लगाई जा सकती हैं।

जिन जगहों पर तुरंत मशीनें नहीं लगाई जा सकतीं, वहां संस्थानों को किसी तय जगह या नियुक्त कर्मचारी के माध्यम से इन्हें बांटने की व्यवस्था करनी होगी।

इसमें आगे कहा गया है कि यदि इन निर्देशों का पालन नहीं किया जाता है, तो संबंधित सरकारी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों और निजी स्कूलों के प्रबंधन के खिलाफ नियमों के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

3 महीने में बनाने होंगे मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन कॉर्नर

स्कूलों को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन कॉर्नर बनाने के लिए तीन महीने का समय दिया गया है। इन कॉर्नर में अतिरिक्त अंडरगारमेंट्स, यूनिफॉर्म और डिस्पोजेबल बैग रखे जाएंगे, ताकि स्कूल के समय के दौरान अचानक मासिक धर्म शुरू होने या स्वच्छता से जुड़ी अन्य आपात स्थितियों में छात्राओं को किसी तरह से असुविधा न हो।

इसके अलावा, स्कूलों में लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग शौचालय, पानी और हाथ धोने की उचित व्यवस्था होना अनिवार्य है।

हर शौचालयों में सैनिटरी कचरा इकट्ठा करने के लिए ढक्कन वाला डस्टबिन होना चाहिए और कचरे का सुरक्षित निपटान सुनिश्चित करना होगा।

सलाना निरीक्षण और निजी स्कूलों पर RTE के तहत सख्ती

सर्कुलर के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारियों को हर साल स्कूलों का निरीक्षण करना होगा। वे वहां बुनियादी ढांचे, शौचालयों, सैनिटरी नैपकिन की उपलब्धता, सामान्य स्वच्छता, कचरा निपटान की व्यवस्था और मासिक धर्म स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का जायजा लेंगे। साथ ही, उन्हें छात्राओं से गुमनाम फीडबैक भी लेना होगा।

इसे लागू करने की जिम्मेदारी संस्थान के प्रकार के आधार पर तय की गई है। सरकारी स्कूलों में, प्रधानाध्यापकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि शौचालय, हाथ धोने की सुविधा और सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध हों।

सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के लिए, इस अनुपालन को ‘शिक्षा का अधिकार अधिनियम’ (RTE Act) की धारा 18 और RTE नियमों के नियम 16 से जोड़ा गया है। निरीक्षण के नतीजे और छात्राओं से मिले फीडबैक को संबंधित प्रावधानों के तहत जारी नोटिस के साथ संलग्न करना होगा।

पाठ्यक्रम में शामिल होगी स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी

विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि पुरुष और महिला दोनों शिक्षकों को मासिक धर्म स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील बनाया जाए।

इसके साथ ही राज्य और राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद से कहा गया है कि वे मासिक धर्म, किशोरावस्था और इससे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं जैसे पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (PCOS) और पॉलीसिस्टिक ओवेरियन डिजीज (PCOD) पर आधारित शिक्षण सामग्री तैयार करें।

यह भी पढ़ें- बेंगलुरु में बढ़ेगी ट्रैफिक समस्या, नियम और बीमा की समस्या को लेकर बाइक टैक्सी के विरोध में कर्नाटक सरकार