कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर मंगलवार को रोहिन नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। ब्रह्ममुहूर्त से ही लोगों ने नदी में स्नान किया।
.
त्रिमुहानी घाट, भौराबारी नदी, छोटी गंडक, करमैनी नदी और चानकी नदी समेत प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। सुबह घाटों पर हर-हर गंगे और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजे।
दूर-दूर से आए लोगों ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। स्नान के लिए आधी रात से ही घाटों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों की भीड़ जुट गई।
कई श्रद्धालु एक दिन पहले ही घाटों के आसपास पहुंच गए थे। वे रातभर भजन-कीर्तन करते रहे। स्नान के बाद लोगों ने घाटों पर दीपदान किया। श्रद्धालुओं ने ब्राह्मणों को गोदान, अन्न, वस्त्र और दक्षिणा दी।
मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर किया गया दान कई गुना फल देता है। घाटों के आसपास लगे मेले में मिठाई, श्रृंगार सामग्री, खिलौने, पूजा सामग्री और रसोई के सामान की दुकानें लगी थीं। बच्चों ने खिलौने और झूले देखे, जबकि महिलाओं ने श्रृंगार और पूजा का सामान खरीदा।
भीड़ को देखते हुए महराजगंज पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और फरेंदा क्षेत्राधिकारी दीपशिखा वर्मा ने त्रिमुहानी घाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था देखी और अधिकारियों को निर्देश दिए।
घाटों पर जल पुलिस, महिला पुलिस, NDRF और SDRF की टीमें तैनात थीं। गोताखोर भी मौजूद रहे। पुलिस के मुताबिक, स्नान पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हुआ।


















