डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के 26/11 आतंकवादी हमलों के 18 साल बाद भी पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल कसाब का बचाव करने वाले दो वकील अब तक अपनी बकाया फीस मिलने का इंतजार कर रहे है।
दोनों वकीलों का कहना है कि उन्हें इस मामले के लिए अपने दूसरे मुकदमों को भी छोड़ना पड़ा था। अमीन सोलकर और फरहाना शाह ने 2010 में महाराष्ट्र सरकार द्वारा नियुक्त किए जाने के बाद नौ महीने तक बंबई उच्च न्यायालय में कसाब का बचाव किया था।
क्या थी नियुक्ति की शर्तें?
दोनों वकीलों को उच्च न्यायालय ने नामित किया था और आठ जून 2010 को महाराष्ट्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (एमएसएलएसए) ने एक अधिसूचना जारी कर उन्हें नियुक्त किया था।
उन्हें निचली अदालत द्वारा कसाब को सुनाई गई मौत की सजा के खिलाफ उसकी अपील में बचाव पक्ष का प्रतिनिधित्व करना था।
तत्कालीन सचिव ए के सोनावणे के हस्ताक्षर वाली अधिसूचना के अनुसार, सोलकर को विशेष लोक अभियोजक के बराबर फीस दी जानी थी, जबकि शाह को मौत की सजा की पुष्टि से जुड़े मामले की सुनवाई करने वाले अतिरिक्त लोक अभियोजक के बराबर पारिश्रमिक मिलना था।
वकीलों ने कागजी कार्रवाई की मांग पर उठाए सवाल
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह राशि प्रतिदिन 1500 से 2000 रुपये के बीच थी। हालांकि, उच्च न्यायालय में कार्यवाही समाप्त हुए 15 साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी दोनों वकीलों का कहना है कि उन्हें अब तक उनकी बकाया फीस नहीं मिली है।
पीटीआई के अनुसार, सोलकर ने कहा कि कसाब की पैरवी करने के लिए हमें अब तक फीस नहीं मिली है। मैं महाराष्ट्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से बार-बार पत्राचार कर रहा हूं, लेकिन इस दिशा में कोई सकारात्मक प्रगति होती दिखाई नहीं दे रही है।
दोनों वकीलों के अनुसार, जब भी वे एमएसएलएसए के समक्ष यह मामला उठाते हैं, तो उनसे विस्तृत बिल और ज्ञापन जमा करने को कहा जाता है। इनमें यह बताना होता है कि वे आरोपी की ओर से अदालत में कितनी तारीखों पर और कितने घंटे उपस्थित रहे।
प्राधिकरण और ट्रायल कोर्ट के वकील का पक्ष
वकीलों ने इतने वर्षों बाद इस मांग को अनुचित बताया। उनका कहना है कि एक दशक से भी अधिक समय बीत जाने के बाद किसी से अदालत में बिताए गए रोजाना के घंटों का इतना विस्तृत रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की उम्मीद नहीं की जा सकती।
अजमल कसाब को 21 नवंबर, 2012 को पुणे की येरवडा केंद्रीय जेल में फांसी दी गई थी। सोलकर ने कहा कि उनकी नियुक्ति संबंधी पत्रों में स्पष्ट रूप से उनकी फीस अभियोजन पक्ष के वकीलों के वेतनमान के बराबर तय की गई थी।
उन्होंने सवाल किया कि सरकार को उसी वेतनमान का इस्तेमाल करके हमारी बकाया फीस चुकाने से कौन रोक रहा है?
शाह ने भी इसी चिंता को दोहराते हुए सवाल किया कि जब सरकार की अधिसूचना और उच्च न्यायालय के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश के आदेश में उनकी फीस का ढांचा स्पष्ट रूप से तय किया गया था, तो फिर विस्तृत मदवार ज्ञापन जमा करने पर जोर क्यों दिया जा रहा है।
शाह ने कहा कि हमने नौ महीने तक इस मामले की पैरवी के लिए अपना पूरा दिन दिया। हमें अपने दूसरे सभी मुकदमों को पीछे रखना पड़ा, ताकि इस मामले की सुनवाई में कोई बाधा न आए।
उन्होंने बताया कि अधिसूचना में यह प्रावधान था कि उच्च न्यायालय का फैसला आते ही उनकी फीस का भुगतान कर दिया जाएगा।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के एक अधिकारी ने कहा कि सामान्य प्रक्रिया के अनुसार वकीलों को फीस जारी कराने के लिए औपचारिक बिल और ज्ञापन जमा करना जरूरी होता है।
इसके विपरीत, कसाब का मुकदमे के दौरान बचाव करने वाले वकील अब्बास काजमी ने कहा कि उनकी फीस का भुगतान समय पर कर दिया गया था। काजमी ने विशेष न्यायाधीश एम एल तहलियानी की अदालत में कसाब का बचाव किया था।
काजमी ने कहा कि मुकदमा पूरा होने के तुरंत बाद सरकार ने मेरे पारिश्रमिक का भुगतान कर दिया था। कानूनी प्रावधानों के तहत यदि कोई आरोपी अपना वकील नियुक्त करने में असमर्थ होता है, तो निष्पक्ष सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए अदालत विधिक सेवा प्राधिकरण के जरिये एक वकील नामित करती है।
26/11 हमले की 18वीं बरसी
बंबई उच्च न्यायालय ने जून 2010 में कसाब की मौत की सजा की पुष्टि और उसकी अपील पर सुनवाई शुरू की थी। फरवरी 2011 में उच्च न्यायालय ने मौत की सजा बरकरार रखी। इसके बाद उच्चतम न्यायालय ने भी इस फैसले की पुष्टि कर दी।
गिरफ्तारी के बाद कसाब को मुंबई की आर्थर रोड जेल में रखा गया था। बाद में 21 नवंबर, 2012 को पुणे की येरवडा केंद्रीय जेल में उसे फांसी दे दी गई।
मुंबई में 26 नवंबर, 2008 को हुए आतंकवादी हमलों में कुल 166 लोग मारे गए थे, जिनमें छह अमेरिकी नागरिक भी शामिल थे।
इन हमलों के दौरान भारी हथियारों से लैस 10 पाकिस्तानी आतंकवादियों ने शहर के प्रमुख ठिकानों पर 60 घंटे से अधिक समय तक आतंक मचाया था।
यह भी पढ़ें- क्या ट्रायल में देरी पर अजमल कसाब या हाफिज सईद को भी मिल सकती है बेल? SC के फैसले पर दिल्ली पुलिस का सवाल

































