जेएनएन, कटनी। हरदा और नीमच भेजे गए 31 ट्रकों से भेजे गए 10,797 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल गबन के मामले में पुलिस ने एक ट्रांसपोर्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रभारी सीएसपी अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के साझेदार किशन केशरवानी को कटनी से गिरफ्तार किया है। किशन ने ही नान कार्यालय में तीनों जिलों में चावल भेजने का दावा कर फर्जी पावतियां पेश की थीं।
जिला प्रशासन ने भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस पर नान के रैक प्वाइंट से लोडिंग-अनलोडिंग पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। इस मामले में ट्रांसपोर्टर के साथ नान के अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।
फोर्टिफाइड चावल के गायब होने के मामले की कलेक्टर की जांच के बाद गुरुवार रात को चार साझेदार भोपाल निवासी दीपक जैन, किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी के विरुद्ध रंगनाथ नगर थाने में एफआइआर दर्ज की गई थी।
पुलिस अन्य तीन की गिरफ्तारी के भी प्रयास कर रही है। वहीं, गिरफ्तार आरोपित किशन केशरवानी से पूछताछ की जा रही है कि 31 ट्रक सरकारी चावल का गबन कर उसे खुले बाजार में बेचा या कहीं गायब कर दिया।
बता दें कि नान ने कटनी जिले से इंदौर, नीमच और हरदा जिलों के लिए चार करोड़ से अधिक कीमत का 10,797.18 क्विंटल चावल भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के माध्यम से भेजा था, लेकिन 31 ट्रकों में लदे 21,765 बोरे चावल गायब हैं।
रीवा में भी 36 ट्रक चावल का फर्जीवाड़ा
रीवा चॉकघाट की फर्म भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस ने रीवा में भी 36 ट्रक चावल का घोटाला किया था। जानकारी मिली है कि अनियमितता के आरोप में किशन के पिता पर एफआईआर भी हुई थी और वह जेल भी गया था।
इस मामले में एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया में बहुप्रसारित हुआ है, जिसमें दावा किया गया था कि रीवा से चावल दूसरे जिले भेजने के दौरान रैक लोडिंग में गड़बड़ी हुई है।
जमानत पर बाहर आने के बाद उसने बेटे के नाम से ट्रांसपोर्ट का संचालन शुरू कर दिया था। इसके बावजूद कटनी में इसी फर्म को दोबारा परिवहन का काम सौंपने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस मामले में नान के तत्कालीन जिला प्रबंधक देवेंद्र तिवारी भी संदेह के घेरे में हैं।

















