डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले केंद्र सरकार ने अप्रैल 2026 में लोकसभा में पेश किए गए मूल परिसीमन बिल को वापस लेने का फैसला किया है। इसकी जगह एक नया संशोधित बिल परिसीमन (द्वितीय) बिल, 2026 लाया जा रहा है।
कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल द्वारा 27 नवंबर को जारी बयान में बताया गया कि मूल बिल को वापस लेने का कारण संबंधित संविधान संशोधन बिल को विशेष बहुमत न मिल पाना था।
नए बिल में प्रमुख प्रविधान
- सीटों में 50 फीसदी समान वृद्धि: पहली परिसीमन प्रक्रिया में प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की लोकसभा सीटों तथा संबंधित विधानसभाओं की कुल सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि का प्रस्ताव है। सरकार का कहना है कि इससे प्रतिनिधित्व बढ़ेगा, लेकिन राज्यों के बीच मौजूदा सापेक्ष अनुपात बना रहेगा।
- 2011 की जनगणना का उपयोग: परिसीमन के लिए “नवीनतम जनगणना आंकड़ों” का इस्तेमाल होगा। अगर बिल लागू होने तक नई जनगणना के आंकड़े प्रकाशित नहीं होते, तो 2011 की जनगणना के आंकड़ों पर काम होगा।
- महिला आरक्षण: बिल में महिला आरक्षण लागू करने के प्रविधान जोड़े गए हैं। महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें रोटेशन के आधार पर आवंटित की जाएंगी, जिसका तरीका परिसीमन आयोग तय करेगा। 2023 के संशोधन के अनुसार यह कोटा 15 साल तक चलेगा, जिसे संसद कानून बनाकर बढ़ा सकती है।
- आयोग का शीघ्र गठन: बिल लागू होते ही केंद्र को जल्द से जल्द परिसीमन आयोग गठित करना होगा (मूल बिल में “समय-समय पर” गठन का प्रावधान था)।
मूल परिसीमन बिल 16 अप्रैल 2026 को संविधान (131वां संशोधन) बिल और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) बिल के साथ पेश किया गया था। संविधान संशोधन बिल को विशेष बहुमत न मिलने के कारण संबंधित बिल आगे नहीं बढ़ पाए थे।
सरकार ने कहा है कि नया बिल मूल प्रावधानों में पर्याप्त बदलाव करता है, इसलिए नियम 110 के तहत मूल बिल वापस लिया जा रहा है। इस प्रविधान से द्रमुक, राकांपा शरद गुट और वाईएसआरसीपी जैसे दलों की शंकाओं का समाधान हो गया है और उनकी ओर से विधेयक को समर्थन के संकेत भी मिल गए हैं।
सरकार अब इस विधेयक को सोमवार से शुरू हो रही संसद की विशेष बैठक में पेश कर सकती है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से होनी है।
















