Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश मोदी कैबिनेट के बड़े फैसले: डाकघरों का होगा कायाकल्प, सिलचर एयरपोर्ट और...

मोदी कैबिनेट के बड़े फैसले: डाकघरों का होगा कायाकल्प, सिलचर एयरपोर्ट और बंदरगाह को भी मंजूरी

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली केंद्रीय कैबिनेट कमेटी ने बुधवार को डाक नेटवर्क और सेवाओं के विस्तार तथा डाक विभाग की संपत्तियों के बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए कुल 2,632 करोड़ रुपये की दो योजनाओं को मंजूरी दी।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि डाक परिचालन योजना के लिए 1,141 करोड़ रुपये और डाक विभाग की संपत्ति प्रबंधन योजना के लिए 1,491 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। दोनों योजनाएं पांच साल की अवधि में लागू होंगी।

उन्होंने कहा कि डाक परिचालन योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक लागू रहेगी। इसका उद्देश्य डाक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, परिचालन दक्षता बढ़ाना और लाजिस्टिक्स, ई-कामर्स तथा डिजिटल सेवाओं की बढ़ती जरूरतों को पूरा करना है। योजना के तहत डाकघरों को ग्रामीण कारोबारी केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा।

यहां बैंकिंग, रेल टिकट बुकिंग और बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही पार्सल सेवाओं के विस्तार पर विशेष जोर रहेगा। डाक परिचालन योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के डाकघरों को दक्ष और नागरिक-केंद्रित सेवा केंद्रों के रूप में परिवर्तित करने के साथ वित्तीय समावेश, डिजिटल कनेक्टिविटी और स्थानीय आर्थिक विकास को मजबूत करने के तथा वंचित क्षेत्रों में डाक सेवाओं और नागरिक-केंद्रित सेवाओं तक पहुंच बढ़ाना है।

असम के सिलचर में 2,014 करोड़ रुपये से बनेगा नया हवाई अड्डा

कैबिनेट कमेटी ने असम के सिलचर में 2,014 करोड़ रुपये की लागत से नया हवाई अड्डा बनाने की मंजूरी दी। यह हवाई अड्डा डोलू में विकसित किया जाएगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि नए हवाई अड्डे की क्षमता व्यस्त समय में 800 यात्रियों और सालाना 10.1 लाख यात्रियों को संभालने की होगी।

इसका निर्माण भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआइ) अपने आंतरिक संसाधनों से करेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि इससे दक्षिणी असम और आसपास के राज्यों की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही व्यापार, चाय उद्योग, पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

तमिलनाडु के कामराजर बंदरगाह पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल बनेगा

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तमिलनाडु के कामराजर बंदरगाह पर 4,288.26 करोड़ रुपये की लागत से दूसरा कंटेनर टर्मिनल विकसित करने की मंजूरी दी। इसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत दो चरणों में बनाया जाएगा। 900 मीटर लंबे इस टर्मिनल की सालाना क्षमता 20 लाख टीईयू होगी। इससे बड़े कंटेनर जहाजों के आवागमन की सुविधा मिलेगी और विदेशी बंदरगाहों पर निर्भरता घटेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि परियोजना से दक्षिण भारत के आटोमोबाइल, इलेक्ट्रानिक्स और इंजीनियरिंग उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही निर्यात क्षमता बढ़ेगी, लाजिस्टिक्स लागत घटेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

विमानन क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए भारत-सिंगापुर करेंगे सहयोग

भारत और सिंगापुर विमान रखरखाव, मरम्मत एवं ओवरहाल (एमआरओ) क्षेत्र में कौशल, प्रशिक्षण और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस संबंध में दोनों देशों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर को मंजूरी दी। नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि इसका उद्देश्य भारत को क्षेत्रीय विमानन कार्यशाला के रूप में विकसित करना है।

इसके तहत विमान रखरखाव इंजीनियरों के प्रशिक्षण के लिए पाठ्यक्रम तैयार करने, भारतीय संस्थानों की क्षमता बढ़ाने और सिंगापुर की एमआरओ कंपनियों में इंटर्नशिप की सुविधा दी जाएगी। इससे घरेलू एमआरओ सुविधाओं का विस्तार होगा और विदेशी कंपनियों पर निर्भरता घटने के साथ लागत कम होगी।