बस्ती के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले 16 साल के छात्र को स्कूल की 26 साल की शिक्षिका के बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है। छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस ने 21 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे आरोपी शिक्षिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए छात्र और शिक्षिका की तलाश शुरू कर दी है। स्कूल में एक साल से पढ़ा रही थी शिक्षिका कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक स्कूल में 16 साल का किशोर कक्षा 11 में पढ़ता है। उसके पिता इसी स्कूल के प्रबंधक हैं। स्कूल में रुपाली नाम की 26 साल की शिक्षिका करीब एक साल से पढ़ा रही है। आरोप है कि शिक्षिका छात्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ कहीं ले गई। बेटे के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में उन्हें पता चला कि स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका रुपाली ही उनके बेटे को अपने साथ लेकर गई है। इसके बाद छात्र के पिता ने कप्तानगंज थाने पहुंचकर तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। लोकेशन ट्रेस कर तलाश में जुटी पुलिस थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी शिक्षिका के खिलाफ छात्र को बहला-फुसलाकर अगवा करने और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। लोकेशन ट्रेस कर दोनों की तलाश की जा रही है। मामले की विवेचना एसआई सुनील कुमार तिवारी को सौंपी गई है।

































