Home Blog Page 15

बस्ती की मानपुर समिति का धार्मिक आयोजनों संग-जनसेवा का संकल्प:गणेश चतुर्थी मनाई, नवरात्रि में भी लोगों की मदद करेगी समिति

बस्ती जिले के मानपुर गांव में मानपुर समिति सामाजिक समरसता और मानव सेवा की मिसाल पेश कर रही है। अध्यक्ष वरुण त्रिपाठी के मार्गदर्शन में समिति समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचा रही है। यह समिति धार्मिक आयोजनों के जरिए लोगों को एकजुट करती है। समिति जरूरतमंदों की आर्थिक, सामाजिक और शारीरिक मदद करती है। ओझागंज स्थित सामाजिक मंदिर से भी जनसेवा के कई काम किए जाते हैं। हाल ही में गणेश चतुर्थी पर मानपुर गांव में समिति ने भव्य पूजा की। इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। पूजा के दौरान आपसी भाईचारे और सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दिया गया। गणेश उत्सव के बाद अब समिति शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा की तैयारी कर रही है। मानपुर गांव में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पूजा पंडाल सिर्फ धार्मिक केंद्र नहीं होगा। यहां लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उन्हें हल करने की कोशिश की जाएगी। साथ ही, जरूरतमंदों की हर संभव मदद भी की जाएगी। उत्सव के आखिर में एक बड़ा भंडारा होगा। इसमें इलाके के हजारों श्रद्धालु प्रसाद लेंगे। समिति का मुख्य मकसद धर्म और सेवा को मिलाकर समाज में अच्छा माहौल बनाना है। इन आयोजनों को सफल बनाने में डीएम त्रिपाठी, प्रेम नारायण त्रिपाठी, कपिल त्रिपाठी, मनीष त्रिपाठी, रविचंद्र त्रिपाठी, अशोक मिश्रा और युवा सहयोगी मेवा लाल यादव समेत समिति के दूसरे सदस्य अहम भूमिका निभा रहे हैं।

विक्रम पब्लिक स्कूल में हिंदी दिवस पर निबंध प्रतियोगिता:बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, मेधावियों को प्रबंधक ने मेडल बांटे।

शंकरपुर हर्रैया बस्ती में 14 सितंबर को विक्रम पब्लिक स्कूल, विक्रमजोत में हिंदी दिवस मनाया गया। इस मौके पर विद्यालय में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मेधावी छात्र-छात्राओं को विद्यालय के प्रबंधक विजय कुमार पांडे ने प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया। निबंध प्रतियोगिता को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाचार्य इंद्रजीत सिंह, वरिष्ठ अध्यापक आशीष पांडे, सहायक अध्यापक जयकुमार और विनोद कुमार पांडे का योगदान रहा। अध्यापिकाओं में हिमांशी सिंह, कोमल सिंह, इशिका मोदनवाल और प्रज्ञा द्विवेदी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। विद्यालय की सहायिका प्रमिला शर्मा भी इस दौरान उपस्थित थीं

मुंडेरवा में गणेश चतुर्थी की तैयारियां पूरी:रंग-बिरंगी लाइटों से सजे पंडाल, स्थापित होंगी गणपति बप्पा की मूर्तियां

मुंडेरवा कस्बे में गणेश चतुर्थी की तैयारियां पूरी हो गई हैं। अलग-अलग जगहों पर गणपति बप्पा की मूर्तियां स्थापित करने के लिए रंग-बिरंगे पंडाल सजाए गए हैं। पूजा समितियों ने पंडालों की साफ-सफाई, सजावट और लाइटिंग का काम पूरा कर लिया है। श्रद्धालुओं में इस त्योहार को लेकर काफी उत्साह है। आयोजन समितियों ने लोगों से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। मुख्य बाजार, पुराना चौक और सुगरमिल चौराहे पर बड़े पंडाल बनाए गए हैं। यहां आकर्षक मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। पूजा समितियों ने भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भंडारे की भी व्यवस्था की है। सुरक्षा के लिए स्थानीय प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का फैसला किया है। यातायात को सही रखने के लिए भी निगरानी रखी जाएगी। स्थानीय लोग बप्पा के आगमन की तैयारी में जुटे हैं। पूरे कस्बे का माहौल भक्ति से भर गया है

शंकरपुर में हरितालिका तीज पर महिलाओं ने की पूजा:काली मंदिर में सुबह से जुटीं महिलाएं, राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर दिखे श्रद्धालु

शंकरपुर में सोमवार, 14 सितंबर 2026 को हरितालिका तीज का त्योहार मनाया गया। उदय तिथि के अनुसार, महिलाओं ने इस दिन व्रत रखा। व्रत की शुरुआत रविवार रात से ही हो गई थी। महिलाएं सुबह 4 बजे से स्नान कर काली मंदिर पहुंचीं और पूजा-पाठ किया। सुबह-सुबह महिलाएं राष्ट्रीय राजमार्ग 27 से होकर काली मंदिर की ओर निकलीं। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गांव के लोग मौजूद थे। इस मौके पर चंद्रशेखर प्रजापति, रामबाबू यादव, राहुल यादव और शैलेश यादव भी मौजूद रहे। इनके साथ समिति के कई युवा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शामिल हुए

बस्ती के एसडीजीई कॉलेज में हिंदी दिवस समारोह:गणेश चतुर्थी पर प्रिंसिपल ने किया पूजन, छात्रों ने दी प्रस्तुति

बस्ती के कप्तानगंज ब्लॉक स्थित एसडीजीई कॉलेज भुवनपुर में हिंदी दिवस समारोह मनाया गया। इस मौके पर गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर कॉलेज की प्रिंसिपल ने श्री गणेश जी और सरस्वती जी की प्रतिमा का पूजन और दीप प्रज्जवलन किया। कॉलेज की प्रिंसिपल श्रीमती सुमन चौधरी ने गणेश चतुर्थी और हिंदी दिवस के महत्व पर बात की। उन्होंने कहा कि हम सभी को हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और उसकी उन्नति के लिए काम करना चाहिए। हिंदी दिवस के अवसर पर छात्रों ने भी कई प्रस्तुतियां दीं। कक्षा 9 की छात्रा मानसी और रौनक पाठक ने हिंदी कविता और शायरी सुनाई। आदर्श और शिवम ने ‘अनपढ़ बहू’ नाटक के जरिए पढ़ाई-लिखाई का महत्व समझाने की कोशिश की। कार्यक्रम के आखिर में छात्र अंश वर्मा ने सभी का धन्यवाद किया। इस मौके पर प्रिंसिपल श्रीमती सुमन चौधरी, उप प्रिंसिपल श्रीमती अनीता तिवारी, विजय तिवारी, बृजेश वर्मा, आर. एस. वर्मा, विनोद कुमार पाण्डेय, अरविन्द, प्रेमलता, शर्मिला, चांदनी, खुशी, अंकिता, विन्ध्यवासिनी, निशा और उषा सहित कई शिक्षक और छात्र मौजूद रहे

सेवा संकल्प अभियान-2026: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बनी बुजुर्ग का सहारा, फिर शुरू हुई वृद्धावस्था पेंशन

0

रायपुर :  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “सेवा और समर्पण के 25 वर्ष रू सेवा संकल्प अभियान-2026” के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। जशपुर जिले के तपकरा निवासी बुजुर्ग त्रिपुआरी शर्मा की बंद हुई वृद्धावस्था पेंशन की बहाली इसका एक उल्लेखनीय उदाहरण है।

त्रिपुआरी शर्मा की वृद्धावस्था पेंशन किसी कारणवश बंद हो गई थी। उम्र के इस पड़ाव में पेंशन उनके दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करने का महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा थी। पेंशन बंद होने से उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग ने प्रकरण को तत्काल संज्ञान में लेते हुए आवश्यक जांच एवं कार्रवाई की। विभागीय स्तर पर प्रकरण का निराकरण करते हुए शर्मा की वृद्धावस्था पेंशन पुनः शुरू कर दी गई। पेंशन बहाल होने से उन्हें आर्थिक राहत मिली और उनकी चिंता दूर हुई।

पेंशन दोबारा शुरू होने पर त्रिपुआरी शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से अपनी समस्या शासन-प्रशासन तक पहुंचाना आसान हुआ और समय पर उसका समाधान भी मिला। उन्होंने हेल्पलाइन व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि यह आम नागरिकों के लिए अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम है।

सेवा संकल्प अभियान-2026 की भावना को साकार करती यह पहल शासन की संवेदनशीलता, प्रशासन की तत्परता और नागरिकों की समस्याओं के प्रति जवाबदेही को दर्शाती है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शर्मा की पेंशन बहाली यह संदेश देती है कि शासन पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ-साथ किसी कारणवश लाभ से वंचित होने पर उसके पुनः प्राप्त होने का मार्ग भी सुनिश्चित कर रहा है।

पटखौली राजा में आल्हा गायन से गूंजा इलाका:दुर्गा प्रसाद यादव की टीम ने सामाजिक कुरीतियों से बचने और शिक्षा का संदेश दिया

विकास खंड कप्तानगंज के अन्नपूर्णा भवन पटखौली राजा में बस्ती उत्सव कार्यक्रम हुआ। इसमें प्रसिद्ध आल्हा गायक दुर्गा प्रसाद यादव की टीम ने आल्हा गायन प्रस्तुत किया। उनके जोशीले अंदाज से लोग मंत्रमुग्ध हो गए। वीर रस से भरे आल्हा गायन को सुनकर ग्रामीणों में काफी उत्साह दिखा। टीम ने सामाजिक कुरीतियों से बचने और शिक्षा का संदेश भी दिया। दुर्गा प्रसाद यादव ने बताया कि आल्हा वीर रस की यह लोकगायन परंपरा धीरे-धीरे खत्म हो रही थी। लेकिन अब यह नए रूप में समाज में अपनी पहचान फिर से बना रही है। उन्होंने मांड़ो गढ़ की लड़ाई, बाप का बदला और आल्हा-ऊदल से जुड़े किस्सों को जोशीले अंदाज में सुनाया। उन्होंने लोगों से कहा कि समाज में फैली कुरीतियों से बचने के लिए सभी को जागरूक होना चाहिए। साथ ही बच्चों और युवाओं को पढ़ाई के लिए प्रेरित करते हुए शिक्षा का संदेश भी दिया। आल्हा गायन के दौरान दुर्गा प्रसाद यादव की टीम ने अपनी दमदार प्रस्तुति से श्रोताओं को बांधे रखा। वीर रस के गीतों और किस्सों पर ग्रामीणों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में आल्हा सुनकर सभी गांव वाले खुश नजर आए। इस कार्यक्रम का आयोजन राकेश दूबे ‘जे.डी.’, प्रबंधक जे.डी. ग्रुप के सहयोग से हुआ। इस मौके पर संरक्षक बुद्धि सागर दुबे, मनोज दूबे, गणेश दत्त पाठक, दामोदर तिवारी समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।

महासमुंद में जगमगाएंगे सेवा और संकल्प के 6 लाख दीप, ‘आशीर्वाद का दीया’ बनेगा जनभागीदारी का भव्य उत्सव

0

रायपुर :  सेवा, समर्पण, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से  सेवा संकल्प अभियान  के तहत महासमुंद जिले में 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिलेभर में करीब 6 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति सामूहिक संकल्प व्यक्त किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा  को समर्पित यह आयोजन जिले में जनभागीदारी के एक बड़े उत्सव का स्वरूप लेगा।

कार्यक्रम का मुख्य आयोजन अटल परिसर, महासमुंद  में होगा, जहां लगभग  8 हजार दीपों  से परिसर को रोशन किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के प्रमुख मंदिरों, चौक-चौराहों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, पंचायत भवनों, पीडीएस भवनों, अमृत सरोवरों, ग्रामीण बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से  हर घर एक दीया  जलाकर इस जनअभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

एक साथ रोशन होंगे जिले के प्रमुख स्थल

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर की शाम महासमुंद जिले में सेवा और संकल्प की सामूहिक रोशनी दिखाई देगी। कार्यक्रम के लिए समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। शाम  5 बजे से 6 बजे तक विभिन्न चिन्हित स्थलों पर साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था तथा ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था पूरी की जाएगी। इसके बाद  6 बजे से 6: 30 बजे तक  दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी एवं रंगोली प्रदर्शन किया जाएगा।

इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूह की दीदियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।  शाम 7 बजे  जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी चिन्हित शहरी चौक, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों और मोहल्लों में एक साथ सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। हजारों दीपों से जगमगाता महासमुंद सेवा, संकल्प, सुशासन और जनभागीदारी का संदेश देगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में जलेंगे 5.51 लाख से अधिक दीप

कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में  5 लाख 51 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रत्येक शासकीय प्रतिष्ठान, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास, अमृत सरोवर, पंचायत भवन, पीडीएस भवन एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाए जाएंगे।

विकासखंडवार दीप प्रज्ज्वलन का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।  महासमुंद में लगभग 1 लाख 5 हजार, बसना में 1 लाख 2 हजार, पिथौरा में 1 लाख 26 हजार, बागबाहरा में 1 लाख 11 हजार तथा सरायपाली में 1 लाख 7 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस प्रकार अकेले ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 5 लाख 51 हजार दीपों से सेवा और संकल्प की रोशनी बिखरेगी।

वहीं नगरीय क्षेत्रों में  बसना, पिथौरा, तुमगांव एवं सरायपाली में लगभग 20 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। जिले में प्रारंभिक रूप से लगभग ’’5 लाख 83 हजार दीप’’ प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जनभागीदारी के माध्यम से इस संख्या को बढ़ाकर  करीब 6 लाख दीप  तक पहुंचाने का लक्ष्य है।

टास्कफोर्स और नोडल अधिकारियों ने संभाली तैयारियों की कमान

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद  ने टास्कफोर्स एवं सभी नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां 16 सितंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

प्रभारी कलेक्टर ने कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जिले के प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को चिन्हित स्थलों पर दीप, प्रकाश, साज-सज्जा, रंगोली, बैठक एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

आशीर्वाद के दीप से रोशन होगा सेवा और संकल्प का संदेश

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उद्देश्य केवल दीप प्रज्ज्वलन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से सेवा, समर्पण, सुशासन और जनकल्याण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को जन-जन तक पहुंचाना है। जिले के विभिन्न हिस्सों में एक साथ जलने वाले दीप सामाजिक एकजुटता और जनभागीदारी की भावना का प्रतीक बनेंगे।

इस आयोजन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों, ग्रामीणों, नगरीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक समूहों की भागीदारी से अभियान को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ घरों और प्रतिष्ठानों में दीप प्रज्ज्वलित कर आम नागरिक भी इस अभियान से सीधे जुड़ सकेंगे।

प्रभारी कलेक्टर ने किया ‘हर घर एक दीया’ का आह्वान

प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 17 सितंबर को अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर एक दीया अवश्य जलाएं और ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से जलने वाला प्रत्येक दीप सेवा और सुशासन के संकल्प को मजबूती देगा। जिले के लाखों घरों और सार्वजनिक स्थलों से एक साथ उठने वाली दीपों की रोशनी महासमुंद में सामूहिक सेवा भावना, जनसहभागिता और सकारात्मक संकल्प का संदेश देगी।

इस तरह 17 सितंबर को महासमुंद जिला करीब 6 लाख दीपों की रोशनी से जगमगाते हुए सेवा संकल्प अभियान की भावना को साकार करेगा और ‘आशीर्वाद का दीया’ जनभागीदारी के एक यादगार उत्सव के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।

बस्ती में तेज रफ्तार ट्रैवलर ने बाइक सवार को रौंदा:24 वर्षीय मंजीत की मौके पर मौत, दोस्त और मासूम बाल-बाल बचे

बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र में सिरौली बाबू पेट्रोल पंप के सामने नेशनल हाईवे पर रविवार को एक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार ट्रैवलर ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिर गया। इस हादसे में 24 साल के मंजीत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। मंजीत संतकबीरनगर जिले का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक, मंजीत अपने दोस्त के साथ बाइक से गोंडा जा रहा था। सिरौली बाबू पंप के सामने हाईवे पर यह हादसा हुआ। बाइक पर सवार मंजीत का दोस्त और एक बच्चा इस हादसे में सुरक्षित बच गए। सूचना मिलने पर छावनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ट्रैवलर के ड्राइवर की तलाश कर रही है

वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग गिरफ्तार:कार समेत 50 लीटर डीजल और जरिकैन बरामद, 2 अपराधी और 2 बाल अपचारी हिरासत में

छावनी थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी का 50 लीटर डीजल, एक वैन्यू कार और पांच प्लास्टिक के जरिकैन बरामद किए हैं। पुलिस को रात में सूचना मिली थी कि रमघटिया सड़क के किनारे खड़ी एक ट्रक से डीजल चोरी हुआ है। इस सूचना के आधार पर छावनी थाने में धारा 303(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। छावनी थाना प्रभारी राणा देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आदर्श वर्मा (पुत्र खुशीराम वर्मा, निवासी जुंवागांव, थाना भीटी, जिला अंबेडकरनगर) और लवकुश चौहान (पुत्र इंद्रपाल चौहान, निवासी गौहनिया, थाना गोसाईंगंज, जनपद अयोध्या) को मझौवा दूबे से हिरासत में लिया। उनके साथ दो बाल अपचारियों को भी पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से सफेद रंग की एक वैन्यू कार, घटना में इस्तेमाल किए गए पांच नीले प्लास्टिक के जरिकैन और लगभग 50 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपियों को कोर्ट भेज दिया गया है।