राहुल देव ने सातवां ग्राम स्वराज व्याख्यान दिया:रामपुर उत्सव में डॉ. आरके मिश्र को आदर्श शिक्षक सम्मान

0
1

14वें रामपुर उत्सव का शुभारंभ मंगलवार को रामपुर बुजुर्ग स्थित श्री चंद्रिका शर्मा फूला देवी स्मृति सेवा ट्रस्ट परिसर में हुआ। दो दिवसीय आयोजन की शुरुआत दीप जलाकर की गई। इसमें प्रशासनिक अधिकारी, साहित्यकार और शिक्षाविद शामिल हुए। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार, हिंदी सेवी और मातृभाषा प्रहरी राहुल देव ने सातवां ग्राम स्वराज व्याख्यान दिया। ‘मीडिया का धर्म और मीडिया में धर्म’ विषय पर उन्होंने कहा कि करुणा, प्रेम और दया की भावना ही धर्म है। उन्होंने कहा कि आस्था को भुनाने की नहीं, समझने की जरूरत है। राहुल देव ने मीडिया की सामाजिक भूमिका, नैतिक जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर भी बात की। मुख्य विकास अधिकारी महराजगंज महेंद्र कुमार सिंह ने उद्घाटन वक्तव्य दिया और आयोजन की सराहना की। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विश्वंभरनाथ शर्मा ने स्वागत वक्तव्य दिया। इस मौके पर ‘गांव’ पत्रिका के 11वें अंक का लोकार्पण हुआ। शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए पीजी कॉलेज महराजगंज के पूर्व प्राचार्य और सिटीजन फोरम के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आरके मिश्र को आदर्श शिक्षक सम्मान दिया गया। छात्रा साक्षी और सान मोहम्मद को क्रमशः फूला देवी स्मृति और चंद्रिका शर्मा स्मृति प्रतिभा सम्मान मिला। दोनों विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र, किताबें और डॉ. शिप्रा शर्मा की ओर से 2-2 हजार रुपए दिए गए। प्राथमिक विद्यालय रामपुर बुजुर्ग की पांचवीं कक्षा के विद्यार्थी शिबा खान को डॉ. परशुराम गुप्ता की ओर से 5 हजार रुपए दिए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. वेदप्रकाश पाण्डेय ने की। संचालन डॉ. शांतिशरण मिश्र ने किया और डॉ. अमरनाथ ने धन्यवाद दिया। शाम 7:30 बजे ‘द लीजेंड्स ऑफ भगत सिंह’ फिल्म दिखाई गई। इस मौके पर सीजे थॉमस, डॉ. परशुराम गुप्ता, विंध्यवासिनी सिंह, सर्वेश मिश्रा, डॉ. ओपी श्रीवास्तव, संतोष तिवारी, पशुपतिनाथ गुप्ता, प्रो. हिमांशु कुमार, डॉ. पूनम वर्मा और एडवोकेट अक्षिता मिश्र सहित कई लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here